Thursday 5 March 2020

लेखक बनने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?

What should be kept in mind to become a writer?

How to become a successful writer?

एक सफल लेखक कैसे बना जा सकता है?

Useful tips to become a famous writer



एक प्रश्न-उत्तर वेबसाइट में यह सवाल पूछा गया था कि आपके द्वारा सीखे गए सबसे उपयोगी लेखन टिप्स क्या हैं? कई लोगों ने इसके जवाब दिए। एक सामान्य लेखक व कवि होने के नाते मैंने भी इस प्रश्न का जवाब देने की कोशिश की। आप भी पढ़ें कि मैंने अपने जवाब में क्या लिखा। शायद ये टिप्स आपके कुछ काम आ जाएं।

मैंने अपनी लेखन यात्रा में ये सीखा- 
  • विषय वो चुना जाए जो या तो बहुत परेशान कर रहा हो या बहुत आनंद दे रहा हो। 
  • लिखा ऐसे जाए कि न केवल पढ़ने वाले की बल्कि आपकी भी जिज्ञासा शांत हो।
  • 'गागर में सागर' भरने की कोशिश हो। अर्थात् कम शब्दों में ज्यादा बात कहने का प्रयास करें।
  • अपनी बात इस प्रकार से कहनी चाहिए कि ज्यादातर लोगों के समझ में आ जाए। भाषा को कठिन बनाने से कोई लाभ नहीं है।
  • शीर्षक और मुखड़ा ऐसा रखने की कोशिश करनी चाहिए जो पढ़ने वाले के मन में उत्सुकता जगाए। पाठक आगे पढ़ने के लिए विवश हो जाए।
  • हिंदी में छोटे-छोटे वाक्यों का प्रयोग करना चाहिए। अंग्रेजी में लंबे-लंबे वाक्य चल जाते हैं। हिंदी में ऐसा करने पर पाठक की सांस उखड़ जाएगी और आपकी बात बिगड़ जाएगी।
  • सामान्य और सतही शब्दों का विकल्प खोजें। यदि वैकल्पिक शब्द पढ़ने-सुनने में नए व अच्छे लग रहे हैं और लोग उनका अर्थ जानते हैं तो उनका प्रयोग करना चाहिए।
  • नए-नए शब्दों की खोज का तरीका यह है कि अध्ययन करें और उस दौरान जो नए शब्द व मुहावरे आपके सामने आएं, उन्हें अपनी डायरी में नोट करना चाहिए।
  • एक छोटी डायरी साथ रखनी चाहिए। कई बार राह में चलते हुए, घूमते हुए, बस-ट्रेन में या किसी के साथ बैठक के दौरान बड़े अनोखे लेखन आइडिया दिमाग में आते हैं। यदि आपने उन्हें तभी या कुछ देर बाद लिख लिया तो ठीक वरना उनमें से अधिकांश जैसे आते हैं, वैसे ही गुम भी हो जाते हैं।
  • किसी से बातचीत के दौरान या किन्हीं दो लोगों की बातचीत सुनने के दौरान इस बात पर ध्यान दें कि क्या किसी ने ऐसी कोई बात कही जो आपने अभी तक नहीं सुनी हो। यह कोई मुहावरा हो सकता है, कोई गाली हो सकती है, किसी क्षेत्र का कोई स्लैंग हो सकता है या बात को कहने का विशेष तरीका हो सकता है। इस चीज को बाद में अपनी डायरी में नोट करें।
  • कई बार लेखन ऐसे होता है जैसे कोई आपसे लिखा रहा हो। ऐसा तब होता है जब विषय आपको उत्तेजित कर रहा होता है और आप इस बारे में स्पष्ट होते हैं कि आपको क्या कहना है। लेकिन कई बार आप स्पष्ट नहीं होते। बहुत असमंजस होता है। ऐसे में पहले बेतरतीब ढंग से जो भी विचार मन में आ रहे हैं, उन्हें लिख डालें। उसके बाद एक-एक वाक्य और पैराग्राफ को व्यवस्थित करें।
  • लिखने के बाद कई-कई बार पढ़ें। आपको अपनी गलतियां नजर आएंगी। कहीं प्रवाह (फ्लो) नहीं बन रहा होगा तो कहीं व्याकरण की गलती मिलेगी। इन सभी को दुरुस्त करने के बाद ही चैन की सांस लें।
  • अंत में अध्ययन करना और अनुभव लेना सबसे बड़ा टिप्स है। एक लेखक के लिए जितना भी पढ़ा जाए कम है। जितना भी घूमा जाए कम है। जितना भी अनुभव लिया जाए कम है।
- लव कुमार सिंह

#Writers #writerslife #writerscommunity #Tips #HowToBecomeAWriter

No comments:

Post a Comment