Thursday 3 June 2021

शुक्र सबसे गर्म ग्रह और पृथ्वी की बहन क्यों कहलाता है?

4 जून 2021- खबरों से निकला सामान्य ज्ञान

Latest General Knowledge, Which came out after reading the news


नूतन

खबर है- नई स्वदेशी वैक्सीन की 30 करोड़ डोज जल्द। क्या आप जानते हैं कि ये नई स्वदेशी वैक्सीन कौन बना रहा है? (#NewIndigenousVaccine)

भारत में इस समय दो वैक्सीन बन रही हैं। एक स्वदेशी वैक्सीन भारत बायोटैक और आईसीएमआर की कोवैक्सीन है, दूसरी विदेशी वैक्सीन ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका की कोविशील्ड है जिसे पुणे का सीरम इंस्टीट्यूट बना रहा है। अब भारत में बनने वाली तीसरी और देश की दूसरी स्वदेशी वैक्सीन हैदराबाद की कंपनी बायोलॉजिकल ई बनाने जा रही है। इस वैक्सीन के दो ट्रायल सफल हो चुके हैं। तीसरे ट्रायल के बाद यह वैक्सीन भारत में बनने शुरू हो जाएगी।

.............

टीईटी यानी टीचर्स इलेजिबिलिटी टेस्ट के संबंध में सरकार ने एक बड़ा बदलाव किया है। क्या आप जानते हैं कि यह बदलाव क्या है? (#TET)

अभी तक टीईटी के पात्रता प्रमाण पत्र की वैधता सात वर्ष थी। इसके बाद फिर से परीक्षा देनी होती थी। लेकिन अब सरकार ने घोषणा की है कि एक बार टीईटी का पात्रता प्रमाण पत्र पाने के बाद दोबारा परीक्षा नहीं देनी होगी। यह प्रमाणपत्र आजीवन मान्य रहेगा।

................

खबर है- अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने शुक्र ग्रह के अनसुलझे रहस्यों से पर्दा उठाने के लिए दो अंतरिक्ष यान भेजने का ऐलान किया है। क्या आप जानते हैं कि नासा शुक्र का क्या राज जानना चाहता है? (#Venus)

नासा ने दो मिशन दाविंसी प्लस और वेरीतास भेजने का ऐलान किया है। ये पता लगाएंगे कि शुक्र इतना गर्म क्यों है। जैसा कि हम जानते हैं कि हमारे सौरमंडल का सबसे गर्म ग्रह शुक्र है। हालांकि बुध, सूर्य के सबसे पास है। इससे ऐसा लगता है कि बुध सबसे गर्म होगा, लेकिन ऐसा नहीं है। शुक्र ग्रह का औसत तापमान 471 डिग्री सेंटीग्रेट है। अभी तक जो पता चला है उसके अनुसार शुक्र के गर्म होने का कारण उसका घना वायुमंडल है जो मुख्यतः कार्बन डाइऑक्साइड और सल्फ्यूरिक एसिड की बूंदों के बादलों से बना है। इसका वायुमंडल पृथ्वी के वायुमंडल से 100 गुना अधिक घना है। इससे यहां की ज्यादातर गर्मी पुनः वायुमंडल के बाहर प्रसारित नहीं हो पाती है। नासा का अभियान इस बारे में और जानकारियां जुटाएगा। लगभग समान आकार, लगभग समान दृव्यमान और लोहे से निर्मित कोर के कारण शुक्र को पृथ्वी की बहन भी कहा जाता है। शुक्र का एक दिन पृथ्वी के 243 दिनों के बराबर होता है। ऐसा इसलिए क्योंकि शुक्र अपनी धुरी पर बहुत धीरे घूमता है।

...............

चार जून 1936 को फिल्म अभिनेत्री नूतन का जन्म हुआ था। नूतन ने मिस इंडिया का खिताब भी जीता था। क्या आप जानते हैं कि नूतन ने किस वर्ष यह खिताब जीता? (#Nutan)

नूतन ने 1952 में मिस इंडिया का खिताब जीता था। उन्होंने 9 वर्ष की उम्र में पहली बार फिल्म 'नल दमयंती' में बाल कलाकार की भूमिका निभाकर अपना फिल्मी सफर शुरू किया था। 

............

1917 में 4 जून से ही पुलित्जर पुरस्कार दिए जाने शुरू हुए। क्या आप जानते हैं कि पुलित्जर पुरस्कार किस क्षेत्र में दिए जाते हैं? (#PulitzerPrize)

पुलित्जर पुरस्कार संयुक्त राज्य अमेरिका का एक प्रमुख पुरस्कार है। यह पत्रकारिता, साहित्य और संगीत रचना के क्षेत्र में दिया जाता है। इसकी स्थापना हंगरी मूल के अमेरिकी प्रकाशक जोसेफ पुलित्जर ने की थी। कोलंबिया विश्वविद्यालय इस पुरस्कार को देने का काम करता है। इस पुरस्कार के तहत विजेता को प्रमाणपत्र के साथ 15 हजार डॉलर (करीब 11 लाख रुपये) मिलते हैं। अमेरिकी पत्रकारिता में पुलित्जर को सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार माना जाता है। पत्रकारिता में ये पुरस्कार कुल 21 श्रेणियों में मिलते हैं। 2021 में भारतीय मूल की अमेरिकी पत्रकार मेघा राजगोपालन को भी चीन के हिरासत केंद्रों की सच्चाई उजागर करने के लिए यह पुरस्कार मिला है।

...........

क्या आप जानते हैं कि थ्येनआनमन चौक कहां है और किस लिए चर्चित है? (#TiananmenSquare)

थ्येनआनमन चौक चीन की राजधानी बीजिंग में स्थित है। 4 जून 1989 को यहां पर लोकतंत्र समर्थकों ने सबसे बड़ा विरोध प्रदर्शन किया था। इसे दबाने के लिए सरकार ने सेना बुला ली थी। सैन्य कार्रवाई में 10 हजार से ज्यादा लोग मारे गए थे।

............

खबर छपी है- वैक्सीन के मामले में सैद्धांतिक रूप से 'मिक्स एंड मैच' के पक्ष में हैं विशेषज्ञ। क्या आप जानते हैं कि ये 'मिक्स एंड मैच' क्या है? (#Vaccine #MixandMatch)

मिक्स एंड मैच का अर्थ है कि वैक्सीन की दोनों डोज, दो अलग-अलग कंपनियों की लगाई जाएं। लैसेंट पत्रिका में स्पेनिश वैज्ञानिकों का शोध छपा है जिसके अनुसार जिन लोगों को कोविशील्ड की पहली डोज के बाद फाइजर की वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई, उनमें एंटीबाडी का स्तर उन लोगों से अधिक था, जिन्हें दोनों डोज कोविशील्ड की दी गई थीं।
.......

- लव कुमार सिंह 

No comments:

Post a Comment