Sunday 20 June 2021

16 से 21 जून 2021 : जून के अंतिम पखवाड़े का नवीनतम सामान्य ज्ञान

Latest General Knowledge from Newspapers




  • भारत में एशिया का सबसे लंबा ऑटोमोटिव टेस्ट ट्रैक कहां बना है?
मध्य प्रदेश के इंदौर में एशिया के सबसे लंबे ऑटोमोटिव टेस्ट ट्रैक का 29 जून 2021 को उद्घाटन हो गया। इसकी लंबाई 11.3 किलोमीटर है। दुनियाभर के ट्रैकों में यह पांचवां सबसे लंबा ट्रैक है। इसके बनने से स्पीड टेस्टिंग के लिए ऑटो कंपनियों को अपने वाहन अमेरिका, यूरोप नहीं भेजने पड़ेंगे। साथ ही एशियाई देशों के वाहन भी टेस्टिंग के लिए यहीं पर आएंगे।
  • प्रोजेक्ट सीबर्ड क्या है? भारत का सबसे बड़ा नौसैनिक अड्डा कहां विकसित हो रहा है?
प्रोजेक्ट सीबर्ड 1985 में शुरू हुआ था। इसके पहले चरण में कर्नाटक के कारवार में नौसेना बेस आईएनएस कदंब का निर्माण हुआ। दूसरे चरण में 2015 में आईएनएस वज्रकोष नाम का स्टेशन नौसेना में शामिल हुआ। इन दोनों को मिलाने से यह भारत का सबसे बड़ा नौसेना बेस बन गया। अब भारत इस अड्डे को एशिया का सबसे बड़ा नौसैनिक अड्डा बनाने की योजना बना रहा है।
  • बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की स्मृतियों से जुड़े प्रमुख स्थल जैसे जन्मभूमि, दीक्षा भूूमि, परिनिर्वाण (मृत्यु) स्थल, चैत्य (समाधि) भूमि और मेमोरियल होम कहां हैं?
डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मभूमि मध्य प्रदेश के महू में, दीक्षा भूमि नागपुर में, परिनिर्वाण स्थल दिल्ली में, चैत्य भूमि मुंबई में और अंबेडकर मेमोरियल होम लंदन में है। अब लखनऊ में डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मारक एवं सांस्कृतिक केंद्र भी बनाया जा रहा है।
  • एकीकृत जिला शिक्षा सूचना प्रणाली की वर्ष 2019-20 की रिपोर्ट के अनुसार स्कूलों में छात्र-शिक्षक अनुपात कितना हो गया है?
29 जून 2021 को जारी इस रिपोर्ट के अनुसार स्कूली शिक्षा में छात्र-शिक्षक अनुपात (पीटीआर) 22-1 का हो गया है। अर्थात 22 छात्रों को पढ़ाने के लिए अब औसतन 1 शिक्षक मौजूद है। 2012-13 की रिपोर्ट में यह आंकड़ा 32-1 था। हायर सेकेंडरी स्तर पर यह अनुपात 26-1 हो गया है, जबकि 2012-13 में यह 40-1 था।
  • अयोध्या के लिए बनाई जा रही सप्तपुरी सर्किट में किन सात नगरों को आपस में जोड़ने की योजना है?
सप्तपुरी सर्किट में पुराणों में वर्णित सात मोक्षदायिनी नगरियों को आपस में जोड़ने की योजना है ताकि तीर्थयात्रा के इच्छुक लोगों को इनकी यात्रा करने में आसानी हो। ये सात नगर हैं अयोध्या, मथुरा, द्वारिका, काशी, हरिद्वार, उज्जैन और तमिलनाडु में स्थित कांचीपुरम।
  • दुनिया का पहला आपातकालीन टेलीफोन नंबर क्या था और कहां व कब शुरू हुआ?
विश्व का पहला आपातकालीन फोन नंबर 999 था और यह 30 जून 1937 को लंदन में शुरू हुआ था?
  • 30 जून को कौन सा दिवस मनाया जाता है?
30 जून को सोशल मीडिया दिवस मनाया जाता है। यह 2010 से मनाया जाना शुरू हुआ है। उस समय दुनिया में सोशल मीडिया के प्रभाव और वैश्विक संचार में इसकी भूमिका पर जोर देने के लिए यह दिवस मनाया गया था। दुनिया में पहला सोशल मीडिया प्लेटफार्म 1997 में 'सिक्सडिग्री' के नाम से लॉन्च हुआ था। 2001 में यह बंद हो गया था।
  • ग्रैंड ओल्ड मैन ऑफ इंडिया किसे कहा जाता है?
दादाभाई नौरोजी को ग्रैंड ओल्ड मैन ऑफ इंडिया कहा जाता है। 30 जून को उनकी पुण्यतिथि होती है। उनका जन्म 4 सितंबर 1825 और निधन 30 जून 1917 को हुआ था। शिक्षाविद, राजनीतिज्ञ और अर्थशास्त्री नौरोजी के प्रयासों से ही भारत और इंग्लैंड में संयुक्त रूप से सिविल सर्विस की परीक्षा शुरू हुई। वही पहले व्यक्ति थे जिन्होंने भारतीयों की बदहाल स्थिति और अंग्रेजों के शोषण को 'पावर्टी एंड अनब्रिटिश रूल इन इंडिया' पुस्तक के जरिये दुनिया के सामने उजागर किया। 1906 में कांग्रेस के कलकत्ता अधिवेशन में 'स्वराज्य' की वकालत करने वाले वे पहले व्यक्ति थे। 
  • 29 जून को सांख्यिकी दिवस (National Statistics Day) किसकी स्मृति में मनाया जाता है?
29 जून 1883 को जन्मे प्रसिद्ध विज्ञानी और सांख्यिकीविद प्रशांत चंद (पीसी) महालनोबिस की स्मृति में सांख्यिकीय दिवस मनाया जाता है। स्वतंत्र भारत के पहले मंत्रिमंडल में महालनोबिस सांख्यिकी सलाहकार थे। दूसरी पंचवर्षीय योजना का मसौदा तैयार करने में उनकी प्रमुख भूमिका थी। उन्होंने महालनोबिस दूरी का सिद्धांत दिया जो सांख्यिकी की एक माप के तौर पर स्थापित है। उन्होंने ही भारतीय सांख्यिकी संस्थान की स्थापना की। 28 जून 1972 को उनका निधन हो गया।

पीसी महालनोबिस
  • 28 जून को 2021 को भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों में एक साथ 63 पुल देश को समर्पित किए गए। ये पुल किसने बनाए हैं?
ये पुल सीमा सड़क संगठन (बार्डर रोड आर्गनाइजेशऩ-बीआरओ) ने बनाए हैं। बीआरओ की स्थापना 1960 को हुई थी। इसका आदर्श वाक्य है- श्रमेण सर्वम् साध्यम्।
  • भारत की मिसाइल ब्रिगेड में जून 2021 के अंत में कौन सी नई मिसाइल जुड़ गई है?
भारत की मिसाइल ब्रिगेड में नई जुड़ी मिसाइल का नाम है- अग्नि प्राइम। उड़ीसा के तट पर अब्दुल कलाम द्वीप (व्हीलर द्वीप) से इसका परीक्षण किया गया। अग्नि श्रेणी की मिसाइल का पहला परीक्षण 1989 में हुआ था। अब तक अग्नि मिसाइल के पांच संस्करण बन चुके हैं। यह छठा है। सबसे ज्यादा दूरी तक अग्नि-5 (5,200 किमी से ज्यादा) मार करती है।
  • भारत में जापानी जेन गार्डन और काइजेन अकादमी कहां स्थापित की गई हैं?
गुजरात में अहमदाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन के परिसर में जापानी जेन गार्डन और काइजेन अकादमी स्थापित की गई हैं।
  • जेन और काइजेन क्या हैं?
जापानी भाषा में जेन का शाब्दिक अर्थ 'ध्यान' है। इसकी शुरुआत महात्मा महाकश्यप ने की थी और यह बौद्ध धर्म का एक संप्रदाय है। यह जापान के योद्धा या सैनिक वर्ग सेमुराई का धर्म है। जेन को झेन भी कहते हैं। जापान में सुधार के लिए काइजेन शब्द का प्रयोग किया जाता है। यह सुधार निर्माण, सामान्य व्यावसायिक गतिविधियों या सामान्य जीवन का सुधार भी हो सकता है। इस प्रकार काइजेन हर क्षेत्र में सतत सुधार की व्याख्या और उपयोग पर निर्भर एक दर्शन या तरीकों को संदर्भित करता है।
  • प्रथम विश्व युद्ध में 28 जून की तारीख क्यों महत्वपूर्ण है?
28 जून 1919 को वर्साय की संधि हुई थी और इसी के साथ प्रथम विश्व युद्ध खत्म हो गया था। प्रथम विश्व युद्ध मित्र देशों (फ्रांस, रूस, ब्रिटेन, अमेरिका) और धुरी राष्ट्र या केंद्रीय शक्तियों (जर्मनी, आस्ट्रिया, हंगरी, ऑटोमन साम्राज्य,बुल्गारिया) के बीच हुआ था।
  • 'फाउंटेन ऑफ जॉय' भारत में कहां हैं और इसकी इन दिनों क्यों चर्चा हो रही है?
फाउंटेन ऑफ जॉय कोलकाता में विक्टोरिया मेमोरियल हॉल के सामने है। दुनिया के सबसे खूबसूरत 26 फव्वारों में कोलकाता के फाउंटेन ऑफ जॉय फव्वारे को भी शामिल किया गया है। इसे 1991 में आरपीजी समूह ने स्थापित किया था। इसे दुनिया के 'सर्वश्रेष्ठ डांसिंग फाउंटेन' का खिताब भी मिला है। इसमें हर मिनट 15800 लीटर पानी निकलता है और 25 मीटर की ऊंचाई तक जाता है।
  • दीपिका कुमारी किस खेल की खिलाड़ी हैं और इस माह उन्होंने क्या महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है?
दीपिका तीरंदाजी की खिलाड़ी हैं। उन्होंने पेरिस में खेले गए तीरंदाजी विश्वकप में 27 जून को एक ही दिन में तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
  • राष्ट्रीय गीत 'वंदेमातरम' की रचना किसने की थी और यह गीत उनके किस उपन्यास से लिया गया है?
वंदेमातरम की रचना बंकिम चंद्र चटर्जी ने की थी और यह उनके 1882 में प्रकाशित उपन्यास 'आनंदमठ' से लिया गया है। बंकिम चंद्र चटर्जी का जन्म 27 जून 1838 को हुआ था।
  • 27 जून की तारीख बैंकिंग क्षेत्र के लिए क्यों बहुत महत्वपूर्ण है?
27 जून 1967 को उत्तरी इंग्लैंड के एनफील्ड इलाके में स्थित बार्कलेज बैंक में दुनिया का पहला एटीएम लगाया गया था। भारत में पहला एटीएम 1987 में एसएसबीसी बैंक ने मुंबई में लगाया था। एटीएम का आविष्कार स्काटलैंड के जान शेफर्ड बैरन ने किया था।
  • अभी तक मनुष्य का सबसे नजदीकी पूर्वज 'निएंडरथल' को माना जाता है। लेकिन नई खोजों और शोध के बाद किसके मनुष्यों का सबसे नजदीकी पूर्वज होने की संभावना जताई जा रही है?
नई खोजों के बाद 'होमो लोंगी' या 'ड्रैगन मैन' के मनुष्यों का सबसे नजदीकी पूर्वज होने की संभावना जताई जा रही है। इसका सिर उत्तर-पूर्वी चीन के हार्बिन शहर में 2018 में मिला था। यह सिर कम से कम 1 लाख 46 हजार वर्ष पुराना बताया गया है।
  • एफएटीएफ (FATF) क्या है और पाकिस्तान इससे क्यों परेशान है?
एफएटीएफ का पूरा नाम है-फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स। हिंदी में इसे वित्तीय कार्रवाई कार्यबल कहा जा सकता है। यह आतंकी फंडिंग पर नजर रखने वाली वैश्विक संस्था है। इसका गठन 1989 में हुआ था। इसका मुख्यालय फ्रांस की राजधानी पेरिस में है। इसका उद्देश्य है कि अंतरराष्ट्रीय वित्तीय व्यवस्था साफ-सुथरी बनी रहे। मनी लॉन्ड्रिंग जैसी गतिविधियों पर रोक लगे और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धन की आवाजाही से आतंकवादियों को फंडिंग न हो। आतंकवादियों को पालने-पोसने के कारण एफएटीएफ ने 2018 से पाकिस्तान को ग्रे लिस्ट यानी निगरानी सूची में रखा हुआ है। किसी देश के ग्रे सूची में होने का मतलब है कि उसके लिए अंतराष्ट्रीय मुद्रा कोष, विश्व बैंक, यूरोपीय संघ और अन्य ऐसी ही अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थाओं से आर्थिक मदद नहीं मिलेगी। पाकिस्तान के अतिरिक्त उत्तर कोरिया और ईरान भी एफएटीएफ की ग्रे लिस्ट में शामिल हैं। एफएटीएफ समय-समय पर अपने फैसले की समीक्षा करता है। 25 जून 2021 को हुई ऐसी ही समीक्षा बैठक में एफएटीएफ ने एक बार फिर पाकिस्तान को ग्रे सूची में ही रखा है क्योंकि पाकिस्तान एफएटीएफ द्वारा प्रस्तुत सारी 27 शर्तों को पूरा नहीं कर पाया है।
  • स्मार्ट सिटी मिशन के तहत देश के सभी स्मार्ट शहरों में पहला स्थान किसने प्राप्त किया है?
25 जून 2021 को घोषित स्मार्ट सिटी अवार्ड-2020 के अनुसार स्मार्ट शहरों में पहला स्थान संयुक्त रूप से इंदौर और सूरत शहर को मिला है। प्रदेशों के बीच स्मार्ट सिटी विकसित करने में उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर आया है। मध्य प्रदेश और तमिलनाडु क्रमश दूसरे व तीसरे स्थान पर हैं। देश में 100 स्मार्ट सिटी विकसित हो रहे हैं। इनमें नौ शहरों (सूरत, इंदौर, अहमदाबाद, पुणे, विजयवाड़ा, राजकोट, विशाखापत्तनम, पिंपरी-चिंचवाड़ और बड़ोदरा) को चार सितारा रेटिंग हासिल है। इस पुरस्कार की स्वच्छता श्रेणी में  तिरुपति और इंदौर संयुक्त विजेता हैं। जल संरक्षण और पेयजल आपूर्ति में देहरादून और वाराणसी संयुक्त विजेता रहे हैं।
  • ब्रांड फाइनेंस की 'होटल्स-50 2021 रिपोर्ट' के अनुसार दुनिया का सबसे दमदार होटल ब्रांड कौन चुना गया है?
इस रिपोर्ट के अनुसार भारत का 'ताज ब्रांड' दुनिया का सबसे दमदार होटल ब्रांड चुना गया है। ताज होटल्स की श्रृंखला को टाटा समूह की कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड संचालित करती है। 2016 में ताज को 38वां स्थान मिला था।
  • 2030 तक भारत सौर ऊर्जा से कितने मेगावाट बिजली बनाने का लक्ष्य लेकर चल रहा है?
2030 तक भारत का लक्ष्य सौर ऊर्जा से 2.80 लाख मेगावाट बिजली बनाने का है।
  • रिलायंस इंडस्ट्रीज ने किस स्थान पर चीन जैसी या चीन से भी बड़ी सोलर पैनल निर्माण इकाई बनाने की घोषणा की है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने गुजरात के जामनगर में 5000 एकड़ में धीरूभाई अंबानी ग्रीन एनर्जी गीगा कॉम्पलैक्स बनाने की घोषणा की है। इसमें सौर ऊर्जा क्षेत्र के सारे उपरण व उनके कच्चे माल का भी निर्माण होगा। रिलायंस की योजना 2030 तक सौर ऊर्जा से 1 लाख मेगावाट बिजली बनाने की है।
  • रिजर्व बैंक ने शहरी सहकारी बैंकों के लिए नियमों में क्या बड़ा बदलाव किया है?
सहकारी बैंकों के लिए बने नए नियमों के अनुसार अब सांसद, विधायक और नगर निगमों के प्रतिनिधि शहरी सहकारी बैंकों के एमडी या पूर्णकालिक निदेशक नहीं बन सकेंगे। कारोबारी और किसी कंपनी में पर्याप्त दखल रखने वाला कोई व्यक्ति भी ये पद नहीं संभाल सकेगा। अब 35 से 70 वर्ष की आयु के पोस्ट ग्रेजुएट और वित्त विषयों में योग्यता रखने वाले व्यक्ति ही ये पद संभाल सकेंगे।
    • भारत में आपातकाल (इमरजेंसी) कब लगाया गया था?
    भारत में आपातकाल या इमरजेंसी 25 जून 1975 को लगाई गई थी। 26 जून की सुबह तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने इस संबंध में रेडियो पर घोषणा भी की। 2016 में इस रिपोर्ट में ताज को 38वां स्थान मिला था। 
    • भारत में इमरजेंसी किस राष्ट्रपति के हस्ताक्षर से लागू हुई थी?
    भारत में इमरजेंसी की घोषणा के आदेश पर तत्कालीन राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद ने हस्ताक्षर किए थे।
    • भारत में संविधान के किन प्रावधानों के तहत इमरजेंसी लगाई गई थी?
    भारतीय संविधान के अनुच्छेद 352 के तहत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने इमरजेंसी लागू की थी। संविधान के अनुच्छेद 352 से 360 सरकार को युद्ध, बाहरी आक्रमण, सशस्त्र विद्रोह, राज्यों में सांविधानिक तंत्र के विफल होने, वित्तीय आपातकाल जैसी स्थितियों में इमरजेंसी लागू करने की शक्ति देते हैं।
    • भारत में इमरजेंसी कितनी अवधि तक लागू रही?
    इमरजेंसी 25 जून 1975 से लागू होकर 21 मार्च 1977 तक रही। अर्थात कुल 21 महीने इमरजेंसी रही।
    • इमरजेंसी के दौरान प्रमुख रूप से क्या बदलाव देखने को मिले ?
    इमरजेंसी में चुनाव स्थगित हो गए। नागरिक अधिकार समाप्त कर दिए गए। सरकार के राजनीतिक विरोधियों को जेल में डाल दिया गया। प्रेस पर प्रतिबंध लगा दिया गया। आरएसएस और अन्य अनेक संगठनों पर प्रतिबंध लगा दिया गया। बड़े पैमाने पर पुरुष नसबंदी अभियान चलाया गया।
    • देश में इमरजेंसी लगने का तात्कालिक कारण कौन सी घटना बनी?
    उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा 12 जून 1975 को दिया गया एक फैसला इमरजेंसी लगने का तात्कालिक कारण बना। इस फैसल में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को चुनाव में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का दोषी पाया और उनका निर्वाचन रद्द कर दिया था। साथ ही उनके छह साल चुनाव लड़ने पर रोक भी लगा दी थी। इस फैसले के दो हफ्ते के भीतर ही इंदिरा गांधी ने देश में इमरजेंसी की घोषणा कर दी थी। इंदिरा गांधी के खिलाफ यह फैसला देने वाले न्यायाधीश जगमोहनलाल सिन्हा थे। उन्होंने यह फैसला समाजवादी नेता राजनारायण की याचिका की सुनवाई करने के बाद दिया था। राजनारायण 1971 के लोकसभा चुनाव में रायबरेली सीट से इंदिरा गांधी के खिलाफ लड़े थे और चुनाव हार गए थे। इंदिरा गांधी ने इस फैसले को मानने से इनकार करते हुए सर्वोच्च न्यायालय में अपील की घोषणा की, लेकिन उससे पहले ही 25 जून को देश में आपातकाल लागू कर दिया।
    • देश में इमरजेंसी समाप्त होने के बाद क्या बदलाव हुआ?
    इमरजेंसी समाप्त होने के बाद मार्च 1977 में लोकसभा के चुनाव हुए और देश में 30 वर्षों के बाद पहली बार कोई गैर कांग्रेसी सरकार (जनता पार्टी की सरकार) बनी। मोरारजी देसाई इस सरकार के प्रधानमंत्री थे।
    • मोरारजी देसाई की सरकार ने आपातकाल के दौरान लिए गए फैसलों की जांच के लिए कौन सा आयोग गठित किया?
    मोरारजी देसाई सरकार ने इसके लिए 'शाह आयोग' का गठन किया। लेकिन यह सरकार दो साल ही चल पाई और अपने अंतर्विरोधों के कारण 1979 में गिर गई।
    • संसद को संविधान में संशोधन करने की शक्ति संविधान का कौन सा अनुच्छेद देता है?
    संविधान के 368 के तहत संसद को संविधान में संशोधन का अधिकार मिला हुआ है।
    • आपातकाल के दौरान संविधान में सबसे बड़ा संशोधन क्या किया गया?
    आपातकाल के दौरान केंद्र सरकार ने संविधान में 42वां संशोधन किया जो 3 जनवरी 1977 से लागू हुआ। इसे कभी-कभी 'लघु संविधान' या 'इंदिरा गांधी का संविधान' भी कहा जाता है। इस संशोधन के तहत सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय की उन शक्तियों को कम करने का प्रयत्न किया गया जिनमें वे किसी कानून की संवैधानिकता की समीक्षा कर सकते हैं। इस संशोधन के जरिये न्यायपालिका की सभी महत्वपूर्ण शक्तियां छीनकर संसद को दे दी गईं। अब किसी भी आधार पर संसद के फैसले को न्यायालय में चुनौती नहीं दी जा सकती थी। सांसदों और विधायकों की सदस्यता को भी कोर्ट में चुनौती नहीं दी जा सकती थी। संसद का कार्यकाल भी 5 से बढ़ाकर 6 वर्ष किया गया। 
    • 42वें संविधान संशोधन के जरिये संविधान की प्रस्तावना में क्या बदलाव किया गया?
    संविधान की प्रस्तावना में समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता और अखंडता जैसे शब्द जोड़े गए। पहले संविधान में 'प्रभुत्व संपन्न लोकतांत्रिक गणराज्य' था जिसके स्थान पर 'प्रभुत्व संपन्न समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य' शब्द लाए गए। इसी के साथ 'राष्ट्र की एकता' के स्थान पर 'राष्ट्र की एकता और अखंडता' किया गया। बाद में जनता पार्टी की सरकार ने 43वें संविधान संशोधन के जरिये सर्वोच्च और उच्च न्यायालयों के अधिकार उन्हें वापस दिलाए। 44वें संविधान संशोधन में भी काफी चीजें इमरजेंसी से पहले जैसी की गईं, लेकिन प्रस्तावना में लाया गया बदलाव बरकरार रहा।
    • जान डेविड मैकफी किस चीज के लिए प्रसिद्ध हैं और इस समय उनकी चर्चा क्यों हो रही है?
    मैकफी ने दुनिया का पहला एंटीवायरस बनाया था। वे दुनियाभर में एंटीवायरस के गुरु माने जाते थे। वे एंटीवायरस सॉफ्टवेयर 'मैकफी' के निर्माता थे। 24 जून को वे स्पेन के बार्सिलोना में एक जेल में अपने सेल में मृत पाए गए। वे टैक्स चोरी के मामले में वांछित थे और कोर्ट ने उनके अमेरिका प्रत्यर्पण की मंजूरी थी। संभवतः उन्होंने जेल में आत्महत्या कर ली।
    • 20वीं सदी का दुनिया का सबसे बड़ा दानवीर किसे चुना गया है?
    20वीं सदी के दुनिया के सबसे बड़े दानवीर टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी टाटा चुने गए हैं। उन्होंने पिछली सदी में करीब 102 अरब अमेरिका डॉलर (करीब 7,563 अरब रुपये) दान किए। हुरुन रिपोर्ट और एडेलगिव फाउंडेशनकी एक सूची में इसका खुलासा किया गया है।
    • 'एपल डेली' कहां का अखबार था, जिसके बंद होने की खबर सारी दुनिया में चर्चा में रही?
    एपल डेली, हांगकांग का लोकप्रिय अखबार था। 24 जून 2021 को इसका आखिरी संस्करण निकला जिसकी देखते ही देखते 10 लाख से ज्यादा प्रतियां बिक गईं। चीन की तानाशाही सरकार की दमनकारी नीतियां इस अखबार के बंद होने का कारण रहीं। पिछले दिनों चीनी सरकार ने इस अखबार के प्रबंधन और संपादन से जुड़े शीर्ष व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया था।
    • 25 जून 1983 को भारतीय क्रिकेट टीम ने कपिल देव के नेतृत्व में वेस्टइंडीज को हराकर विश्व कप जीता था। फाइनल मैच में मैन ऑफ द मैच कौन रहा था?
    1983 के विश्व कप के फाइनल मैच में मोहिंदर अमरनाथ 'मैन ऑफ द मैच' रहे थे। उन्होंने 26 रन की पारी खेली और फिर 7 ओवरों में केवल 12 रन देकर तीन विकेट लिए। भारत ने पहले बल्लेबाजी करके 183 रन बनाए थे। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 140 रन पर ही ऑल आउट हो गई थी।
    • पहली वर्ल्ड टेस्ट क्रिकेट चैंपियनशिप किस देश ने जीती है?
    24 जून 2021 को इंग्लैंड के साउथैंप्टन में न्यूजीलैंड ने भारत को आठ विकेट से हराकर पहली वर्ल्ड टेस्ट क्रिकेट चैंपियनशिप जीत ली। भारत ने पहली पारी में 217 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने पहली बारी में 249 रन बनाकर 32 रन की लीड ली। भारतीय टीम दूसरी पारी में 170 रन ही बना सकी। इस प्रकार न्यूजीलैंड को जीत के लिए 139 रन बनाने का लक्ष्य मिला जो उसने दो विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। मैन ऑफ द मैच न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जेमिसन रहे। इस जीत से न्यूजीलैंड टीम को 12 करोड़ रुपये और टेस्ट गदा इनाम के रूप में मिली।
    • न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में भारतीय क्रिकेट टीम दूसरी पारी में 170 रन पर सिमट गई। 1974 में 24 जून को भारतीय टीम लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ 42 रन पर सिमट गई थी। लेकिन टेस्ट क्रिकेट में भारत का न्यूनतम स्कोर इससे भी कम है। वह क्या है?
    टेस्ट क्रिकेट में भारत का न्यूनतम स्कोर आस्ट्रेलिया के खिलाफ है। 2020 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ एडीलेड टेस्ट में भारत की टीम केवल 36 रन पर ऑल आउट हो गई थी। हालांकि पहली पारी में भारत ने 244 रन बनाए थे। वैसे टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम स्कोर का रिकार्ड न्यूजीलैंड के नाम है। 1955 में न्यूजीलैंड की टीम इंग्लैंड के खिलाफ केवल 26 रन पर आउट हो गई थी।
    • दिल्ली में खोले गए खेल विश्वविद्यालय का पहला कुलपति किसे बनाया गया है?
    देश की पहली महिला ओलंपिक पदक विजेता (भारोत्तोलन में) कर्णम मल्लेश्वरी को दिल्ली में खुले खेल विश्वविद्यालय की पहली कुलपति बनाया गया है।
    • 1947 में स्वतंत्र भारत के प्रथम सूर्योदय पर रेडियो से वंदेमातरम् का प्रसारण किया गया था। इस वंदेमातरम् का गान किसने किया था?

    वंदेमातरम् को पंडित ओंकारनाथ ठाकुर ने गाया था। उनका जन्म 24 जून 1897 को बड़ौदा में हुआ था। उनके गायन को सुनकर महात्मा गांधी ने कहा था कि पंडित जी अपनी एक रचना से जनसमूह को जितना प्रभावित कर सकते हैं, उतना मैं अनेक भाषणों से नहीं कर सकता।

    • टेनिस का सबसे लंबा मैच कब और कहां खेला गया था?

    2010 के विंबलडन टूर्नामेंट (लंदन ) में 24 जून को अमेरिका के जान इस्सर और फ्रांस के निकोलस महूत के बीच खिला गया मैच टेनिस टूर्नामेंट का सबसे लंबा मैच था। यह मैच कुल 11 घंटे पांच मिनट तक चला था। इसे इस्सर ने जीता था।

    • थिएटर कमांड क्या है और यह इन दिनों क्यों चर्चा में है?

    थिएटर कमांड (#TheaterCommand) का उद्देश्य सेना के सभी अंगों को बेहतर समन्वय के साथ काम करने के लिए तैयार करना है। इसका सबसे सही प्रयोग युद्ध के दौरान तब होता है जब तीनों सेनाओं के बीच तालमेल की जरूरत होती है। इसे हम संयुक्त कमांड भी कह सकते हैं। भारत में जब से तीन सेनाध्यक्षों के अतिरिक्त चीफ ऑफ स्टाफ का पद बना है, तब से थिएटर कमांड के गठन का काम जारी है। भारत में अभी तीनों सेनाओं के 17 एकल कमांड (थलसेना-7, वायुसेना-7, नौसेना-3)  हैं। इन सब को मिलाकर कम से कम छह थिएटर कमांड बनाए जा सकते हैं। अभी देश में केवल एक थिएटर कमांड है  जो 2001 में अंडमान निकोबार में बनी थी। बाकी थिएटर कमांड के गठन के लिए उच्च स्तर पर विचार-विमर्श जारी है।

    • ट्वायकथन क्या है और क्यों चर्चा में है?

    ट्वायकथन-2021 (#Toycathon 2021) भारत सरकार की एक प्रतियोगिता है, जो पांच जनवरी 2021 को शुरू हुई थी। इसे सरकार के शिक्षा, महिला व बाल विकास, सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम मंत्रालय समेत कई मंत्रालयों ने मिलकर शुरू किया था। भारत में खिलौना उद्योग को बढ़ावा देना ट्वायकथन का उद्देश्य है ताकि घरेलू बाजार के साथ ही  वैश्विक खिलौना बाजार में भारत की दमदार उपस्थिति हो सके। देश में लगभग 1.2 लाख प्रतिभागियों ने रजिस्ट्रेशन कराकर 17 हजार से अधिक नए विचार रखे। इनमें से 1567 विचारों को 22 से 24 जून तक होने वाले ऑनलाइन ट्वायकथन ग्रैंड फिनाले के लिए चुना गया।

    • ऑनलाइन शॉपिंग में फ्लैश सेल क्या है? उपभोक्ता मामलों का मंत्रालय इसके संबंध में क्या निर्णय लेने जा रहा है?

    केंद्र सरकार ने कंज्यूमर प्रोटेक्शन एक्ट में कुछ बदलाव करने का प्रस्ताव किया है ताकि ई-कॉमर्स प्लेटफार्म पर गलत तरीके से हो रही फ्लैश सेल्स (#FleshSale) और और मिस सेलिंग पर रोक लगाई जा सके। फ्लैश सेल में पहले से निर्धारित तारीख और समय पर कीमतों में काफी कमी की जाती है, भारी डिस्काउंट दिया जाता है या इसी प्रकार के अन्य ऑफर दिए जाते हैं। फ्लैश सेल के लिए एक समय दिया जाता है जैसे कि कोई कंपनी कहती है कि फलां दिन 12 बजे फलां मोबाइल की फ्लैश सेल होगी। इस पर ग्राहकों को 12 बजे से पहले तैयार होना पड़ता है और फिर 12 बजते ही एक-दो सेकेंड में ही खऱीदारी करनी होती। देरी करने पर सामान खत्म हो जाता है क्योंकि लाखों लोग उस उत्पाद को खरीदने के लिए उस समय पर ऑनलाइन मौजूद होते हैं। जब कोई ई-कॉमर्स कंपनी उत्पाद को गुमराह करने वाली सूचना देकर बेचती है तो उसे 'मिस सेलिंग' कहते हैं।

    • अगर कोरोना वायरस की उत्पत्ति चीन की लैब से हुई मानी जाती है तो एंथ्रैक्स बीमारी का वायरस किस देश की लैब से लीक हुआ था?

    एंथ्रैक्स बीमारी का वायरस रूस की लैब से लीक हुआ था। यह घटना 1979 में हुई थी लेकिन इसका पता 1990 में जाकर लगा था। एंथ्रैक्स एक घातक बीमारी है जो बैसिलस एंथ्रैक्स नामक वायरस से फैलती है। यह बीमारी पशुओं और फिर उनसे मनुष्यों में फैल सकती है। फ्लू जैसे लक्षणों के अतिरिक्त शरीर में जख्म होना, नाक-कान-मुंह आदि से रक्तस्राव होना इस बीमारी के प्रमुख लक्षण हैं।

    • गुपकार गठबंधन क्या है? इसमें गुपकार का क्या अर्थ है?

    गुपकार जम्मू-कश्मीर के एक राजनीतिक गठबंधन का प्रतिनिधित्व करने वाला शब्द है। इस गठबंधन का पूरा नाम है- पीपुल्स एलायंस फार गुपकार डिक्लेरेशन (पीएजीडी)। इसे ही आम भाषा में गुपकार गठबंधन (#GupkarAlliance) कहा जाता है। इसमें गुपकार शब्द इसलिए शामिल है क्योंकि श्रीनगर में गुपकार एक सड़क है जिस पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के मुखिया फारूख अब्दुल्ला का निवास स्थान है। यहीं पर 4 अगस्त 2019 को कश्मीर के 8 स्थानीय दलों ने बैठकर की थी। गुपकार गठबंधन जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 और 35ए, जम्मू-कश्मीर के संविधान और इसके राज्य के दर्जे को फिर से बहाल करने की मांग करता है। 

    • कांग्रेस से अलग होकर सुभाष चंद्र बोस ने कब और कौन सी पार्टी की स्थापना की थी?

    सुभाष चंद्र बोस ने 22 जून 1939 को कांग्रेस के अंदर ही 'फारवर्ड ब्लॉक' नाम से पार्टी बनाई। कुछ दिन बाद उन्हें कांग्रेस से निकाल दिया गया तो यह एक अलग पार्टी बन गई। 

    • चापेकर बंधु भारतीय इतिहास में किस घटना के लिए जाने जाते हैं?

    22 जून 1897 को चापेकर बंधुओं (विनायक हरि चापेकर और बालकृष्ण हरि चापेकर) ने पुणे के डीएम वाल्टर चार्ल्स रैंड और एक अन्य ब्रिटिश अधिकारी ले. एमहर्स्ट की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या का कारण यह था कि उस दौर में प्लेग फैला था और प्लेग समिति का प्रमुख रहने के दौरान रैंड ने भारतीयों पर बहुत अत्याचार किए थे। इन बंधुओं के एक भाई वासुदेव चापेकर भी थे जिन्होंने उस व्यक्ति की हत्या कर दी थी जिसने विनायक और बालकृष्ण को गिरफ्तार कराया था। तीनों भाइयों को अलग-अलग समय पर गिरफ्तार करके फांसी दे दी गई।

    • केशव महाराज किस देश के स्पिन गेंदबाज हैं, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक बनाने की उपलब्धि हासिल की है?

    केशव महाराज दक्षिण अफ्रीका की क्रिकेट टीम के खिलाड़ी हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दौरान लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट लेने का कारनामा किया।

    • फ्लेक्स फ्यूल इंजन क्या है और क्यों चर्चा में है?

    सरकार वाहन निर्माता कंपनियों के लिए यह अनिवार्य करने जा रही है कि वे गाड़ियों में फ्लेक्स फ्यूल इंजन (#FlexFuelEngine) दें। यह ऐसा इंजन होगा जिसमें पेट्रोल और एथनाल दोनों का प्रयोग किया जा सकेगा। एथनाल गन्ने से बनता है और पर्यावरण अनुकूल होने के साथ ही पेट्रोल से सस्ता भी है। इससे किसानों को भी फायदा होगा, साथ ही लोगों की जेब और देश के तेल आयात पर भी कम बोझ पड़ेगा। कुल मिलाकर फ्लेक्स फ्यूल इंजन भविष्य के वाहनों का इंजन होने जा रहा है।

    • इंग्लैंड में विश्व टेस्ट क्रिकेट फाइनल के दौरान 21वीं सदी का सबसे महान बल्लेबाज और गेंदबाज किसे घोषित किया गया? साथ ही 21वीं सदी का सबसे महान कप्तान किसे चुना गया?

    श्रीलंका के मुरलीधरन और भारत के सचिन तेंदुलकर को क्रमशः 21वीं सदी का सबसे महान गेंदबाज और बल्लेबाज चुना गया। 21वीं सदी का सबसे महान कप्तान आस्ट्रेलिया के स्टीव वॉ को चुना गया। उनकी कप्तानी में आस्ट्रेलियाई टीम 48 हफ्ते में से 46 हफ्ते शीर्ष पर रही। स्टीव ने 1999 से 2004 तक 57 टेस्ट मैचों में कप्तानी की, जिनमें 41 जीते, 9 हारे और 7 ड्रा रहे। 

    • 20 जून को दाहर बलिदान दिवस मनाया जाता है। ये दाहर कौन थे?

    दाहर आठवीं शताब्दी के भारत में सिंधु देश के प्रतापी राजा थे। उन्होंने अनेक वर्षों तक 14 बाहर देश की उत्तरी सीमा पर हो रहे विदेशी आक्रमणों को विफल किया था, लेकिन 711 ईस्वी में वे अरब आक्रमणकारी मोहम्मद बिन कासिम से पराजित हुए और मारे गए। उनकी हार के साथ ही भारत में विदेशी आक्रमणकारियों का प्रवेश सुनिश्चित हो गया और भारत का इतिहास हमेशा के लिए बदल गया।

    • 'आवारा मसीहा' किसकी जीवनी है और  इसे किसने लिखा था?

    आवारा मसीहा मशहूर उपन्यासकार शरतचंद्र चटोपाध्याय की जीवनी है और इसे विष्णु प्रभाकर ने लिखा था। 21 जून 1912 को जन्मे विष्ण प्रभाकर को 'अर्द्धनारीश्वर' के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार भी मिला था।

    • भारत के आखिरी वायसराय कौन थे?

    आखिरी वायसराय लॉर्ड माउंटबेटन थे। वे आजादी के बाद देश के पहले गवर्नर जनरल भी थे। उन्होंने 21 जून 1948 को गवर्नर जनरल के पद से त्यागपत्र दिया। उसके बाद सी. राजगोपालाचारी गवर्नर जनरल बने।

    • 21 जून को योग दिवस के अतिरिक्त और कौन सा अंतरराष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है?

    21 जून को योग दिवस के अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय संगीत दिवस भी मनाया जाता है। योग दिवस 21 जून 2015 को मनाया जाना शुरू हुआ था। योग दिवस को मनाए जाने का प्रस्ताव भारत के  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 सितंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन में किया था। इसके बाद संयुक्त राष्ट्र ने एक प्रस्ताव लाकर 21 जून को अंतराष्ट्रीय योग दिवस मनाने की घोषणा की। 21 जून वर्ष का सबसे बड़ा दिन भी होता है और योग भी मनुष्य को दीर्घ जीवन प्रदान करता है। 21 जून को ही मनने वाले विश्व संगीत दिवस को 'फेटे डी ला म्यूजिक' के नाम से भी जाना जाता है। इसका अर्थ है- म्यूजिक फेस्टिवल यानी संगीत का समारोह। इसकी शुरुआत फ्रांस में 1982 में हुई थी। इसे मनाने का उद्देश्य अलग-अलग तरीके से संगीत का प्रचार-प्रसार और मंझे हुए व नए कलाकारों को एक मंच पर लाना है।

    • खेलों में 'इंट्रा स्क्वॉड' का क्या अर्थ है?

    'इंट्रा स्क्वॉड' का अर्थ है- आपस में ही दो टीमें बनाकर अभ्यास मैच खेलना। भारतीय क्रिकेट टीम को इंग्लैंड में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप से पहले एक भी अभ्यास मैच खेलने को नहीं मिला तो ऐसे में भारतीय टीम ने आपस में ही दो टीमें बनाकर अभ्यास मैच खेला।

    • यूरोप कप फुटबाल टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकार्ड किसने बनाया है?

    पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो यूरो कप में सर्वाधिक 10 गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। यह 2021 के टूर्नामेंट का उनका पहला मैच था, इसलिए अभी उनके गोलों में काफी बढ़ोतरी होने की संभावना है।

    • गलवन घाटी कहां पर स्थित है और यह क्यों चर्चा में है?

    गलवन घाटी पूर्वी लद्दाख में स्थित हैं। यहां पर 15 जून 2020 को चीनी सैनिकों ने भारतीय सैनिकों पर धोखे से हमला कर दिया था जिसके फलस्वरूप दोनों तरफ के सैनिकों में हिंसक झड़प हुई। इसमें भारत के 20 जवान शहीद हो गए थे। भारतीय सैनिकों ने चीन के 40 से ज्यादा जवान मार गिराए। हालांकि चीन ने अंतराष्ट्रीय स्तर पर इस संख्या को स्वीकार नहीं किया।

    • सोने-चांदी के कारोबार में हॉलमार्किंग क्या होती है और यह क्यों चर्चा में है?

    केंद्र सरकार ने 15 जून 2021 से सोने के जेवरों और कलाकृतियों पर हॉलमार्किंग को अनिवार्य कर दिया है। इसके तहत सालाना 40 लाख से कम के आभूषणों की बिक्री करने वालो को अनिवार्य हॉलमार्किंग के दायरे से बाहर रखा गया है। हॉलमार्क सोने की शुद्धता का पैमाना होता है। इसके तहत सोने की हर ज्वैलरी पर भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस- ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड) अपने निशान यानी मार्क के जरिये शुद्धता की गारंटी देता है। हॉलमार्क अनिवार्य होने के बाद अब देश में केवल 14, 18 और 22 कैरेट के प्रमाणित स्वर्ण आभूषणों की बिक्री की अनुमति होगी।

    • रक्षा उत्पादन में सुधार को सरकार ने आर्डनेंस फैक्ट्री बोर्ड के प्रबंधन में क्या बदलाव किया है?

    सरकार ने आर्डनेंस फैक्टरी बोर्ड को पेशेवर मैनेजमेंट के साथ अलग-अलग 7 सरकारी कंपनियों में बांटने का फैसला किया है। इससे रक्षा उत्पादन क्षेत्र से जुड़ी इन कंपनियों को अधिक स्वायत्तता मिलेगी, जिससे इनकी कार्यक्षमता में सुधार होगा।

    • अमेरिका में स्थित स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी किस देश ने अमेरिका को तोहफे के रूप में दी थी?

    अमेरिका को फ्रांस ने तोहफे के रूप में स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी प्रदान की थी। 17 जून 1885 को यह फ्रांस से अमेरिका पहुंची थी। इसे 350 से अधिक टुकड़ों में भेजा गया था।

    • दुनिया का पहला किडनी ट्रांसप्लांट कब और कहां हुआ था?

    दुनिया का पहला किडनी ट्रांसप्लांट 17 जून 1950 को अमेरिका के शिकागो में एक 44 वर्षीय महिला रूथ टकर के शरीर में हुआ था। इसे डॉक्टर रिचर्ड लालर ने अंजाम दिया था।

    • दुनिया में 'बैटवूमैन' के नाम से किसे जाना जाता है?

    चीन की वाइरोलॉजिस्ट शी झेंगली को 'बैटवूमैन' के नाम से जाना जाता है। इन्होंने चमगादड़ों पर लंबा शोध किया है। ऐसा माना जाता है कि शी झेंगली ही कहीं न कहीं कोरोना वायरस को घातक बनाने और फैलाने की जिम्मेदार हैं।

    • सामान्य सर्दी-जुकाम का कारण बनने वाले वायरस का क्या नाम है?

    इस वायरस का नाम राइनोवायरस है।

    • फिल्म अभिनेत्री नीना गुप्ता ने अपनी आत्मकथा किस नाम से लिखी है?

    नीना गुप्ता की आत्मकथा का नाम है- 'सच कहूं तो'। इस पुस्तक में नीना गुप्ता ने वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर विवियन रिचर्ड्स के साथ बिना विवाह के बनाए गए प्रेम संबंधों और उन संबंधों से पैदा हुई बेटी, अपने फिल्मी सफर और अपने अन्य प्रेम प्रसंगों का जिक्र खासतौर से किया है।

    • रक्त में सीरम क्या होता है?

    सीरम हमारे रक्त का द्रव्य (रसीला) भाग होता है। यह रक्त का वह घटक है जिसमें रक्त कोशिकाएं और थक्का जमाने वाले कारकों का पूरी तरह अभाव होता है। दूसरे शब्दों में यह फ्राइब्रिनोजेन विहीन प्लाविका या रक्त प्लाज्मा है।

    • 17 जून को कौन सा अंतरराष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है?

    17 जून को विश्व रेगिस्तान तथा सूखा रोकथाम दिवस मनाया जाता है।

    • भारत में मिजोरम के निवासी जियानो चाना का 14 जून 2021 को निधन हो गया। वे किस बात के लिए चर्चित थे?

    जियोना चाना दुनिया के सबसे बड़े परिवार के मुखिया थे। उनकी 38 पत्नियां और 89 बच्चे हैं। 76 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया। दुनिया का सबसे बड़ा माना जाने वाला जियोना चाना का परिवार मिजोरम के पहाड़ी गांव बक्तावंग तलंगनुम में चार मंजिला इमार वाले सौ कमरों के घर में रहता है।

    • उत्तर प्रदेश में पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष कौन बनाए गए हैं?

    उत्तर प्रदेश में जसवंत सैनी को पिछड़ा वर्ग आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है।

    • ताइयो नो तमागो किस फल की एक किस्म का नाम है और यह क्यों चर्चा में है?

    ताइयो नो तमागो आम की एक किस्म है जो जापान के मियाजाकी शहर में पाई जाती है। इस किस्म का आम सुर्ख लाल रंग का होता है और इसे दुनिया का सबसे महंगा आम माना जाता है। इस किस्म के हर आम के रंग, वजन और उसमें शुगर की मात्रा का मानक तय होता है। इसका एक आम कम से कम 350 ग्राम का और उसमें शुगर 15 फीसदी से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए तापमान और सूर्य के प्रकाश की विशेष व्यवस्था की जाती है। जापानी भाषा में ताइयो नो तमागो का अर्थ होता है- सूर्य का अंडा। यह चर्चा में इसलिए है कि मध्य प्रदेश के जबलपुर के एक फार्म हाउस में इस किस्म के आम उगाने का दावा किया गया है, जिसकी कीमत दो लाख 70 हजार रुपये प्रति किलो हो सकती है। इस आम की रखवाली के लिए गार्ड भी तैनात किए गए हैं। हालांकि वैज्ञानिकों ने कहा है कि डीएनए मिलान के बाद ही वे कह सकते हैं कि जबलपुर में उगाया गया आम ताइयो नो तमागो है या नहीं।

    • गोवा की मुक्त के लिए किसने, कब आंदोलन शुरू किया था और गोवा को कब मुक्ति मिली?

    गोवा की मुक्ति के लिए राम मनोहर लोहिया ने 18 जून 1946 को आंदोलन शुरू किया था। गोवा को 1961 में जाकर पुर्तगालियों से आजादी मिली थी।

    • हल्दीघाटी का युद्ध कब और किसके बीच लड़ा गया था?

    हल्दीघाटी का युद्ध बादशाह अकबर और महाराणा प्रताप के बीच 18 जून 1576 को लड़ा गया था। इस युद्ध में दोनों तरफ के करीब 20 हजार सैनिक मारे गए थे। हालांकि इस युद्ध में किसकी जीत और किसकी हार हुई, इसे लेकर इतिहासकारों में मतभेद हैं।

    • आधुनिक बिहार का निर्माता किसे कहा जाता है?

    स्वतंत्रता सेनानी और बिहार के पहले उप मुख्यमंत्री (1946-57) अनुग्रह नारायण सिंह को आधुनिक बिहार का निर्माता कहा जाता है। उन्होंने महात्मा गांधी के चंपारण सत्याग्रह में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

    • कौन फिर से संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव बनाए गए हैं?

    एंटोनियो गुटेरेस संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव हैं। इससे पूर्व वे पुर्तगाल के प्रधानमंत्री थे। 18 जून 2021 को गुटेरेस को पांच साल के लिए फिर से संयुक्त राष्ट्र संघ का महासचिव चुना गया। उनका दूसरा कार्यकाल 1 जनवरी 2022 से शुरू होगा।

    • भारत का पहला संचार उपग्रह कौन सा था और यह कब लांच किया गया?

    भारत का पहला संचार उपग्रह एपल (एरियन पैसेंजर पेलोड एक्सपेरीमेंट) था। इसें 19 जून 1981 को यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के प्रक्षेपण यान एरियन-1 से भेजा गया था।

    • शिवसेना पार्टी का गठन किसने और कब किया था?

    शिवसेना का गठन कार्टूनिस्ट बाला साहेब ठाकरे ने 19 जून 1966 को किया था।

    • घोटालों से ध्वस्त हुए पंजाब एंड महाराष्ट्र को-ऑपरेटिव बैंक (पीएमसी) को अधिगृहीत करने की मंजूरी किस संस्थान को दी गई है?

    वित्तीय संस्थान सेंट्रम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड को रिजर्व बैंक ने पीएमसी का अधिग्रहण करने की मंजूरी दी है। साथ ही सेंट्रम को स्माल फाइनेंस बैंक का दर्जा भी दिया गया है। इससे बैंक में फिक्स्ड जमा रखने वाले हजारों ग्राहकों को जल्द उनकी रकम वापस मिलने का रास्ता खुल गया है।

    • एशिया का सबसे बड़ा गांव कौन सा है?

    उत्तर प्रदेश में गाजीपुर जिले का गहमर गांव एशिया का सबसे बड़ा गांव माना जाता है। बिहार सीमा से सटे इस गांव की आबादी करीब 1.20 लाख है। इसे सैनिकों का गांव भी कहा जाता है। पिछले दिनों यह इसलिए चर्चा में रहा क्योंकि यहां के लोगों ने यह प्रण लिया कि वे शवों को गंगा में नहीं बहाएंगे और निश्चित स्थान पर दाह संस्कार करेंगे।

    • 9000 और 9001 किस महत्वपूर्ण ट्रेन के दो कोचों के नंबर हैं?

    ये नंबर प्रेसिडेंशियल ट्रेन या प्रेसिडेंशियल सैलून के हैं, जिसे भारत के राष्ट्रपति इस्तेमाल करते हैं। 25 जूून 2021 को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने पैतृक गांव जाने के लिए दिल्ली से कानपुर की यात्रा इसी प्रेसिडेंशियल ट्रेन में की।

    • इब्राहिम रईसी किस देश के नए राष्ट्रपति चुने गए हैं?

    इब्राहिम रईसी, ईरान के नए राष्ट्रपति चुने गए हैं। वे हसन रूहानी की जगह राष्ट्रपति का पद संभालेंगे।

    • जयपुर कब और कैसे गुलाबी हुआ?

    ब्रिटिश शासनकाल में 1876 में वेल्स के राजकुमार (प्रिंस ऑफ वेल्स युवराज अल्बर्ट) और महारानी एलिजाबेथ भारत दौरे के दौरान जयपुर पहुंचे थे। तब पहली बार उनके स्वागत में जयपुर के भवनों को गुलाबी रंग में रंगा गया था। उसके बाद स्वागत के उस तरीके ने परंपरा और व्यवस्था का रूप ले लिया और जयपुर गुलाबी नगरी के रूप में प्रसिद्ध हो गया। 1876 में यह काम किया था उस समय के राजा सवाई राम सिंह ने। वैसे जयपुर की स्थापना आमेर के महाराजा सवाई जय सिंह द्वितीय ने की थी। हम जयपुर के गुलाबीपन की चर्चा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि उत्तर प्रदेश सरकार ने भी फैसला किया है कि उत्तर प्रदेश के शहरों में भी एकरूपता का ऐसा ही रंग नजर आए। भविष्य में यूपी के हर शहर में वहां के मुख्य मार्गों पर स्थित आवासीय और व्यावसायिक भवनों के बाहरी हिस्से वहां के विकास प्राधिकरण द्वारा तय रंग में ही रंगे जाएंगे।

    - लव कुमार सिंह


    ये पोस्ट भी जरूर पढ़ें....100 से ज्यादा प्रश्न और उनके उत्तर....

    • 1 से 15 जून 2021 : नवीनतम सामान्य ज्ञान के प्रश्न और उनके उत्तर

    https://stotybylavkumar.blogspot.com/2021/06/1-15-June-2021-Current-General-Knowledge.html

    No comments:

    Post a Comment