Monday 24 February 2020

आतंकवादी संगठन : किसी के नाम का अर्थ है 'सत्य', किसी का 'पवित्र', लेकिन उनका काम कितना अपवित्र और असत्य...तौबा-तौबा

Terrorist organization: Someone's name means 'truth', someone's 'holy', but how unholy and untrue their work is ... Toba-Toba




कुछ समय पहले अमेरिका ने पाकिस्तान को उसके यहां सक्रिय आतंकवादी संगठनों की सूची सौंपी और उनका खात्म करने की दिशा में कदम उठाने के लिए कहा। इस सूची में बहुत सारे आतंकी संगठनों के नाम हैं। जब हम इन नामों पर गौर फरमाते हैं तो पाते हैं कि इन आतंकवादी संगठनों के नाम बहुत ही पवित्र हैं, लेकिन इनके काम शैतानों को भी मात देने वाले हैं।

विडंबना यह है कि हत्या, लूट, अवैध वसूली और बलात्कार करने वाले ये सभी आतंकी संगठन धर्म की आड़ लेकर खड़े किए गए हैं। इन्होंने खुद के संगठन के ऐसे-ऐसे धार्मिक और अन्य नाम रखे हुए हैं, जिससे ये युवाओं को बरगलाकर संगठन में शामिल कर सकें। इन आतंकवादी संगठनों के नामों और इनके मतलब से हम जान सकते हैं कि ये आतंकी संगठन कितने शातिर दिमाग हैं जो खुद को सही ठहराने के लिए र्म को कवच के रूप में इस्तेमाल करते हैं।

तालिबान #Taliban


यह पश्तो भाषा का शब्द है जिसका मतलब छात्र यानी शिक्षार्थी से होता है। लेकिन यह ऐसा छात्र है जो अपनी शिक्षा पूरी करने से पहले ही अपने इलाकों की गलियों-कूचों में खून की नालियां बहाकर दुनिया को हिंसा की शिक्षा देने चल पड़ा है। यह आतंकी संगठन पूरे अफगानिस्तान में फैलकर दिसंबर 1996 से दिसंबर 2001 तक वहां सरकार भी बना चुका है। 

इस संगठन का गठन 1994 में मोहम्मद उमर ने किया था। आज तालिबान न केवल अफगानिस्तान में कहर बरपा रहा है, बल्कि इसका विस्तार पाकिस्तान तक हो चुका है। वहां तहरीक ए तालिबान पाकिस्तान नाम से आतंकी संगठन अस्तित्व में आ चुका है। इसके खिलाफ पाकिस्तानी सेना ने अभियान चलाया तो इससे क्रुद्ध होकर इस संगठन ने 16 दिसंबर 2014 को पेशावर के आर्मी स्कूल में 132 मासूम बच्चों समेत 141 लोगों का कत्लेआम कर डाला था।

अल कायदा #al-qaeda


इसका शाब्दिक अर्थ है- द बेस। अल का र्थ  है और कायदा का बेस यानी आधार। यह विश्वव्यापी आतंकवादी संगठन है, जिसका गठन ओसामा बिन लादेन और अब्दुल्ला आजम ने 1988-89 में कई आतंकवादियों के साथ मिलकर किया था। उसके बाद से यह संगठन दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में भयंकर तबाही मचा चुका है। अल कायदा शब्द का र्थ मिलिट्री बेस से भी लगाया जाता है। 

2001 में खुद ओसामा बिन लादेन ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि रूस के खिलाफ लड़ाई के लिए उसके संगठन ने अनेक प्रशिक्षण शिविरों की स्थापना की थी। इन ट्रेनिंग कैंपों को वे लोग अल कायदा (मिलिट्री बेस) कहकर संबोधित करते थे। बस उसी के बाद से आतंकवादी संगठन को भी अल कायदा कहा जाने लगा। हालांकि ब्रिटेन के पूर्व राजनेता राबिन कुक ने लिखा है कि अल कायदा शब्द का अनुवाद  द डाटाबेस करना चाहिए क्योंकि इसका मतलब उन कंप्यूटर फाइलों से था जिनमें उन हजारों मुजाहीदीन आतंकवादियों के ब्योरे थे, जिन्हें रूस को हराने के लिए अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए की मदद से भर्ती और प्रशिक्षित किया गया था।

आईएसआईएस #ISIS

इसका शाब्दिक मतलब है इस्लामिक स्टेट इन इराक एंड सीरिया। इराक और सीरिया में इस्लामिक राज्य की स्थापना के उद्देश्य से इस आतंकी संगठन का गठन किया गया है। ध्यान देने वाली बात यह है कि आईसिस (Isisमिस्र में बच्चे का नाम होता है। वहां इसे एक देवी से जोड़कर देखा जाता है और सभी देवियों में सबसे शक्तिशाली माना जाता है। इस तरह आईएसआईएस से, अंग्रेजी में मिलाकर बोलने से आईसिस की भी ध्वनि निकलती है, जिससे लगता है कि यह कोई पवित्र किस्म का संगठन है। एक समय दुनिया के सबसे खतरनाक आतंकवादी संगठन बन चुके आईएसआईएस की स्थापना इराकी नागरिक अबु बकर अल बगदादी ने अलकायदा से अलग होकर की थी।

हिज्ब उल मुजाहीदीन #hizbul_mujahideen


इसका शाब्दिक अर्थ है- पवित्र योद्धाओं का दल, मगर संगठन के किसी भी काम का पवित्रता से कोई लेना-देना नहीं है। इसके उलट इस संगठन से जुड़े लोगों के हाथ सैकड़ों निर्दोष लोगों के खून से रंगे हुए हैं। 

1985 में इस संगठन की स्थापना कश्मीरी अलगाववादी अहसान डार ने की थी। इस समय इस समूह का सरगना सैयद सलाहुद्दीन है, जो पाकिस्तान में छिपा हुआ है और वहीं से आतंकवादी गतिविधियां संचालित करता है।

जैश ए मोहम्मद #jaish_e_mohammed


इस नाम का शाब्दिक मतलब है- मोहम्मद की सेना, मगर दुर्भाग्य से मोहम्मद साहब की दी शिक्षाओं से इस संगठन से जुड़े लोगों का दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं है। यह भी कश्मीर में सक्रिय आतंकवादी संगठन है। 

इसे 2002 में पाकिस्तान में ऊपरी तौर पर तो प्रतिबंधित करने की घोषणा की गई थी मगर अंदरूनी तरीके से पाकिस्तान ने इसकी मदद करना जारी रखा हुआ है। इस संगठन को भारत के अलावा अमेरिका और ब्रिटेन भी आतंकवादी संगठन घोषित कर चुके हैं। 

इसका गठन 2000 में मौलाना मसूद अजहर ने किया था। इसे हरकत उल मुजाहीदीन नाम के आतंकवादी संगठन से अलग होकर बनाया गया था। यह वही मसूद अजहर है जिसे भारत ने 1999 में अपहृत विमान यात्रियों की रिहाई के बदले में छोड़ा था। 2001 में भारतीय संसद पर हमले का जिम्मेदार भी इसी संगठन को माना जाता है। 

2002 में पाकिस्तानी राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने संगठन पर प्रतिबंध लगाया तो इसने अपना नाम बदलकर खुद्दाम उल इस्लाम रख लिया, जिसका मतलब है इस्लाम का सेवक।

लश्कर ए तैइबा #lashkar_e_taiba


इसका शाब्दिक मतलब है खुदा की सेना, लेकिन वास्तव में यह जालिमों की सेना ही है जो केवल खून बहाना ही जानती है। इसका मतलब शुद्धता यानी पवित्रता की सेना भी निकाला जाता है, मगर संगठन के नाम और काम में जमीन-आसमान का अंतर है। यह दक्षिण एशिया का बेहद संगठित आतंकी समूह है जो अपनी गतिविधियां पाकिस्तान से संचालित करता है। 

इसका गठन 1990 में हाफिज सईद, अब्दुल्ला आजम और जफर इकबाल नाम के शातिर दिमाग लोगों ने किया था। इस आतंकी संगठन के अनेक प्रशिक्षण शिविर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में चलते हैं। 2008 के मुंबई हमलों के लिए इसी संगठन ने अंजाम दिया था। इस संगठन पर भारत के अलावा अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोपीय यूनियन, रूस और आस्ट्रेलिया प्रतिबंध लगा चुके हैं

औपचारिक रूप से पाकिस्तान भी इसे प्रतिबंधित कर चुका है पर भारत और दुनिया के अनेक देश मानते हैं कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई इस आतंकी संगठन को अपना सहयोग और समर्थन जारी रखे हुए है।

बोको हराम #boko_haram


यह नाइजीरिया का आतंकवादी संगठन है। बोको हराम का शाब्दिक अर्थ है- पश्चिमी शिक्षा हराम है।बोको हराम का  मानना है कि पश्चिमी शिक्षा बंद कर सिर्फ और सिर्फ इस्लामी शिक्षा दी जाए। इस संगठन के अनुसार लड़कियों को पढ़ने का बिल्कुल अधिकार नहीं हैइसलिए उन्हें स्कूलों में भेजना अपराध है। इस नजरिये को लोगों पर लादने के लिए बोको हराम के आतंकी लोगों की हत्या करते हैं, लड़कियों का अपहरण करते हैं और बलात्कार करते हैं। स्कूलों में छात्र-छात्राओं पर हमला करते हैं। वे गिरजाघरों और अन्य जगहों पर विस्फोट भी करते हैं जिनमें हजारों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। 

बोको हराम का गठन 2002 में धर्मगुरू मोहम्मद यूसुफ ने किया था। शुरुआत में इस संगठन ने मस्जिद और धार्मिक स्कूल बनवाए, लेकिन धीरेधीरे यह राजनीतिक रूप से सक्रिय हुआ और फिर आतंकवादी संगठन के रूप में बदल गया। बोको हराम कहता है कि अंग्रेजी शिक्षा हराम है, मगर अब नाइजीरिया में अनेक लोग कहने लगे हैं कि यह संगठन ही हराम है।


हक्कानी नेटवर्क #Haqqani_network


हक्कानी नेटवर्क, अफगानिस्तान में आतंकवादी गतिविधियां चलाने वाला छापामार समूह है जो वर्तमान  में अमेरिका के नेतृत्व वाले नाटो सैनिकों को तथा अफगानिस्तान सरकार को को निशाना बनाता है। यह समूह अफगानिस्तान में कार्यरत है और इसका आधार भी अफगानिस्तान में है, किन्तु ऐसा आरोप है कि इसको पाकिस्तान की आईएसआई से भी सहायता मिलती है।

पाकिस्तानी अधिकारी हक्कानी नेटवर्क को मुख्यतः अफगान चरमपंथी गुट बताते हैं, लेकिन इसकी जड़ें पाकिस्तान के अंदर तक फैली हैं। हमेशा से अटकलें लगती रही हैं कि पाकिस्तानी सुरक्षा तंत्र में कुछ लोगों में इसकी खास पैठ है। अमरीका काफी समय से इस चरमपंथी संगठन को एक खतरे के तौर पर पेश करता रहा है और आरोप लगाता रहा है कि इसके अल-कायदा और तालिबान जैसे संगठनों से संबंध हैं। 

लेकिन विडंबना देखिए कि हक्कानी अंजुमन के नाम से एक एक इस्लामी सूफी गैर सरकारी संगठन भी है और यह इस्लाम धर्म के दूसरे खलीफा हजरत उमर (र.) के परिवार से 37 वे वंशज, हजरत मौलाना सूफी मुफ्ती अजान गाछी साहेब (र.) द्वारा स्थापित है। यह सुफिवादी संगठन बिना किसी शुल्क के, पूरी मानव जाति की सेवा करने और उन्हें सही सलाह देने के साथ जुड़ा हुआ है। इस संगठन का केवल एक ही उद्देश्य है और वो है खुदा के सच्चे रास्ते का अनुसरण करना और प्रत्येक आदमी को एक बेहतर आदमी बनाना। इस हक्कानी अंजुमन का शाब्दिक अर्थ है: -"सत्य का संगठन"। इस तरह हक्कानी शब्द का अर्थ हुआ सत्य। तो एक तरफ तो हक्कानी अंजुमन जाति, धर्म, रंग के फर्क के बिना जीवन की बुराइयों से मानवता के उद्धार के लिए प्रतिबद्ध है तो दूसरी तरफ कुछ लोग अपने आतंकवादी संगठन का नाम हक्कानी नेटवर्क रखकर मानवता के बिल्कुल विपरीत काम करने लगे हैं।

हमास #hamas


हमास शब्द अरबी भाषा के हरकत अल-मुकावामा अल-इस्लामिया का संक्षेप रूप है। इसका मतलब है इस्लामिक प्रतिरोध आंदोलन। अरबी में  हमास एक अलग शब्द भी है, जिसका मतलब "उत्साह" होता है। 

हमास का गठन 1987 में मिस्र और फिलस्तीन के मुसलमानों ने मिलकर किया था जिसका उद्धेश्य क्षेत्र में इसरायली प्रशासन के स्थान पर इस्लामिक शासन की स्थापना करना था। इसके सशस्त्र विभाग का गठन 1992 में हुआ था। 1993 में पहले आत्मघाती हमले के बाद से 2005 तक हमास ने इसरायली क्षेत्रों में कई आत्मघाती हमले किए।

2005 में हमास ने हिंसा से खुद को अलग किया मगर 200में फिर से इसरायली क्षेत्रों में रॉकेट हमले शुरू कर दिए। तब से रह-रहकर हमास और इसरायली सैनिकों के बीच संघर्ष होता है जिसमें हर बार सैकडों लोग मारे जाते हैं। ज्यादा नुकसान फिलस्तीनी लोगों का ही होता है। हमास का मतलब उत्साह है, मगर हमास से जुड़े लोग फिलस्तीन को आगे बढ़ाने में कोई उत्साह नहीं दिखाते। इसके बजाय वे इसरायल से लड़ने में ज्यादा उत्साह दिखाते हैं।

अल शबाब #al_shabaab


यह अरबी भाषा का शब्द है जिसका शाब्दिक अर्थ है- द यूथ यानी युवा। दुर्भाग्य से ये युवा भी युवाओं जैसा कोई काम नहीं कर रहे हैं। ये युवा अपने कंधों पर समाज को आगे ले जाने की जिम्मेदारी उठाने के बजाय बंदूकें-राइफल हाथ में लेकर लोगों का खून बहा रहे हैं। 

अल शबाब सोमालिया, केन्या आदि देशों में सक्रिय आतंकवादी संगठन है। इस संगठन ने ही पिछले दिनों केन्या के एक मॉल में घुसकर बड़ी निर्ममता से 60 लोगों की हत्या कर दी थी। यहां बताते चलें कि बहरीन में अल शबाब नाम से एक फुटबाल क्लब भी है। कई देशों में अल शबाब नाम से सामाजिक संस्थाएं भी हैं।

आतंकवादी संगठनों की चाल भी यही है कि अपने संगठन का ऐसा नाम रखा जाए जो समाज में या तो पहले से प्रतिष्ठित हों या जिसे सुनकर किसी अच्छे उद्देश्य का अहसास होता हो। इससे उन्हें युवाओं का ब्रेन वाश करने में मदद मिलती है और वे धर्म व जिहाद के नाम पर अपने संगठन की ताकत बढ़ाने में भी सफल हो जाते हैं।

तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान #tehrik-e-taliban-pakistan


यह पाकिस्तान में सक्रिय आतंकवादी संगठन है, जिसे तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान भी कहते हैं। इसने पाकिस्तान के अंदर कई आतंकवादी हमले कराए हैं जिनमें सैकड़ों लोगों की जान गई है। 17 जुलाई 2020 को संयुक्त राष्ट्र संघ ने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के सरगना मुफ्ती नूर वली महसूद को 'वैश्विक आतंकवादी' घोषित किया है। तहरीक का अर्थ होता है- प्रस्तावना, आंदोलन, हरकत। तालिबान का अर्थ हम पहले ही जान चुके हैं। इस प्रकार यह हुआ शिक्षार्थियों या छात्रों का आंदोलन। अब यह बिल्कुल स्पष्ट है कि अपने नाम के विपरीत यह कितने खतरनाक अपराधियों का समूह है।

- लव कुमार सिंह

#kabulattack #Radical_Islamic_terrorism #terrorist #terrorism #ISIS #Pakistan #Taliban #alqaeda #hizbul_mujahideen #jaish_e_mohammed #lashkar_e_taiba #boko_haram #Haqqani_network #hamas #al_shabaab

No comments:

Post a Comment