Thursday 3 June 2021

कोरोना की तीसरी लहर के संबंध में 'पीकू' क्या है और क्यों चर्चा में है?

3 जून 2021- खबरों से निकला सामान्य ज्ञान

Latest General Knowledge, Which came out after reading the news


जॉर्ज फर्नांडीज

कोरोना की संभावित तीसरी लहर के संबंध एक शब्द 'पीकू' काफी सुनने को मिल रहा है? क्या आप जानते हैं कि ये 'पीकू' क्या है? (What is PICU?)

पीकू का अर्थ है- पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (PICU)। चूंकि संभावित तीसरी लहर में बच्चों के कोरोना की चपेट में आने की आशंका व्यक्त की जा रही है, इसलिए देश के अस्पतालों में इससे निपटने के लिए बच्चों के लिए विशेष रूप से कोविड वार्ड तैयार किए जा रहे हैं। इन्हें ही पीकू वार्ड कहा जा रहा है।

.............

खबर है- जल्दी हासिल होगा पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनाल मिलाने का लक्ष्य। क्या आप जानते हैं कि ये इथेनाल क्या होता है और पेट्रोल में क्यों मिलाया जाता है? (What is Ethanol?)

इथेनॉल या एथनाल एक प्रकार का अल्कोहल है। इसे इथाइल अल्कोहल भी कहते हैं। इसे पेट्रोल में मिलाकर गाड़ियों में ईंधन की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है। इसका उत्पादन वैसे तो मुख्य रूप से गन्ने की फसल से होता है, लेकिन शर्करा वाली अन्य फसलों से भी इसे बनाया जाता है। इससे खेती और पर्यावरण, दोनों को फायदा होता है। पेट्रोल में इथेनाल मिलाने से पेट्रोल कम आयात करना पड़ता है, जिससे विदेशी मुद्रा की बचत होती है। यूंकि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल आयातक देश है, इसलिए तेल के आयात पर भारत का बहुत खर्चा होता है। अब सरकार चाहती है कि पेट्रोल में 20 प्रतिशत तक इथेनॉल मिलाने का लक्ष्य 2023 तक ही पूरा कर लिया जाए ताकि तेल आयात का खर्चा कम हो सके।

................

खबर है- पूर्व अफसरों के लिखने-बोलने पर बंदिशें बढ़ीं। क्या आप जानते हैं कि सरकार ने किस कानून के तहत ऐसा किया है? (Central Civil Services (Pension) Rules 1972 & Central Civil Services (Pension) Amendment Rules 2021)

केंद्र सरकार ने सेंट्रल सिविल सर्विस (पेंशन) रूल्स 1972 में संशोधन की अधिसूचना जारी की है। इसके अनुसार खुफिया या सुरक्षा संगठनों से जुड़े अधिकारी किसी किताब या लेख के जरिये संगठन के अधिकार क्षेत्र या उसके कर्मियों या काम के दौरान हासिल विशेषज्ञता के बारे में कोई सामग्री साझा नहीं कर सकते। ऐसी किसी सामग्री के प्रकाशन के लिए सेवानिवृत्त अधिकारियों को संगठन के प्रमुख से पूर्व अनुमति लेनी होगी। यह कानून आईबी, सीबीआई, रॉ, एसपीजी समेत 25 संगठनों के कर्मचारियों पर लागू होंगा। यह कानून आईएएस, आईपीएस पर लागू नहीं होता।

...............

आज यानी 3 जून को देश के एक प्रसिद्ध नेता की जयंती है। ये नेता बनने से पहले पादरी बनना चाहते थे, लेकिन चर्च का पाखंड इन्हें नहीं भाया और वापस आ गए। इनके रक्षा मंत्री रहते हुए ही भारत ने दूसरा परमाणु परीक्षण किया था। क्या आप जानते हैं ये राजनेता कौन थे? (George Fernandes)

ये राजनेता जार्ज फर्नांडीज थे। 3 जून 1930 को जन्म हुआ, 29 जनवरी 2019 को निधन। पहले वे ट्रेड यूनियन लीडर बने और उसके बाद परंपरागत राजनीति में आए। 1975 में आपातकाल के दौरान उन्होंने बड़ौदा पहुंचकर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के लिए डायनामाइट धमाके की योजना भी बनाई थी। इस मामले को बड़ौदा डायनामाइट केस कहा जाता है। इसमें उनकी गिरफ्तारी हुई और उन्होंने जेल से ही मुजफ्फरपुर सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ा और जीता।

............

इजराइल में राष्ट्रपति के पद पर नए व्यक्ति पदासीन हुए हैं। क्या आप जानते हैं कि ये कौन हैं? (New President of Israel)

इसाक हेरोज, इजराइल के नए राष्ट्रपति चुने गए हैं। वे पहले ऐसे इजराइली राष्ट्रपति हैं जिनके पिता भी इस देश के राष्ट्रपति रहे थे। उनके पिता चैम हेरोज 1983 से 1993 तक देश के राष्ट्रपति रहे।

...........

खबर है- कोरोना के बचाव में कारगर नहीं विटामिन डी। क्या आप जानते हैं कि विटामिन डी का रासायनिक नाम क्या है और यह क्या काम करता है? (What is the chemical name of vitamin D?)

विटामिन डी का रासायनिक नाम कैल्सिफेरोल है। यह वसा वसा में घुलनशील प्रो-हार्मोन का एक समूह है। इसके दो प्रमुख रूप हैं- डी-2 या एर्गोकैल्सीफेरोल और डी-3 या कोलेकैल्सीफेरोल)। हमारी त्वचा जब धूप के संपर्क में आती है तो विटामिन डी का निर्माण होता है। विटामिन डी की मदद से कैल्शियम को शरीर में बनाए रखने में मदद मिलती है और हड्डियां मजबूत रहती हैं। इसके अभाव में हड्डियां कमजोर होती हैं और टूट भी सकती हैं। छोटे बच्चों में कमी से हड्डियों की कमजोरी वाली बीमारी रिकेट्स होती है। बड़ों में आस्टियोमलेशिया और आस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारियां होती हैं। विटामिन डी को कैंसर और टीबी जैसी बीमारियों से बचाव में भी कारगर माना जाता है। कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भी इसे काफी कारगर माना गया है। हालांकि कुछ शोध कहते हैं कि कोरोना के खिलाफ विटामिन डी के काम करने के बारे में अभी कोई पुख्ता प्रमाण नहीं मिले हैं। लेकिन यह जरूर है कि शरीर की मजबूती और प्रतिरोधक क्षमता के लिए यह विटामिन बहुत जरूरी है। 

............

खबर छपी है- सीरो सर्वे के लिए शासन से गाइडलाइन जारी। क्या आप जानते हैं कि ये सीरो सर्वे क्या होता है? (What is Sero Survey?)

सीरो सर्वे को सीरो स्टडीज भी कहा जाता है। इससे यह पता लगाया जाता है कि कितनी जनसंख्या कोरोने से संक्रमित हुई है और कितने लोग इससे ठीक हो गए हैं। खासतौर से जनसामान्य में प्रतिरोधक क्षमता का आंकलन करने के लिए सीरो सर्वे किया जाता है। यह सेरोलॉजी टेस्ट के जरिये किया जाता है। इससे यह पता चल जाता है कि कितने लोगों में जाने-अनजाने कोरोना वायरस के खिलाफ एंटीबॉडी विकसित हो चुकी हैं। कोरोना वायरस की बात करें तो अगर किसी इंसान के शरीर में इसकी एंटीबॉडी मिलती हैं तो इसका मतलब यह है कि उस व्यक्ति को अब कोरोना संक्रमण का खतरा बेहद कम है। इस एंटीबॉडी की जांच को ही सीरो सर्वे कहा जाता है। इससे यह पता चल जाता है कि कितनी जनसंख्या वायरस से संक्रमित हो चुकी है।
.......
खबर है- अस्पतालों में कल से शुरू होगी ओपीडी। क्या आप ओपीडी की फुल फॉर्म जानते हैं? 
(What is the full form of OPD)

ओपीडी की फुल फॉर्म होती है- आउट पेशेंट डिपार्टमेंट। यह प्राथमिक बिंदु या स्थल होता है जहां पर मरीज और डॉक्टर के बीच संवाद होता है। यहां डॉक्टर अपने मरीज को देखकर सलाह देते हैं।

........

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नये मॉडल किरायेदारी कानून पर मुहर लगाई है। यह कानून क्या है? (What is new Modal Tenancy Act?)

एमटीए यानी मॉडल किरायेदारी कानून के तहत जिलों में किरायेदारों और मालिकों के हितों की रक्षा के लिए किराया प्राधिकार, कोर्ट और ट्रिब्यूनल गठित होंगे। आवासीय परिसर के लिए किराएदार को अधिकतम दो महीने के किराए के बराबर की राशि बतौर सिक्योरिटी जमा करानी होगी। व्यावसायिक संपत्ति के मामले में यह राशि छह महीने के किराए के बराबर होगी। अनुबंध की अवधि खत्म ोने पर अगर किराएदार परिसर खाली नहीं करेगा तो उसे अगले दो महीने तक तय किराए की दोगुनी राशि का भुगतान हर माह करना होगा। मालिक यदि सिक्योरिटी के पैसे समय पर नहीं लौटाता तो उसे राशि पर सामान्य ब्याज देना होगा।

...........

तीन जून को विश्व साइकिल दिवस क्यों मनाया जाता है? (Why is World Bicycle Day celebrated on 3rd June?)

साइकिल दिवस का इतिहास ज्यादा पुराना नहीं है। आधिकारिक तौर पर संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 3 जून 2018 में पहला विश्व साइकिल दिवस मनाया था। स्वच्छ, सस्ता और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन होने के कारण संयुक्त राष्ट्र संघ ने इसके उपयोग पर जोर किया और हर साल 3 जून को साइकिल दिवस मनाने का फैसला किया।

- लव कुमार सिंह 

1 comment:

  1. अगर पोस्ट पसंद आए तो मेरे ब्लॉग को फॉलो करें...

    ReplyDelete