Monday 14 June 2021

1 से 15 जून 2021 : नवीनतम सामान्य ज्ञान के प्रश्न और उनके उत्तर

1st to 15th June 2021: Latest General Knowledge Questions and their Answers 


प्रतियोगी परीक्षाओं, इंटरव्यू और केबीसी के लिए बेहद उपयोगी करीब 100 प्रश्न और उनके उत्तर



  • एल्डरलाइन प्रोजेक्ट किस राज्य में शुरू हुआ है और यह क्या है?

एल्डरलाइन प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश में शुरू किया गया है। यह बुजुर्ग लोगों की मदद के लिए शुरू किया गया है। इस प्रोजेक्ट के तहत एक टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14567 जारी किया गया है, जिस पर फोन करके 60 वर्ष से ऊपर का कोई भी बुजुर्ग फोन करके मदद मांग सकता है। इस पर जानकारी मिलते ही बुजुर्गों तक मदद पहुंचाई जाती है।
  • अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने शुक्र ग्रह के अनसुलझे रहस्यों से पर्दा उठाने के लिए दो अंतरिक्ष यान भेजने का ऐलान किया है। नासा शुक्र का क्या राज जानना चाहता है?
नासा ने दो मिशन दाविंसी प्लस और वेरीतास भेजने का ऐलान किया है। ये पता लगाएंगे कि शुक्र इतना गर्म क्यों है। जैसा कि हम जानते हैं कि हमारे सौरमंडल का सबसे गर्म ग्रह शुक्र है। शुक्र ग्रह का औसत तापमान 471 डिग्री सेंटीग्रेट है। अभी तक जो पता चला है उसके अनुसार शुक्र के गर्म होने का कारण उसका घना वायुमंडल है जो मुख्यतः कार्बन डाइऑक्साइड और सल्फ्यूरिक एसिड की बूंदों के बादलों से बना है। इसका वायुमंडल पृथ्वी के वायुमंडल से 100 गुना अधिक घना है। इससे यहां की ज्यादातर गर्मी पुनः वायुमंडल के बाहर प्रसारित नहीं हो पाती है। लगभग समान आकार, लगभग समान दृव्यमान और लोहे से निर्मित कोर के कारण शुक्र को पृथ्वी की बहन भी कहा जाता है।
  • विश्व रक्तदाता दिवस कब और क्यों मनाया जाता है?
विश्व रक्तदाता दिवस के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 14 जून का दिन तय किया है। यह दिन इसलिए क्योंकि इस दिन एबीओ रक्त समूह प्रणाली की खोज करने वाले वैज्ञानिक कार्ल लैंडस्टेनर का जन्मदिन होता है।
  • सीपीआर (CPR) का पूरा नाम क्या है और यह क्यों चर्चा में है?
सीपीआर का पूरा नाम है- कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन है। यह एक जीवनरक्षक तकनीक है, जो दिल का दौरा पड़ने, दिल की घुटना, बिजली के झटके या डूबने की स्थिति में किसी व्यक्ति की सांसें लौटाने के लिए इस्तेमाल की जाती है। 13 जून को यूरो कप फुटबाल टूर्नामेंट में डेनमार्क के खिलाड़ी क्रिस्टियन एरिक्सन, फिनलैंड के खिलाफ मैच के दौरान अचानक मैदान पर गिर गए और उनके दिल ने धड़कना बंद कर दिया। ऐसे में सीपीआर और अन्य तकनीकों की मदद से उनकी सांस सफलतापूर्वक लौटाई गई।
  • इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच जून 2021 में खेली गई दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला किसने जीती?
यह श्रृंखला न्यूजीलैंड ने 1-0 से जीती। उसने दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड को आठ विकेट से हरा दिया। न्यूजीलैंड के मैट हेनरी और नील वैगनर (दोनों 3-3 विकेट) मैन ऑफ द मैच रहे।
  • क्रिकेटर सुरेश रैना द्वारा लिखी गई आत्मकथा का क्या नाम है?
सुरेश रैना की आत्मकथा का नाम है- 'बिलीव'।
  • आम की 'जरदालु' किस्म विशेष रूप से  कहां पाई जाती है, जिसका निर्यात अब विदेशों में किया जा रहा है?
जरदालु आम बिहार में भागलपुर क्षेत्र की पहचान है। इसके लिए इसे जियोग्राफिकल  आइडेंटिफिकेशन (जीआई टैग) यानी विशिष्ट भौगोलिक पहचान चिह्न भी मिला हुआ है।
  • कर्ज लेने के मामले में 'लोन मोरेटोरियम' क्या होता है?
लोन यानी ऋण (कर्ज) और मोरेटोरियम का अर्थ है- स्थगन। इस  प्रकार लोन मोरेटोयिरम का अर्थ हुआ कि किसी घोषित अवधि में कर्ज लेने वाले को मासिक किस्त चुकाने की आवश्यकता नहीं है। कोरोना काल में यह शब्द हमें काफी सुनाई दिया क्योंकि कोरोना की पहली लहर के दौरान लोन मोरेटोरियम अवधि बढ़ाने की सुविधा रिजर्व बैंक द्वारा दी गई थी। इसे 'ईएमआई हॉलीडे' भी कहा जाता है।
  • जी 7 समूह क्या है और इसमें कौन-कौन से देश शामिल हैं?
जी-7 समूह दुनिया की सात सबसे बड़ी, विकसित और उन्नत अर्थव्यवस्थाओं वाले देशों का समूह है। इसमें अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, कनाडा, जापान, जर्मनी और इटली शामिल हैं। जी समूह की पहली बैठक 1975 में फ्रांस में हुई थी। तब यह छह देशों का समूह था। अगले साल यानी 1976 में इसमें कनाडा भी शामिल हो गया। 1977 से इस समूह के शिखर सम्मेलन में यूरोपीय संघ भी प्रतिनिधित्व करता है। 2021 का सम्मेलन ब्रिटेन के कार्बिस बे में हुआ। इसमें जी-7 समूह की तरफ से गरीब देशों को कोरोना वैक्सीन की एक अरब खुराक देने की प्रमुख घोषणा की गई। 1997 में रूस को जी-7 समूह में शामिल किया गया था। तब यह जी-8 समूह बन गया। 2014 में क्रीमिया विवाद के कारण रूस को इस समूह से निकाल दिया गया और यह फिर से जी-7 समूह हो गया। अतिथि के रूप में अपने संबोधन में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सम्मेलन में नारा दिया- वन अर्थ, वन हेल्थ। इसके तहत उन्होंने दुनिया के हर नागरिक के लिए एक जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं होने  की बात रखी। जी-7 एक नई परियोजना 'बिल्ड बैक बेटर वर्ल्ड' (बी2डब्लू) की भी घोषणा की। इसके तहत विकासशील देशों में 2035 तक 40 ट्रिलियन डॉलर की राशि खर्च की जाएगी।
  • जीईआर (GER) क्या है और इससे क्या पता चलता है?
जीईआर का पूरा नाम है ग्रॉस एनरोलमेंट रेशियो यानी सकल नामांकन अनुपात है। इससे उच्च शिक्षा के प्रति छात्रों के रुझान के बारे में पता चलता है। 10 जून 2021 को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार उच्च शिक्षा में छात्रों का जीईआर बढ़कर अब 27.1 प्रतिशत हो गया है। ये आंक़ड़े केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की ओर से जारी अखिल भारतीय उच्च शिक्षा सर्वेक्षण (एआईएसएचई) की 2019-20 की रिपोर्ट में दिए गए हैं। इन आंकड़ों के अनुसार 2014-15 में देश में उच्च शिक्षा का सकल नामांकन अनुपात 24.3 प्रतिशत था जो अब 27.1 प्रतिशत हो गया है। इनमें  छात्रों का जीईआर 26.9 प्रतिशत जबकि छात्राओं का जीईआर 27.3 प्रतिशत है। जीईआर के आंकलन के लिए  उच्च शिक्षा के योग्य 18 से 23 वर्ष की उम्र की कुल आबादी और उच्च शिक्षा में पढ़ाई कर रहे छात्रों की संख्या के अनुपात को लिया जाता है। उच्च शिक्षा में सबसे कम जीईआर बिहार का (14.5 प्रतिशत) है।  सबसे अधिक जीईआर (53.9 प्रतिशत) सिक्किम का है। उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्र-शिक्षक औसत 26 छात्रों पर 1 शिक्षक का है, जबकि पहले यह 18 छात्रों पर 1 शिक्षक का था। सबसे ज्यादा कॉलेज उत्तर प्रदेश में हैं। 
  • इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश कौन बनाए गए हैं?
इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजय यादव बनाए गए हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें 10 जून 2021 को इस पद पर नियुक्त किया है। 12 जून को उन्होंने पदभार संभाल लिया। संजय यादव से पहले गोविंद माथुर इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश थे।
  • 2016 में दुनिया के सामने आई रोबोट सोफिया किस देश की नागरिक है और अब कोरोना काल में पेश की गई सोफिया की बहन का क्या नाम है? 
2016 में रोबोट सोफिया को सऊदी अरब ने अपना नागरिक घोषित किया था। अब कोरोना काल में 2021 में रोबोट सोफिया को बनाने वाली हांगकांग की कंपनी हैनसन रोबोटिक्स ने सोफिया की बहन 'ग्रेस' को प्रस्तुत किया है। ग्रेस एक हेल्थ वर्कर या नर्स रोबोट है, जो नीले रंग की ड्रेस पहने हुए है।  इसे कोरोना काल में मरीजों की देखभाल के लिए बनाया गया है।
  • एफटीए की पूरा नाम क्या है और इसका क्या मतलब है?
एफटीए का पूरा नाम 'फ्री ट्रेड एग्रीमेंट' या मुक्त व्यापार समझौता है। विभिन्न देशों के बीच व्यापार को उदार बनाने के लिए मुक्त व्यापार समझौता किया जाता है। इसके तहत एक-दूसरे के यहां से आयात-निर्यात होने वाली वस्तुओं पर सीमा शुल्क, सब्सिडी, नियामक कानून, ड्यूटी, कोटा और कर को सरल बनाया जाता है। इस समझौते से दो देशों में उत्पादन लागत बाकी के देशों की तुलना में काफी सस्ती होती है। 
  • भारत के किस शिक्षण संस्थान ने 2022 की रैंकिंग में शोध के क्षेत्र में दुनियाभर में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है? 
भारतीय विज्ञान संस्थान बेंगलुरु (आईआईएससी) ने शोध के क्षेत्र में दुनियाभर के शिक्षण संस्थानों में पहला स्थान हासिल किया है। इस संस्थान को यह स्थान क्वाक्वारेली साइमंड्स (क्यूएस) वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग-2022 में मिला है। शोध के क्षेत्र की इस सूची में आईआईटी गुवाहाटी भी 41वें स्थान पर रहा है। उधर, ओवरऑल रैंकिंग में दुनिया के शीर्ष 200 शिक्षण संस्थानों में तीन भारतीय संस्थानों आईआईटी मुंबई (177वां स्थान), आईआईटी दिल्ली (185वां स्थान) और आईआईएससी (186वां स्थान) ने जगह बनाई है।
  • 10 जून को कौन सा अंतरराष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है?
10 जून को विश्व भूगर्भ जल दिवस मनाया जाता है। भूजल या भूगर्भिक जल धरती की सतह के नीचे चट्टानों के कणों के बीच के अंतरकाश या रंध्राकाश में मौजूद जल को कहते हैं। सामान्यतः धरातलीय जल से अंतर दिखाने के लिए इस शब्द का प्रयोग सतह से नीचे स्थित जल के रूप में होता है तो इसमें मृदा जल को भी शामिल किया जाता है।
  • रिंग ऑफ फायर क्या है?
रिंग ऑफ फायर एक घटना का नाम है जो सूर्यग्रहण के दौरान घटती है। रिंग ऑफ फायर यानी आग का छल्ला। यह वलयाकार सूर्यग्रहण के दौरान होती है। वलयाकार सूर्यग्रहण तब होता है जब सूर्य, चंद्रमा और पृथ्वी एक सीधी रेखा में आते हैं और चंद्रमा, पृथ्वी और सूर्य के बीच में होता है। हालांकि चंद्रमा छोटा होता है, इसलिए सूर्य को पूरी तरह ढक नहीं पाता है। इससे सूर्य के किनारे आग के छल्ले की तरह नजर आते हैं। इस घटना से कुछ समय के लिए एक विशेष इलाके में अंधेरा छा जाता है। 10 जून 2021 को इसी प्रकार का सूर्यग्रहण पड़ा। 
  • राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का नया अध्यक्ष किसे बनाया गया है? 
सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश अरुण कुमार मिश्रा को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने 2 जून 2021 को अपना पद संभाला है। इससे पहले पूर्व मुख्य न्यायाधीश एलएल दत्तू आयोग के अध्यक्ष थे।
  • फुटबाल के किस खिलाड़ी ने अपने देश की टीम के लिए खेलते हुए सबसे ज्यादा गोल का रिकार्ड बनाया हैं?
यह रिकार्ड भारत के फुटबाल खिलाड़ी सुनील छेत्री के नाम है। वे भारत के लिए खेलते हुए विभिन्न टीमों के खिलाफ 74 गोल कर चुके हैं। अर्जेंटीना के लियोन मेसी अपने देश के लिए 72 गोल करके दूसरे स्थान पर हैं। 
  • वीआरएस की फुल फार्म क्या है और यह क्या है?
वीआरएस का अर्थ है- वालंटरी रिटायरमेंट स्कीम यानी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति योजना। भारत में औद्योगिक विवाद अधिनियम 1947 में इसका प्रावधान किया गया है। इसके अनुसार कर्मचारियों की छंटनी, कंपनी को बंद करने या कर्मचारी स्टाफ को कम करने के उद्देश्य से ऐसी योजना लाई जा सकती है। इस योजना में सरकारी या निजी कर्मचारियों की सहमति से उन्हें एकमुश्त रकम देकर सेवानिवृत्त किया जाता है। कुछ समय पहले बीएसएनएल (भारत संचार निगम लिमिटेड) में वीआरएस योजना लाई गई थी। अब सरकार कुछ सरकारी बैंकों के निजीकरण की तैयारी कर रही है। इन बैंकों द्वारा भी अपने कर्मचारियों के लिए वीआरएस योजना लाने की खबरें आ रही हैं।
  • देश की पहली सीएनजी मोबाइल रिफ्यूलिंग यूनिट (एमआरयू) कहां पर शुरू की गई है?
देश की पहली सीएनजी (कम्प्रेस्ड नैचुरल गैस) मोबाइल रिफ्यूलिंग यूनिट (एमआरयू) महाराष्ट्र के रायगढ़ में खोली गई है। एमआरयू की शुरुआत से देश के विभिन्न हिस्सों में बिना पाइपलाइन के भी गाड़ियों में सीएनजी भरने की सुविधा दी जा सकेगी। जल्द ही यह सुविधा देश के विभिन्न स्थानों पर हाउसिंग सोसायटीज और दफ्तरों के नजदीक मिलने लगेगी। एक एमआरयू में 1,500 किग्रा तक सीएनजी होती है जिससे रोज 150 से 200 वाहनों के सीएनजी टैंक पूरी तरह भरे जा सकते हैं।
  • आशीष लता रामगोबीन कौन हैं और क्यों चर्चा में हैं?
56 वर्षीय आशीष लता रामगोबिन, महात्मा गांधी की प्रपौत्री (पड़पोती) हैं। इन्हें धोखाधड़ी और जालसाजी के एक मामले में दक्षिण अफ्रीका के डरबन की एक अदालत ने सात साल जेल की सजा सुनाई है। इन पर एक व्यापारी ने भारत से आयात और कस्टम ड्यूटी को मैनेज करने के नाम पर 62 लाख रैंड (करीब 3.23 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप लगाया था।
  • संयुक्त राष्ट्र संघ के छह प्रमुख अंग कौन से हैं?
संयुक्त राष्ट्र संघ के छह प्रमुख अंग हैं- संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएन जनरल एसेंबली), संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएन सिक्योरिटी कौंसिल), आर्थिक एवं सामाजिक परिषद (इकोनॉमिक एंड सोशल कौंसिल), अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस), न्यास परिषद (ट्रस्टीशिप कौंसिल) और सचिवालय (सेक्रेटैरिएट)। इन छह इकाइयों का जिक्र हम इसलिए कर रहे हैं क्योंकि भारत 2022 से 2024 तक के लिए आर्थिक और सामाजिक परिषद का सदस्य चुना गया है। इस परिषद में 54 सदस्य होते हैं। यह परिषद लोगों के जीवन में सुधार के लिए गरीबों, घायलों और अशिक्षितों की सहायता करके अंतरराष्ट्रीय शांति बहाली के प्रयास करती है। यह अंतरराष्ट्रीय मामलों में आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक, स्वास्थ्य आदि मामलों का अध्ययन करती है।
  • सूर्यग्रहण कब और क्यों होता है? 
विज्ञान के अनुसार जब सूर्य और पृथ्वी के बीच में चंद्रमा आ जाता है तो चंद्रमा के पीछे सूर्य का बिम्ब कुछ समय के लिए ढंक जाता है। इसी घटना को सूर्यग्रहण कहा जाता है। यह घटना हमेशा अमावस्या को ही होती है। उधर चंद्रग्रहण तब होता है जब पृथ्वी, चंद्रमा और सूर्य के बीच में आ जाती है और उसकी छाया से चंद्रमा ढंक जाता है। यह घटना पूर्णिमा को होती है।
  • भारत के निर्वाचन आयोग के तीसरे चुनाव आयुक्त कौन बनाए गए हैं?
अनूप चंद्र पांडेय को तीसरा चुनाव आयुक्त बनाया गया है। वे उत्तर प्रदेश कैडर के अधिकारी हैं। इस समय सुशील चंद्रा देश के मुख्य चुनाव आयुक्त हैं, जिन्होंने अप्रैल 2021 में सुनील अरोड़ा का स्थान लिया था। राजीव कुमार दूसरे चुनाव आयुक्त हैं। उल्लेखनीय है कि भारत का चुनाव आयोग तीन सदस्यीय है जिसमें एक मुख्य चुनाव आयुक्त और दो चुनाव आयुक्त होते हैं।
  • मागावा नाम का अफ्रीकी चूहा क्यों चर्चा में है? इसे ब्रिटेन का सर्वोच्च पशु सम्मान क्यों मिला? 
मागावा नाम का यह चूहा बारूदी सुरंग और बमों को खोजने के लिए जाना जाता है। बताया जाता है कि पांच साल में इसने करीब 2,25,000 वर्ग मीटर जमीन नापकर 71 बारूदी सुरंगों और 38 बमों का पता लगाया। इसे ब्रिटेन का सर्वोच्च पशु सम्मान 'जार्ज क्रास फार एनीमल' भी मिल चुका है। अब इस चूहे को अपने काम से आराम दिया गया है और वह रिटायर हो गया है।
  • कवि दादा लखमी किस राज्य से ताल्लुक रखते थे और उनका नाम क्यों चर्चा में है?
दादा लख्मी हरियाणा के प्रसिद्ध कवि थे। उन्हें हरियाणा का कालिदास भी कहा जाता है। उनके जीवन पर बनी फिल्म 'दादा लखमी' को हाल ही में जापान के टोक्यो इंटरनेशनल शार्ट फिल्म फेस्टिवल में बेस्ट फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला है। इस फिल्म के निर्माता निर्देशक यशपाल शर्मा हैं।
  • 8 जून को कौन-कौन से दिवस मनाए जाते हैं?
8 जून को वर्ल्ड ब्रेन ट्यूमर डे और वर्ल्ड ओसियन डे मनाए जाते हैं। लगातर सिरदर्द होना और खासतौर से सुबह के समय सिरदर्द होना ब्रेन ट्यूमर का प्रमुख लक्षण है। विश्व महासागर दिवस मनाने की घोषणा संयुक्त राष्ट्र संघ ने 2009 में की थी।
  • बिम्सटेक संगठन क्या है? इसमें कौन-कौन से देश शामिल हैं?
बिम्सटेक (BIMSTEC) का पूरा अर्थ है 'बे ऑफ बंगाल इनीशिएटिव फार मल्टी-सेक्टोरल टेक्नीकल एंड इकोनॉमिक कोऑपरेशन'। इस संगठन में भारत, बांग्लादेश, म्यांमार, श्रीलंका, थाईलैंड, नेपाल और भूटान शामिल हैं। यह बंगाल की खाड़ी से तटवर्ती या समीपी देशों का आर्थिक सहयोग संगठन है। इस संगठन की स्थापना 6 जून 1997 को हुई थी। इसका मुख्यालय ढाका में है। पाकिस्तान इसका सदस्य नहीं है। 6 जून 2021 को 24वां बिम्सटेक दिवस मनाया गया।
  • ग्लोबल मिनिमम कॉरपोरेट टैक्स क्या है? यह क्यों चर्चा में है? 
दुनिया के सात अमीर देशों (अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस, कनाडा, इटली और जापान) का संगठन जी-7 इस बात पर राजी हो गया कि दुनिया में ग्लोबल मिनिमम टैक्स की व्यवस्था लाई जाए और इसे न्यूनतम 15 फीसदी रखा जाए। दरअसल दुनिया के कई देशों में टैक्स बहुत कम है। इससे अनेक बहुराष्ट्रीय कंपनियां अपना फायदा उन देशों में स्थानांतरित कर देती हैं जहां टैक्स कम होता है। अधिकतर देश चाहते हैं कि वे बहुराष्ट्रीय कंपनियों की तरफ से अपना प्रॉफिट और टैक्स रेवेन्यू कम टैक्स वाले देशों में डायवर्ट करने से रोकें। 
  • मौलवी अहमद उल्ला शाह कौन थे और ये अब क्यों चर्चा में हैं? 
अंग्रेजों के खिलाफ 1857 की क्रांति के नायकों में से एक नाम मौलवी अहमद उल्ला शाह का भी है।उन्होंने इस क्रांति के दौरान फैजाबाद को आजाद कराने में प्रमुख भूमिका निभाई थी। वे हिंदू-मुस्लिम भाईचारे के भी प्रतीक थे। उनका नाम इसलिए चर्चा में है क्योंकि रामजन्मभूमि के एवज में मुस्लिम पक्ष को दी गई जमीन पर बनने वाली मस्जिद, अस्पताल, म्यूजियम, रिसर्च सेंटर, कम्युनिटी किचन आदि के प्रोजेक्ट को मौलवी अहमद उल्ला शाह के नाम से जाना जाएगा। 
  • लिक्विड यूरिया क्या है और भारत में इसे कौन बना रहा है?
सहकारी क्षेत्र की कंपनी इफको ने नैनो यूरिया लिक्विड का व्यावसायिक उत्पादन शुरू किया है। इसकी एक बोतल की कीमत 240 रुपये होगी। एक बोतल तरल यूरिया पारंपरिक यूरिया की 50 किलो की बोरी के बराबर काम करेगा। लागत के आधार पर इसका प्रयोग 10 फीसदी सस्ता होगा। इसका परिवहन भी आसान होगा। इसे गुजरात के नैनो बायोटेक्नोलॉजी रिसर्च सेंटर ने विकसित किया है
  • ऑपरेशन ब्लू स्टार क्या है? यह कब हुआ था?
ऑपरेशन ब्लू स्टार भारतीय सेना द्वारा 3 से 6 जून 1984 को अमृतसर स्थित हरिमंदिर साहिब परिसर को खालिस्तान समर्थक जनरैल सिंह भिंडरावाले और उनके समर्थकों से मुक्त कराने के लिए चलाया गया अभियान था। पंजाब में भिंडरावाले के नेतृत्व में अलगाववादी ताकतें सशक्त हो रही थीं जिन्हें पाकिस्तान से समर्थन मिल रहा था। इस अभियान से पहले पंजाब अलगाववाद और हिंसा की आग में जल रहा था। भिंडरावाले और उसके समर्थक सेना के हाथों मारे गए, लेकिन इस ऑपरेशन से सिखों की भावनाएं भी बुरी तरह आहत हुईं क्योंकि इस ऑपरेशन में उनके सबसे पवित्र स्थल हरिमंदिर साहिब को भी नुकसान पहुंचा था। इसका परिणाम यह हुआ कि 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा के सिख अंगरक्षकों ने ही उनकी हत्या कर दी। प्रधानमंत्री की हत्या के बाद देश में सिख विरोधी दंगे भड़क उठे जिसमें हजारों सिख मारे गए। भारत सरकार के श्वेतपत्र के अनुसार ब्लू स्टार ऑपरेशन के दौरान 83 सैनिक मारे गए और 249 घायल हुए। उधर 493 आतंकवादी या आम नागरिक मारे गए, 86 घायल हुए और 1592 को गिरफ्तार किया गया। 
  • किस देश के किस पूर्व राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का निधन हो गया है जिन्हें 2020 में भारत के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया?
ये मारीशस के पूर्व राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री अनिरुद्ध जगन्नाथ थे, जिनका 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। वे दो बार वहां के राष्ट्रपति और छह बार प्रधानमंत्री बने। उनके कार्यकाल के दौरान भारत और मारीशस के संबंध बहुत अच्छे रहे।
  • कोरोना का डेल्टा वैरिएंट और अल्फा वैरिएंट किन देशों से संबंधित है? 
कोरोना का डेल्टा वैरिएंट (बी.1.617 वैरिएंट समूह) विशेष रूप से भारत में सक्रिय रहा और इसने भारत में कोरोना की दूसरी लहर में भारी तबाही मचाई। सबसे पहले यह महाराष्ट्र में सामने आया था। अल्फा वैरिएंट पहली बार ब्रिटेन के कैंट इलाके में पाया गया। यह भी काफी संक्रामक था, लेकिन डेल्टा वैरिएंट सबसे ज्यादा संक्रामक पाया गया। 
  • क्रिकेट की दुनिया में डेवोन कॉनवे कौन हैं और आजकल इनकी चर्चा क्यों हो रही है? 
डेवोन कॉनवे दक्षिण अफ्रीका में जन्मे न्यूजीलैंड के क्रिकेटर हैं जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में अपने पहले ही टेस्ट मैच में दोहरा शतक जमा दिया।
  • 5 जून को सारी दुनिया में विश्व पर्यावरण दिवस क्यों मनाया जाता है? 
पर्यावरण के प्रति वैश्विक स्तर पर राजनीतिक और सामाजिक जागृति लाने के उद्देश्य से संयुक्त राष्ट्र संघ ने 1972 में पर्यावरण दिवस मनाने की घोषणा की थी। इसकी घोषणा पांच जून से 16 जून तक संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा आयोजित विश्व पर्यावरण सम्मेलन में चर्चा के बाद की गई थी। इसी घोषणा के परिप्रेक्ष्य में 5 जून 1974 को पहला विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। तभी से हर साल 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। 
  • पर्यावरण के संरक्षण के लिए 2021 से 2030 के दशक को किस रूप में मनाया जाएगा?
2021 से 2030 के दशक को संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा एक प्रस्ताव पारित करके संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण पुनरुद्धार दशक के रूप में मनाया जाएगा। इसका प्रस्ताव 2019 में अल सल्वाडोर की पर्यावरण मंत्री लीना पोहन ने रखा था, जिसका अनेक देशों ने समर्थन किया और यह प्रस्ताव पास हो गया।
  • भारतीय रसोइयों में मौजूद किस खाद्य पदार्थ को 'कृष्णावल' भी कहा जाता है?
प्याज को कृष्णावल भी कहा जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि जब प्याज को खड़ा काटा जाता है तो वह शंख के आकार में कटती है। जब उसे आड़ा काटा जाता है तो वह चक्र के आकार में कटती है। शंख और चक्र, दोनों ही कृष्ण जी धारण करते हैं। प्याज को यदि उसकी पत्तियों के साथ उलटा पकड़ा जाए तो वह गदा की तरह दिखती है। यदि उसके पत्तों को खोलकर देखा जाए कमल की तरह दिखती है। गदा और कमल भी विष्णु जी धारण करते हैं। कृष्ण, विष्णु के ही मानव अवतार माने जाते हैं।

  • भारत की दूसरी स्वदेशी वैक्सीन कौन की कंपनी बना रही है?

भारत में इस समय दो वैक्सीन बन रही हैं। एक स्वदेशी वैक्सीन भारत बायोटैक और आईसीएमआर की कोवैक्सीन है, दूसरी विदेशी वैक्सीन ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका की कोविशील्ड है जिसे पुणे का सीरम इंस्टीट्यूट बना रहा है। अब भारत में बनने वाली तीसरी और देश की दूसरी स्वदेशी वैक्सीन हैदराबाद की कंपनी बायोलॉजिकल ई बनाने जा रही है। इस वैक्सीन के दो ट्रायल सफल हो चुके हैं। तीसरे ट्रायल के बाद यह वैक्सीन भारत में बनने शुरू हो जाएगी।
  • टीईटी यानी टीचर्स इलेजिबिलिटी टेस्ट के संबंध में सरकार ने क्या बड़ा बदलाव किया है?
अभी तक टीईटी के पात्रता प्रमाण पत्र की वैधता सात वर्ष थी। इसके बाद फिर से परीक्षा देनी होती थी। लेकिन अब सरकार ने घोषणा की है कि एक बार टीईटी का पात्रता प्रमाण पत्र पाने के बाद दोबारा परीक्षा नहीं देनी होगी। यह प्रमाणपत्र आजीवन मान्य रहेगा।
  • पुलित्जर पुरस्कार किस क्षेत्र में दिए जाते हैं?
पुलित्जर पुरस्कार संयुक्त राज्य अमेरिका का एक प्रमुख पुरस्कार है। यह पत्रकारिता, साहित्य और संगीत रचना के क्षेत्र में दिया जाता है। इसकी स्थापना हंगरी मूल के अमेरिकी प्रकाशक जोसेफ पुलित्जर ने की थी। कोलंबिया विश्वविद्यालय इस पुरस्कार को देने का काम करता है। इस पुरस्कार के तहत विजेता को प्रमाणपत्र के साथ 15 हजार डॉलर (करीब 11 लाख रुपये) मिलते हैं। अमेरिकी पत्रकारिता में पुलित्जर को सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार माना जाता है। पत्रकारिता में ये पुरस्कार कुल 21 श्रेणियों में मिलते हैं। 2021 में भारतीय मूल की अमेरिकी पत्रकार मेघा राजगोपालन को भी चीन के हिरासत केंद्रों की सच्चाई उजागर करने के लिए यह पुरस्कार मिला है।
  • थ्येनआनमन चौक कहां है और किस लिए चर्चित है?
थ्येनआनमन चौक चीन की राजधानी बीजिंग में स्थित है। 4 जून 1989 को यहां पर लोकतंत्र समर्थकों ने सबसे बड़ा विरोध प्रदर्शन किया था। इसे दबाने के लिए सरकार ने सेना बुला ली थी। सैन्य कार्रवाई में 10 हजार से ज्यादा लोग मारे गए थे।
  • वैक्सीन के मामले में 'मिक्स एंड मैच' क्या है?
मिक्स एंड मैच का अर्थ है कि वैक्सीन की दोनों डोज, दो अलग-अलग कंपनियों की लगाई जाएं। लैसेंट पत्रिका में स्पेनिश वैज्ञानिकों का शोध छपा है जिसके अनुसार जिन लोगों को कोविशील्ड की पहली डोज के बाद फाइजर की वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई, उनमें एंटीबाडी का स्तर उन लोगों से अधिक था, जिन्हें दोनों डोज कोविशील्ड की दी गई थीं।
  • कोरोना की संभावित तीसरी लहर के संबंध एक शब्द 'पीकू' काफी सुनने को मिल रहा है? क्या आप जानते हैं कि ये 'पीकू' क्या है?
पीकू का अर्थ है- पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (PICU)। चूंकि संभावित तीसरी लहर में बच्चों के कोरोना की चपेट में आने की आशंका व्यक्त की जा रही है, इसलिए अस्पतालों में इससे निपटने के लिए बच्चों के लिए विशेष कोविड वार्ड तैयार किए जा रहे हैं। इन्हें ही पीकू वार्ड कहा जा रहा है।
  • खबर है जल्दी हासिल होगा पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनाल मिलाने का लक्ष्य। क्या आप जानते हैं कि ये इथेनाल क्या होता है और पेट्रोल में क्यों मिलाया जाता है?
इथेनॉल या एथनाल एक प्रकार का अल्कोहल है। इसे इथाइल अल्कोहल भी कहते हैं। इसे पेट्रोल में मिलाकर गाड़ियों में ईंधन की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है। इसका उत्पादन वैसे तो मुख्य रूप से गन्ने की फसल से होता है, लेकिन शर्करा वाली अन्य फसलों से भी इसे बनाया जाता है। इससे खेती और पर्यावरण, दोनों को फायदा होता है। पेट्रोल में इथेनाल मिलाने से पेट्रोल कम आयात करना पड़ता है, जिससे विदेशी मुद्रा की बचत होती है। यूंकि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल आयातक देश है, इसलिए तेल के आयात पर भारत का बहुत खर्चा होता है। अब सरकार चाहती है कि पेट्रोल में 20 प्रतिशत तक इथेनॉल मिलाने का लक्ष्य 2023 तक ही पूरा कर लिया जाए ताकि तेल आयात का खर्चा कम हो सके।
  • इजराइल के नए राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री कौन बने हैं?
इसाक हेरोज, इजराइल के नए राष्ट्रपति चुने गए हैं। वे पहले ऐसे इजराइली राष्ट्रपति हैं जिनके पिता भी इस देश के राष्ट्रपति रहे थे। उनके पिता चैम हेरोज 1983 से 1993 तक देश के राष्ट्रपति रहे। संयुक्त गठबंधन के नेता नाफ्ताली बेनेट इजराइल के नए प्रधानमंत्री बने हैं। उन्होंने बेंजामिन नेतन्याहू का स्थान लिया है। इजराइल की संसद का नाम नीसेट है।
  • सीरो सर्वे क्या होता है?
सीरो सर्वे को सीरो स्टडीज भी कहा जाता है। इससे यह पता लगाया जाता है कि कितनी जनसंख्या कोरोने से संक्रमित हुई है और कितने लोग इससे ठीक हो गए हैं। खासतौर से जनसामान्य में प्रतिरोधक क्षमता का आंकलन करने के लिए सीरो सर्वे किया जाता है। यह सेरोलॉजी टेस्ट के जरिये किया जाता है। इससे यह पता चल जाता है कि कितने लोगों में जाने-अनजाने कोरोना वायरस के खिलाफ एंटीबॉडी विकसित हो चुकी हैं। कोरोना वायरस की बात करें तो अगर किसी इंसान के शरीर में इसकी एंटीबॉडी मिलती हैं तो इसका मतलब यह है कि उस व्यक्ति को अब कोरोना संक्रमण का खतरा बेहद कम है। इस एंटीबॉडी की जांच को ही सीरो सर्वे कहा जाता है। इससे यह पता चल जाता है कि कितनी जनसंख्या वायरस से संक्रमित हो चुकी है।
  • केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नये मॉडल किरायेदारी कानून पर मुहर लगाई है। यह कानून क्या है? 
एमटीए यानी मॉडल किरायेदारी कानून के तहत जिलों में किरायेदारों और मालिकों के हितों की रक्षा के लिए किराया प्राधिकार, कोर्ट और ट्रिब्यूनल गठित होंगे। आवासीय परिसर के लिए किराएदार को अधिकतम दो महीने के किराए के बराबर की राशि बतौर सिक्योरिटी जमा करानी होगी। व्यावसायिक संपत्ति के मामले में यह राशि छह महीने के किराए के बराबर होगी। अनुबंध की अवधि खत्म ोने पर अगर किराएदार परिसर खाली नहीं करेगा तो उसे अगले दो महीने तक तय किराए की दोगुनी राशि का भुगतान हर माह करना होगा। मालिक यदि सिक्योरिटी के पैसे समय पर नहीं लौटाता तो उसे राशि पर सामान्य ब्याज देना होगा।
  • तीन जून को विश्व साइकिल दिवस क्यों मनाया जाता है?
साइकिल दिवस का इतिहास ज्यादा पुराना नहीं है। आधिकारिक तौर पर संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 3 जून 2018 में पहला विश्व साइकिल दिवस मनाया था। स्वच्छ, सस्ता और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन होने के कारण संयुक्त राष्ट्र संघ ने इसके उपयोग पर जोर किया और हर साल 3 जून को साइकिल दिवस मनाने का फैसला किया।
  • वीगन आहार का क्या अर्थ होता है?
वीगन का अर्थ है- ऐसा भोजन जिसमें किसी भी प्रकार का एनिमल उत्पाद शामिल नहीं हो। यानी जिसमें न मीट हो, न अंडा हो, न मछली हो और न ही दूध व दूध से बने उत्पाद हों। इसे हम अल्ट्रा वेजिटेरियन और या शुद्ध शाकाहारी भी कह सकते हैं। मांसाहार से पर्यावरण को हो रहे नुकसान को देखते हुए दुनियाभर में काफी लोग वीगन आहार को अपना रहे हैं। वीगन सोसायटी स्थापना 1944 में हुई थी और तभी यह शब्द गढ़ा गया था। 2010 में संयुक्त राष्ट्र संघ ने एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी और कहा था कि वीगन डाइट हमारा भविष्य है।
  • पेस्टेरियन आहार क्या होता है?
पेस्टेरियन आहार उस आहार को कहते हैं जिसमें कोई व्यक्ति मांसाहार के रूप में केवल मछली का सेवन करता है। उसके आहार के बाकी खाद्य पदार्थ शाकाहारी होते हैं।
  • भारत और आस्ट्रेलिया के बीच जल्द होगी ‘टू प्लस टू’ वार्ता। ‘टू प्लस टू’ वार्ता में कौन-कौन से मंत्री भाग लेते हैं?
दोनों देशों के विदेश मंत्री और रक्षा मंत्री इस वार्ता में भाग लेते हैं। भारत अमेरिका और जापान के साथ इस प्रकार की वार्ता करता रहा है।
  • दिलीप कुमार और राजकपूर के पुस्तैनी घर पाकिस्तान में पुरातत्व विभाग के हवाले कर दिए गए हैं। इन दोनों के ये घर पाकिस्तान में कहां पर स्थित हैं?
ये दोनों घर खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पेशावर में स्थित हैं। इन्हें वहां संग्रहालय में बदला जा रहा है।
  • ‘वैचारिक समन्वय- एक व्यावहारिक पहल’ नाम की पुस्तक इन दिनों चर्चा में है। यह किसने लिखी है? 
इसे पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव के सलाहकार रहे डॉ. इफ्तिखार अहमद ने लिखा है। इस पुस्तक को राष्ट्रीय स्वसंयेवक संघ धार्मिक सद्भाव के अपने अभियान के तहत प्रस्तुत कर रहा है। इस पुस्तक में संघ-मुसलमान, मुसलमान-राजनीतिक दल, अयोध्या विवाद सहित मुस्लिम समाज से जुड़े अनेक पहलुओं को छूने की कोशिश की गई है।
  • प्रसिद्ध वकील महेश जेठमलानी को केंद्र सरकार ने राज्यसभा में मनोनीत किया है। क्या आप जानते हैं कि राज्यसभा में कितने सदस्य मनोनीत होते हैं? 
राज्यसभा में कुल अधिकतम सदस्य संख्या 250 है। इनमें से 238 सदस्य विभिन्न राज्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं और 12 सदस्य मनोनीत होते हैं। राज्यसभा के सदस्यों का कार्यकाल 6 वर्ष का होता है। राज्यसभा संसद का स्थायी और उच्च सदन है।
  • ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में चीन का रुख भारत के प्रति बदला हुआ नजर आया। क्या आप जानते हैं कि ब्रिक्स क्या है?
ब्रिक्स उभरती अर्थव्यवस्थाओं वाले पांच देशों का संगठन है जिसमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। इन देशों के नाम के पहले अक्षरों को मिलाकर इसे ब्रिक्स (BRICS) कहा जाता है। इसकी स्थापना 2009 में हुई थी।
  • अलापन बंधोपाध्याय नाम के व्यक्ति इस वक्त क्यों चर्चा में हैं? 
अलापन बंधोपाध्याय पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव थे। वे प्रधानमंत्री मोदी द्वारा बुलाई गई यास चक्रवात समीक्षा बैठक में उपस्थित नहीं हुए थे। बाद में वे सीएम ममता बनर्जी के साथ आए लेकिन तुरंत ही बैठक से चले गए। उन्हें सरकार ने वापस केंद्र में आने का आदेश दिया तो अलापन ने रिटायरमेंट ले लिया। अब केंद्र सरकार ने उन्हें नोटिस दिया है। आपदा प्रबंधन के इस कानून के तहत दोषी पाए जाने पर व्यक्ति पर जुर्माना या दो साल की सजा या दोनों से दंडित किया जा सकता है।
  • जिस देश डोमिनिका में भगोड़ा कारोबारी मेहुल चोकसी मौजूद है, वो कहां पर स्थित है?
डोमिनिका गणराज्य, उत्तर अमेरिकी महाद्वीप में स्थित कैरेबियाई क्षेत्र का एक देश है। यहां की राजधानी रोसीयू है। 1978 में यह ब्रिटेन के नियंत्रण से अलग होकर स्वतंत्र देश बना था। क्रिकेट में जिसे हम वेस्टइंडीज के नाम से जानते हैं, डोमिनिका उसका भी हिस्सा है। वेस्टइंडीज संघ 1958 से 1962 तक अस्तित्व में रहा। हालांकि क्रिकेट में यह संघ जारी है और वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 15 देशों की अगुआई करता है। ये देश हैं- एंटिगा और बरमुडाबारबाडोसग्रेनाडा, डोमिनिका, गुयानाजमैकासेंट किट्स व नेविससेंट लूसियासेंट विंसेंट एंड द ग्रेनेडाइंसत्रिनिदाद एवं टोबैगोएंग्विलामोंटेसेराटब्रिटिश वर्जिन आईलैंडयूएस वर्जिन।
  • दो जून को लेकर एक मुहावरा है- दो जून की रोटी। क्या आप इसका अर्थ जानते हैं? 
दो जून की रोटी का अर्थ है दो वक्त या समय की रोटी यानी सुबह और शाम का भोजन। यह अवधि भाषा का शब्द है जिसका अर्थ समय से है। इसे इस प्रकार से वाक्यों में प्रयोग किया जाता है- कड़ी मेहनत के बाद भी उसे दो जून की रोटी मयस्सर नहीं होती। 
  • संयुक्त राष्ट्र में 'शेफ डी कैबिनेट' क्या होता है और यह क्यों चर्चा में है?
यह एक पद होता है जिसके नियंत्रण में संयुक्त राष्ट्र की नौकरशाही होती है। संयुक्त राष्ट्र के 76वें सत्र के लिए अध्यक्ष पद पर नियुक्त हुए मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने भारत के यूएन में स्थायी उप प्रतिनिधि नागराज नायडू को शेफ द कैबिनेट नियुक्त किया है।
  • 10 जून 2021 को दिवंगत हुए मुक्केबाज डिंको सिंह ने किस एशियाड में स्वर्ण पदक जीता था?
डिंको सिंह ने 1998 के एशियाई खेलों में मुक्केबाजी के 54 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया था।
  • फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एफएसएसएआई) ने रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकान और कई प्रकार के खुदरा कारोबारियों के लिए क्या नया नियम बनाया है जो 1 अक्टूबर 2021 से लागू होगा?
ऐसे कारोबारियों को 1 अक्टूबर से ग्राहकों को दिए जाने वाले बिल पर एफएसएसएआई का नंबर लिखना अनिवार्य होगा। साथ ही रेस्टोरेंट में प्रमुख स्थानों पर खाद्य सुरक्षा से संबंधित बोर्ड लगान होंगे ताकि ग्राहक उन्हें आसानी से पढ़ सकें।
  • बाल श्रम उन्मलून दिवस किस दिन मनाया जाता है?
प्रत्येक वर्ष 12 जून को विश्व बाल श्रम निषेध दिवस या बाल श्रम उन्मलून दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य बच्चों के साथ हो रहे अपराध के लिए लोगों को जागरूक करना होता है। इसे मनाने के पीछे 14 साल से कम उम्र के बच्चों को इस काम से निकालकर उन्हें शिक्षा दिलाने का उद्देश्य भी होता है।
  • फ्रेंच ओपन टेनिस 2021 का महिला और पुरुष एकल खिताब किसने जीता?
फ्रेंच ओपन का महिला एकल खिताब चेक गणराज्य की बारबोरा क्रेजिकोवा ने जीता। वे छह वर्षों में इस प्रतियोगिता की छठी नई चैंपियन हैं। पुरुष एकल का खिताब नोवाक जोकोविक (सर्बिया) ने स्टेफानोस सितसिपास (ग्रीक) को हराकर जीता।
  • सिखों के गुरु अर्जुन देव का शहीदी दिवस कब मनाया जाता है और वे सिखों के कौन से नंबर के गुरु थे?
गुरु अर्जुन देवस सिखों के पांचवें गुरु थे। उन्हें ब्रह्मज्ञानी भी कहा जाता है। श्री गुरु ग्रंथ साहिब में सर्वाधिक वाणी पंचम गुरु की ही हैं। 30 मई 1606 को मुगल शासक जहांगीर के आदेश पर गुरु अर्जुन देव को यातनाएं देकर शहीद किया गया।

जून में जन्मे व्यक्तियों और आयोजनों से संबंधित कुछ प्रश्न-उत्तर


  • कौन सा शहर ऐसा है जो एक संप्रभु देश भी है?
यह वेटिकन सिटी है, जो 7 जून 1929 को संप्रभु देश बना था। यह दुनिया का सबसे छोटा देश है जिसका क्षेत्रफल 44 हेक्टेयर है और आबादी मात्र एक हजार है। यह इटली की राजधानी रोम में बसा है और रोमन कैथोलिक चर्च का मुख्यालय है। पोप यहां के राजा होते हैं। 
  • महात्मा गांधी ने पहली बार सविनय अवज्ञा का रास्ता कहां अपनाया था? 
महात्मा गांधी ने सबसे पहले 7 जून 1893 को दक्षिण अफ्रीका में सविनय अवज्ञा का रास्ता अपनाया था। इसका कारण बनी वह घटना जिसके तहत उन्हें गोरा न होने के कराण ट्रेन के फर्स्ट क्लास डिब्बे से उतार दिया गया था।
  • भारत में मजदूर आंदोलन का जनक किसे माना जाता है? 
भारत में मजूदर या ट्रेड यूनियन आंदोलन का जनक नारायण मल्हार जोशी को माना जाता है। 5 जून 1879 को उनका जन्म महाराष्ट्र के कोलाबा में हुआ था। 1921 में उन्होंने मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस की स्थापना की थी। 
  • कोरोना के बचाव के संबंध में विटामिन डी का नाम काफी सुना गया। विटामिन डी का रासायनिक नाम क्या है और यह क्या काम करता है?
विटामिन डी का रासायनिक नाम कैल्सिफेरोल है। यह वसा वसा में घुलनशील प्रो-हार्मोन का एक समूह है। इसके दो प्रमुख रूप हैं- डी-2 या एर्गोकैल्सीफेरोल और डी-3 या कोलेकैल्सीफेरोल)। हमारी त्वचा जब धूप के संपर्क में आती है तो विटामिन डी का निर्माण होता है। विटामिन डी की मदद से कैल्शियम को शरीर में बनाए रखने में मदद मिलती है और हड्डियां मजबूत रहती हैं। इसके अभाव में हड्डियां कमजोर होती हैं और टूट भी सकती हैं। छोटे बच्चों में कमी से हड्डियों की कमजोरी वाली बीमारी रिकेट्स होती है। बड़ों में आस्टियोमलेशिया और आस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारियां होती हैं। विटामिन डी को कैंसर और टीबी जैसी बीमारियों से बचाव में भी कारगर माना जाता है। कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भी इसे काफी कारगर माना गया है। हालांकि कुछ शोध कहते हैं कि कोरोना के खिलाफ विटामिन डी के काम करने के बारे में अभी कोई पुख्ता प्रमाण नहीं मिले हैं। लेकिन यह जरूर है कि शरीर की मजबूती और प्रतिरोधक क्षमता के लिए यह विटामिन बहुत जरूरी है।
  • क्या आप ओपीडी की फुल फॉर्म जानते हैं? 
ओपीडी की फुल फॉर्म होती है- आउट पेशेंट डिपार्टमेंट। यह प्राथमिक बिंदु या स्थल होता है जहां पर मरीज और डॉक्टर के बीच संवाद होता है। यहां डॉक्टर अपने मरीज को देखकर सलाह देते हैं।
  • 'सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है'....और 'मेरा रंग दे बसंती चोला...' ये गीत किसने लिखे थे?
क्रांतिकारी राम प्रसाद बिस्मिल ने। उनका जन्म 11 जून 1897 को शाहजहांपुर में हुआ था। मेरा रंग दे बसंती चोला... में कुछ पंक्तियां भगत सिंह ने भी जोड़ी थीं।
  • रामप्रसाद बिस्मिल को किस कांड में फांसी दी गई थी?

बिस्मिल को 19 दिसंबर 1927 को गोरखपुर जेल में काकोरी कांड में फांसी दी गई थी। 

  • काकोरी कांड क्या था?

यह एक ट्रेन डकैती की घटना थी जिसके जरिये क्रांतिकारियों ने ब्रिटिश सरकार का खजाना लूटने की योजना बनाई थी। यह घटना 9 अगस्त 1925 को हुई थी। भगत सिंह की हिंदुस्तान रिपब्लिक एसोसिएशन के सदस्यों ने इस घटना को अंजाम दिया था। इस घटना के तहत राजेंद्रनाथ लाहिड़ी ने लखनऊ जिले के काकोरी रेलवे स्टेशन से छूटी 8 डाउन सहारनपुर-लखनऊ पैसेंजर ट्रेन को खींचकर रोका और राम प्रसाद बिस्मिल के नेतृत्व में अशफाक उल्ला खां, चंद्रशेखर आजाद और 6 अन्य सदस्यों ने सरकारी खजाना लूट लिया। इस मामले में ब्रिटिश सरकार ने लाहिड़ी, बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और ठाकुर रोशन सिंह को फांसी की सजा सुनाई। 16 अन्य क्रांतिकारियों को चार वर्ष से लेकर काला पानी (आजीवन कारावास) की सजा सुनाई गई।

  • दुनिया की सबसे बड़ी मूंगे की चट्टानों के लिए मशहूर ग्रेट बैरियर रीफ की खोज किसने की थी?

ग्रेट बैरियर रीफ की खोज कैप्टन जेम्स कुक ने 11 जून 1770 को की थी। यह आस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड में है और यूनेस्को की विश्व धरोहरों की सूची में शामिल है।
  • ब्रिटेन में कौन तीन बार प्रधानमंत्री रहा है?
मार्गरेट थैचर और बैंक्स जेनकिंग्सन के नाम तीन-तीन बार ब्रिटेन का प्रधानमंत्री होने का रिकार्ड दर्ज है। थैचर 1979 से 1990 तक पीएम रहीं जबकि जेनकिंग्सन 1812 से 1827 तक प्रधानमंत्री रहे।
  • हिमालय के लिए किस पदार्थ को खतरनाक माना जा रहा है?
यह पदार्थ ब्लैक कार्बन है। जीवाश्म ईंधन, लकड़ी और अन्य ईंधन के अपूर्ण दहन से उत्सर्जित पर्टिकुलेट मैचर (पीएम) को ब्लैक कार्बन कहते हैं। यह वायुमंडल के ताप को बढ़ाता है। रिपोर्ट बता रही हैं कि हिमालय क्षेत्र में ब्लैक कार्बन की मात्रा बढ़ गई है जिससे ग्लेशियरों के पिघलने की आशंका बढ़ गई है।
  • 'द डायरी ऑफ ए यंग गर्ल' पुस्तक किसने लिखी थी और यह इतनी चर्चित क्यों हुई?
यह पुस्तक एना फ्रैंक नाम की लड़की ने लिखी थी। एना फ्रैंक का जन्म 12 जून 1929 को जर्मनी में हुआ था। 1933 में हिटलर के सत्ता में आने पर उनका परिवार नीदरलैंड चला गया था। अगस्त 1944 में उन्हें पकड़ लिया गया। एना फ्रैंक ने अपनी डायरी में 1942 से 1944 तक यातना शिविरों में हुए घटनाक्रम को लिखा है। 1945 में यातना शिविर में ही एना फ्रैंक की मौत हो गई। उनके पिता ने 1947 में डायरी को प्रकाशित कराया। इसे नाजियों के अत्याचारों का अहम दस्तावेज माना जाता है। 70 भाषाओं में इसकी तीन करोड़ से ज्यादा प्रतियां बिक चुकी हैं।
  • भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) कहां पर स्थित है और इसका गीत क्या है?
आईएमए देहरादून में स्थित है और इसका गीत है- भारत माता तेरी कसम, तेरे रक्षक बनेगें हम।
  • स्वेज नहर का नियंत्रण किस देश के पास है?
स्वेज नहर मिस्र के नियंत्रण में है। मिस्र से पहले इस पर ब्रिटेन का अधिकार था। 1882 में मिस्र पर कब्जे के बाद 7 दशक तक इस नहर पर ब्रिटेन का अधिकार रहा। ब्रिटेन ने 13 जून 1956 को इसका अधिकार मिस्र को सौंपा। यह नहर 1869 में बनी थी। तब यह 162 किमी लंबी थी, जबकि अब इसकी लंबाई 193 किमी है।
  • 2 जून को आधार कार्ड को जन्म देने वाले व्यक्ति का जन्मदिन है। क्या आप जानते हैं कि आधार कार्ड का जनक किसे कहा जाता है?
नंदन नीलेकणी को। नंदन नीलकेणी को 2009 में भारतीय विशिष्ट पहचान पत्र प्राधिकरण (आधार कार्ड बनाने वाला संस्थान) का अध्यक्ष बनाया गया था। उन्होंने इन्फोसिस के सीईओ और प्रबंध निदेशक का पद छोड़कर यह कार्यभार संभाला था।

  • चार जून 1936 को फिल्म अभिनेत्री नूतन का जन्म हुआ था। नूतन ने मिस इंडिया का खिताब भी जीता था। क्या आप जानते हैं कि नूतन ने किस वर्ष यह खिताब जीता? (#Nutan)

नूतन ने 1952 में मिस इंडिया का खिताब जीता था। उन्होंने 9 वर्ष की उम्र में पहली बार फिल्म 'नल दमयंती' में बाल कलाकार की भूमिका निभाकर अपना फिल्मी सफर शुरू किया था। 
  • छह जून 1674 को शिवाजी का राज्याभिषेक कहां हुआ?
राजगढ़ के किले में। छह जून 1674 के दिन शिवाजी, मुगलों को पराजित करके लौटे थे और मराठा शासक के रूप में उनका राज्याभिषेक हुआ था। इसी दिन पश्चिमी भारत में मराठा साम्राज्य की नींव रखी गई। अभिषेक के दौरान उनके सिर पर छत्र धारण किया गया, जिसके बाद वे छत्रपति शिवाजी महाराज कहलाए। 
  • टेनिस के सभी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचने वाली भारतीय खिलाड़ियों की पहली जोड़ी कौन सी है? 
यह जोड़ी लिएंडर पेस और महेश भूपति की है। 1999 में तो इस जोड़ी ने पुरुष डबल में विंबलडन और फ्रेंच ओपन का खिताब भी जीता था। 7 जून 1974 को जन्मे महेश भूपति ने 1999 में ही अमेरिकी ओपन का मिक्स्ड डबल का खिताब भी जीता था। 2009 में भूपति ने सानिया मिर्जा के साथ आस्ट्रेलिया ओपन का मिक्स्ड डबल का खिताब जीता था।
  • चे ग्वेरा कौन थे?
14 जून 1928 को अर्जेंटीना में जन्मे चे ग्वेरा अमेरिका की बढ़ती ताकत को चुनौती देने के कारण चर्चा में रहे। उन्होंने क्यूबा की क्रांति में अहम भूमिका निभाई और 31 साल की उम्र में वहां के उद्योग मंत्री बने थे। 9 अक्टूबर 1967 को अमेरिकी खुफिया एजेंटों ने उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
  • दुनिया के पहले व्यावसायिक कंप्यूटर का क्या नाम था?
दुनिया का पहला व्यावसायिक कंप्यूटर यूनेवैक-1 था,  जिसका 14 जून 1951 को पहली बार वाशिंगटन में प्रदर्शन किया गया। इसे रैमिंग्टन रैंड कार्प कंपनी ने बनाया था।
  • भारत में किस बैडमिंटन खिलाड़ी के नाम लगातार नौ बार राष्ट्रीय चैंपियन होने का रिकार्ड  है? 

यह रिकार्ड प्रकाश पादुकोण के नाम है जिनका जन्म 10 जून 1955 को हुआ था। वे ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप जीतने वाले पहले भारतीय बने। उन्होंने एक हफ्ते के भीतर स्वीडिश ओपन, डेनिस ओपन और ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप जीतने की उपलब्धि भी हासिल की थी।

  • भारत ने क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान पर पहली बार टेस्ट मैच कब जीता था? 

भारत ने 10 जून 1986 को पहली बार लॉर्ड्स के मैदान पर टेस्ट मैच जीता था। तब कपिलदेव भारतीय टीम के कप्तान थे। इस मैदान पर इस जीत से पहले भारत 10 टेस्ट मैच खेल चुका था और सभी में भारतीय टीम हारी थी।
  • भारत की पहली महिला आईपीएस अधिकारी कौन बनी? 
किरण बेदी भारत की पहली महिला आईपीएस अधिकारी बनीं। वह लॉन टेनिस की एशियाई चैंपियन भी रही हैं। कैदियों के कल्याण के लिए किए कार्यों के लिए उन्हें रमन मैग्सेसे पुरस्कार भी मिल चुका है। वह पुडुचेरी की राज्यपाल भी रह चुकी है। उनका जन्म 9 जून 1949 को हुआ था।
  • 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान भारत का प्रधानमंत्री कौन था? 
1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान भारत के प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री थे। उन्होंने जय जवान-जय किसान का नारा दिया था। शास्त्री जी ने पंडित जवाहर लाल नेहरू की मृत्यु के बाद 9 जून 1964 को प्रधानमंत्री का पदभार संभाला था।
  • प्रसिद्ध कार्टून कैरेक्टर डोनाल्ड डक की पहली फिल्म कौन सी थी?
कार्टून कैरेक्टर डोनाल्ड डक की पहली फिल्म 'द वाइस लिटिल हेन' थी। डोनाल्ड डक के चरित्र को वाल्ट डिजनी प्रोडक्शन ने 9 जून 1934 को जन्म दिया था।
  • वर्ल्ड वाइड वेब (डब्लूडब्लूडब्लू) की खोज किसने की थी?

दुनिया के सामने वर्ल्ड वाइट वेब को प्रस्तुत करने का श्रेय इंग्लैंड के टिम बर्नर्स ली को जाता है। उनका जन्म 8 जून 1955 को इंग्लैंड में हुआ था। ली ने 1989 में 'इन्फार्मेशन मैनेजमेंट-ए प्रपोजल' नाम से रिसर्च पेपर लिखा, जिसमें उन्होंने हाइपरटेक्स्ट और इंटरनेट को एक साथ जोड़ दिया। इसके बाद दुनिया की पहली वेबसाइट लांच की, जिसमें वर्ल्ड वाइड वेब की पूरी जानकारी दी गई।

  • ऑल इंडिया रेडियो कब अस्तित्व में आया था?

ऑल इंडिया रेडियो का जन्म 8 जून 1936 को हुआ था। इस दिन सरकारी रेडियो सेवा इंडियन स्टेट ब्राडकास्टिंग सर्विस का नाम बदलकर ऑल इंडिया रेडियो कर दिया गया। 1957 में इसे आकाशवाणी का नाम मिला। इन पंक्तियों के लिखे जाने तक इसके 420 स्टेशनों से 23 भाषाओं और 146 बोलियों में प्रसारण होता है।

  • भारत से पहली अंतराष्ट्रीय उड़ान कब और कहां के लिए शुरू हुई? 

भारत की पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान मुंबई से लंदन के लिए 8 जून 1948 को गई थी। यह एयर इंडिया की पहली उड़ान थी। इस उड़ान के कैप्टन केआर गुजदार थे। एयर इंडिया पहले टाटा एयर सर्विस के रूप में काम करती थी। टाटा एयर सर्विस को शुरू करने वाले जेआरडी टाटा भी इस उड़ान में मौजूद थे।

  • 15 जून का भारत के इतिहास में क्या महत्व है?

15 जून 1947 को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने अपने दिल्ली में हुए अधिवेशन में माउंटबेटन योजना के आधार पर देश के विभाजन के दुर्भाग्यशाली प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।
  • शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की स्थापना कब हुई थी?
इस संगठन की  स्थापना 15 जून 2001 को हुई थी। चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, उज्बेकिस्तान और ताजिकिस्तान ने मिलकर इसका गठन किया था।

- लव कुमार सिंह
























No comments:

Post a Comment