Friday 15 May 2020

प्रतियोगिता परीक्षा रीजनिंग : किसी भी दी गई तारीख का दिन पता करने की आसान विधि


Competition Exam Reasoning: Easy method to find the day of any given date



प्रतियोगी परीक्षाओं के रीजनिंग सेक्शन में एक सवाल यह पूछा जाता है कि फलां तारीख को कौन सा दिन या वार था।

जैसे पूछा जा सकता है कि आपका जन्मदिन 19 सितंबर 1967 को हुआ था तो बताइए इस तारीख को कौन सा दिन था?

इस प्रकार का प्रश्न भी हो सकता है कि भारत की आजादी की तारीख 15 अगस्त 1947 को कौन सा दिन था? आइए जानते हैं ऐसे प्रश्नों को हल करने की सरल और तेज विधि।

पहले 19 सितंबर 1967 का दिन पता करते हैं


कदम 1- सबसे पहले दिए गए सन की दहाई की संख्या लिखेंगें- 67
(नोट- यदि दिया गया सन 1999 तक का है तो दहाई की संख्या लिखते हैं और 1999 के बाद का है तो सैकड़ा की संख्या लिखते हैं। जैसे 2000 के लिए पहले कदम में 100 लिया जाएगा।)

कदम 2- जन्मदिन की तारीख लिखेंगे-  19

कदम 3- सन की संख्या में 4 का भाग देने पर जो भागफल आए उसे लिखें-  67/4= 16
(नोट- केवल भागफल यानी कोशेंट लिखना है, शेषफल यानी रिमेंडर को छोड़ देना है। 4 का भाग लीप वर्ष निकालने के लिए किया जाता है।)

कदम 4- सितंबर महीने का कोड लिखेंगे- 5
(नोट- महीनों का कोड जानने के लिए निम्न संख्या याद करें- 033 614 625 035 (जीरो तैंतीस-छह सौ चौदह-छह सौ पच्चीस- जीरो पैंतीस)। ये 12 अंक एक सामान्य वर्ष में 12 महीनों के कोड बताते हैं। अर्थात जनवरी का कोड 0, फरवरी-मार्च का 3, अप्रैल का 6 और इसी तरह से आगे। लीप वर्ष में बस जनवरी और फरवरी का कोड बदलता है। बाकी महीनों के कोड वही रहते हैं। लीप वर्ष में जनवरी का कोड 6 जबकि फरवरी का 2 हो जाता है।)

कदम 5- चारों कदमों की संख्याओं को जोड़ देंगे- 67+19+16+5 = 107

कदम 6- योग 107 में 7 का भाग देकर विषम दिन निकालेंगे। 107/7 में जो शेष आएगा वही विषम दिन होगा। विषम दिन आया- 2
(नोट- 7 का भाग विषम दिन निकालने के लिए करते हैं। विषम दिन वे होते हैं जो किसी संख्या में 7 का भाग देने पर शेषफल के रूप में बचते हैं।)

उत्तर- 

19 सितंबर 1967 को मंगलवार था।
(नोट- यदि विषम दिन 0 हो तो वह रविवार का संकेतक है, 1 हो तो सोमवार, 2 हो तो मंगलवार, 3 हो तो बुधवार, 4 हो तो बृहस्पतिवार, 5 हो तो शुक्रवार और 6 हो तो शनिवार का संकेतक है।)
0000

अब 15 अगस्त 1947 का दिन पता करते हैं


पहला कदम- (सन 1999 से पहले का है इसलिए दहाई का अंक)-           47
दूसरा कदम- (दी गई तारीख लिखते हैं)-                               15
तीसरा कदम- (सन की संख्या में 4 का भाग देने पर आया भागफल)-       11
चौथा कदम- (अगस्त महीने का कोड 033 614 625 035 से)-            02
पांचवां कदम- (पहले चार कदमों की संख्याओं का जोड़ 47+15+11+2)-      75
छठा कदम- (योग में 7 का भाग देकर विषम दिन निकालेंगे)-              05
उत्तर- 05 शुक्रवार का संकेतक है, इसलिए 15 अगस्त 1947 को शुक्रवार था।
00000

(नोट- अगर किसी प्रश्न में दिया गया वर्ष 1800 से 1904 तक का है तो इस पूरी विधि में सबसे अंत में आए योग में 2 और जोड़ेंगे। उसके बाद ही 7 का भाग देकर विषम दिन निकालेंगे।
  
- लव कुमार सिंह


#quiz #Exams2020 #Competition #Top #Reasoning

No comments:

Post a Comment