Wednesday 2 June 2021

किसी व्यक्ति के 'वीगन' हो जाने से क्या मतलब है? विराट कोहली का 'वीगन' होने से क्या संबंध है?

2 जून 2021- खबरों से निकला नवीनतम सामान्य ज्ञान

Latest General Knowledge, Which came out after reading the news



विराट कोहली ने ट्वीट किया है कि उन्होंने कभी 'वीगन' होने का दावा नहीं किया। क्या आप जानते हैं कि ये ‘वीगन’ होना क्या होता है? (What is Vegan Diet?)

वीगन का अर्थ है- ऐसा भोजन जिसमें किसी भी प्रकार का एनिमल उत्पाद शामिल नहीं हो। यानी जिसमें न मीट हो, न अंडा हो और न ही दूध व दूध से बने उत्पाद हों। इसे हम अल्ट्रा वेजिटेरियन और या शुद्ध शाकाहारी भी कह सकते हैं। मांसाहार से पर्यावरण को हो रहे नुकसान को देखते हुए दुनियाभर में काफी लोग वीगन आहार को अपना रहे हैं। वीगन सोसायटी स्थापना 1944 में हुई थी और तभी यह शब्द गढ़ा गया था। 2010 में संयुक्त राष्ट्र संघ ने एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी और कहा था कि वीगन डाइट हमारा भविष्य है।

.......

खबर है कि भारत और आस्ट्रेलिया के बीच जल्द होगी ‘टू प्लस टू’ वार्ता। क्या आप जानते हैं कि ‘टू प्लस टू’ वार्ता में कौन-कौन से मंत्री भाग लेते हैं? (What is two plus two talk?)

दोनों देशों के विदेश मंत्री और रक्षा मंत्री इस वार्ता में भाग लेते हैं। भारत अमेरिका और जापान के साथ इस प्रकार की वार्ता करता रहा है।

.......

आज यानी 2 जून को आधार कार्ड को जन्म देने वाले व्यक्ति का जन्मदिन है। क्या आप जानते हैं कि आधार कार्ड का जनक किसे कहा जाता है? (Who is called the father of Aadhar card?)

नंदन नीलेकणी को। नंदन नीलकेणी को 2009 में भारतीय विशिष्ट पहचान पत्र प्राधिकरण (आधार कार्ड बनाने वाला संस्थान) का अध्यक्ष बनाया गया था। उन्होंने इन्फोसिस के सीईओ और प्रबंध निदेशक का पद छोड़कर यह कार्यभार संभाला था।

.........

दिलीप कुमार और राजकपूर के पुस्तैनी घर पाकिस्तान में पुरातत्व विभाग के हवाले कर दिए गए हैं। क्या आप जानते हैं कि इन दोनों के ये घर पाकिस्तान में कहां पर स्थित हैं?

ये दोनों घर खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पेशावर में स्थित हैं। इन्हें वहां संग्रहालय में बदला जा रहा है।

............

‘वैचारिक समन्वय- एक व्यावहारिक पहल’ नाम की पुस्तक इन दिनों चर्चा में है। यह किसने लिखी है? (New Book)

इसे पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव के सलाहकार रहे डॉ. इफ्तिखार अहमद ने लिखा है। इस पुस्तक को राष्ट्रीय स्वसंयेवक संघ धार्मिक सद्भाव के अपने अभियान के तहत प्रस्तुत कर रहा है। इस पुस्तक में संघ-मुसलमान, मुसलमान-राजनीतिक दल, अयोध्या विवाद सहित मुस्लिम समाज से जुड़े अनेक पहलुओं को छूने की कोशिश की गई है।

...........

अलीगढ़ में जहरीली शराब से 87 लोगों की मौत हो गई। क्या आप जानते हैं शराब हमारे शरीर के किस अंग को सबसे ज्यादा प्रभावित करती है और जहरीली शराब क्या होती? (What is Poisonous Alcohol?)

शराब हमारे शरीर में लिवर पर सबसे बुरा प्रभाव डालती है। इसी के साथ यह हमारे दिमाग को भी धीमा करती है। शराब अगर जहरीली हो तो आंखों की रोशनी भी चली जाती है। कच्ची शराब या देसी शराब को अधिक नशीली बनाने के चक्कर में शराब जहरीली हो जाती है। इसे बनाने के लिए गुड़, शीरा का एक मिश्रण तैयार किया जाता है। फिर इसमें यूरिया और बेसरम की पत्ती डाली जाती है। शराब को अधिक नशीला बनाने के लिए इसमें ऑक्सिटोसिन भी मिलाया जाता है। कच्ची शराब में यूरिया और ऑक्सिटोसिन जैसे केमिकल मिलाने से मिथाइल एल्कोहल बन जाता है, जो शरीर के लिए बहुत हानिकारक होता है। इससे शरीर के कुछ अंदरूनी हिस्से काम करना बंद कर देते हैं और व्यक्ति की मौत हो जाती है। मिथाइल एल्कोहल या मेथनॉल की केवल 10 मिलीलीटर मात्रा शरीर में जाने से अंधापन हो सकता है।

.......

प्रसिद्ध वकील महेश जेठमलानी को केंद्र सरकार ने राज्यसभा में मनोनीत किया है। क्या आप जानते हैं कि राज्यसभा में कितने सदस्य मनोनीत होते हैं? (How many members are nominated in Rajya Sabha?)

राज्यसभा में कुल अधिकतम सदस्य संख्या 250 है। इनमें से 238 सदस्य विभिन्न राज्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं और 12 सदस्य मनोनीत होते हैं। राज्यसभा के सदस्यों का कार्यकाल 6 वर्ष का होता है। राज्यसभा संसद का स्थायी और उच्च सदन है।

.......

खबर है कि ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में चीन का रुख भारत के प्रति बदला हुआ नजर आया। क्या आप जानते हैं कि ब्रिक्स क्या है? (What is BRICS organization?)

ब्रिक्स उभरती अर्थव्यवस्थाओं वाले पांच देशों का संगठन है जिसमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। इन देशों के नाम के पहले अक्षरों को मिलाकर इसे ब्रिक्स (BRICS) कहा जाता है। इसकी स्थापना 2009 में हुई थी।

........

खबर छपी है- अलापन को आपदा प्रबंधन एक्ट के तहत नोटिस। क्या आप जानते हैं कि अलापन बंधोपाध्याय नाम के व्यक्ति इस वक्त क्यों चर्चा में हैं? (Why is Alapan Bandyopadhyay in the news?)

अलापन बंधोपाध्याय पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव थे। वे प्रधानमंत्री मोदी द्वारा बुलाई गई यास चक्रवात समीक्षा बैठक में उपस्थित नहीं हुए थे। बाद में वे सीएम ममता बनर्जी के साथ आए लेकिन तुरंत ही बैठक से चले गए। उन्हें सरकार ने वापस केंद्र में आने का आदेश दिया तो अलापन ने रिटायरमेंट ले लिया। अब केंद्र सरकार ने उन्हें नोटिस दिया है। आपदा प्रबंधन के इस कानून के तहत दोषी पाए जाने पर व्यक्ति पर जुर्माना या दो साल की सजा या दोनों से दंडित किया जा सकता है।

........

खबर है- भगोड़े मेहुल चोकसी का प्रत्यर्पण कराने में जुटी भारतीय टीम। क्या आप जानते हैं कि जिस देश डोमिनिका में मेहुल चोकसी मौजूद है, वो कहां पर स्थित है? (Where is the Republic of Dominica located?)

डोमिनिका गणराज्य, उत्तर अमेरिकी महाद्वीप में स्थित कैरेबियाई क्षेत्र का एक देश है। यहां की राजधानी रोसीयू है। 1978 में यह ब्रिटेन के नियंत्रण से अलग होकर स्वतंत्र देश बना था। क्रिकेट में जिसे हम वेस्टइंडीज के नाम से जानते हैं, डोमिनिका उसका भी हिस्सा है। वेस्टइंडीज संघ 1958 से 1962 तक अस्तित्व में रहा। हालांकि क्रिकेट में यह संघ जारी है और वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 15 देशों की अगुआई करता है। ये देश हैं- एंटिगा और बरमुडा, बारबाडोस, ग्रेनाडा, डोमिनिका, गुयाना, जमैका, सेंट किट्स व नेविस, सेंट लूसिया, सेंट विंसेंट एंड द ग्रेनेडाइंस, त्रिनिदाद एवं टोबैगो, एंग्विला, मोंटेसेराट, ब्रिटिश वर्जिन आईलैंड, यूएस वर्जिन।

..........

आज दो जून है। दो जून को लेकर एक मुहावरा है- दो जून की रोटी। क्या आप इसका अर्थ जानते हैं? (What is the meaning of the idiom - Do June Ki Roti?)

दो जून की रोटी का अर्थ है दो वक्त या समय की रोटी यानी सुबह और शाम का भोजन। यह अवधि भाषा का शब्द है जिसका अर्थ समय से है। इसे इस प्रकार से वाक्यों में प्रयोग किया जाता है- कड़ी मेहनत के बाद भी उसे दो जून की रोटी मयस्सर नहीं होती। यानी कड़ी मेहनत के बावजूद दो समय का खाना नसीब नहीं होता। एक और वाक्य देखिए- बहुत खुशकिस्मत होते हैं वे लोग जिन्हें दो जून की रोटी नसीब होती है। दो जून की रोटी पर कविताएं/शायरी भी लिखी गई हैं। जैसे- बेवजह ही मुस्कुराना, मुझे अश्क से बेहतर लगादो जून की रोटी कमाना, मुझे इश्क से बेहतर लगा।

- लव कुमार सिंह 

No comments:

Post a Comment