Showing posts with label #Jobs. Show all posts
Showing posts with label #Jobs. Show all posts

Wednesday, 1 September 2021

प्रिंट हो, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया हो या डिजिटल...कुछ चीजें हर जगह कॉमन हैं

मीडिया में जॉब के लिये बुनियादी जरूरतें क्या हैं?


What are the basic requirements for a job in media



'आज तक डिजिटल' में सब एडिटर्स (उप संपादक) और सीनियर सब एडिटर्स (वरिष्ठ उप संपादक) के पदों के लिये विज्ञापन निकला है। इस विज्ञापन को ध्यान से देखिये। 25 अगस्त 2021 के इस विज्ञापन में कहा गया है-

आज तक डिजिटल में काम करने का अवसर

हमें चाहिये सब एडिटर्स और सीनियर सब एडिटर्स

जो

  • समाज, सिनेमा, सत्ता
  • शिक्षा, सेवा, स्वास्थ्य
  • आंकड़े, अपराध, अर्थ
  • खेल, खेत, खगोल
  • जन, जीवन, जोश
  • व्यक्ति, विचार, विश्व

की समझ, जानकारी और जिज्ञासा से भरे हों

कौन करें आवेदन

  • छोटे शहरों से, बड़े सपनों वाले
  • 20-30 की उम्र, ग्रेजुएट
  • हिंदी भाषा पर अच्छी पकड़, अंग्रेजी की समझ
  • अनुवाद में दक्ष
  • अखबार पढ़ते हों, टीवी-ओटीटी देखते हों
  • किताबों का शौक हो, विषयों की समझ हो
  • डिजिटल समझते हों, अनुभव हो
  • किस्सेबाज हों, कहने-बताने को बेताब हों
  • पत्रकारिता पढ़ी हो तो और भी अच्छा है

इस विज्ञापन को पढ़कर पता चलता है कि प्रिंट मीडिया हो, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया हो या फिर डिजिटल मीडिया, कुछ चीजें हर जगह कॉमन हैं। ये योग्यताएं यदि किसी युवा के पास हैं तो वह किसी भी क्षेत्र में प्रवेश कर सकता है।

  • एक- आपका सामान्य ज्ञान मजबूत होना चाहिये। देश-दुनिया की जानकारी होनी चाहिये।
  • दो- अपने आसपास के मुद्दों की जानकारी होनी चाहिये।
  • तीन- आपकी भाषा पर पकड़ मजबूत होनी चाहिये। हिंदी के साथ अंग्रेजी की भी समझ हो तो सोने पर सुहागा।
  • चार- टाइपिंग और कंप्यूटर का ज्ञान होना चाहिए।
  • पांच- विभिन्न विषयों पर थोड़ा ही सही, लेकिन लिखने की योग्यता होनी चाहिये। लिखने के साथ बोल भी सकें तो सोने पर सुहागा।

अफसोस यही है कि पत्रकारिता की पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राएं इन्हीं चार-पांच चीजों में सबसे कम मेहनत करते हैं। वे चाहते हैं कि जैसे-तैसे, जैसे ही उन्हें पत्रकारिता की डिग्री मिले, वैसे ही जॉब भी मिल जानी चाहिये। लेकिन इन पांच बुनियादी योग्यताओं को हासिल किये बिना पत्रकारिता की डिग्री होते हुए भी जॉब का मिलना बहुत मुश्किल हो जाता है।

- लव कुमार सिंह


 

Wednesday, 23 June 2021

साक्षात्कार देने जाएं तो बायोडाटा पर जरूर गौर करके जाएं

If you go for the interview then definitely go through the resume



सिविल सेवा परीक्षा हो या अन्य कोई भी प्रतियोगी परीक्षा, उसमें सफलता के लिए साक्षात्कार एक महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। अनेक युवा लिखित परीक्षा में बहुत अच्छा करते हैं मगर साक्षात्कार में उनका प्रदर्शन निराशाजनक होता है। इसके दो प्रमुख कारण होते हैं। एक तो आत्मविश्वास में कमी और दूसरा पूछे जाने वाले संभावित प्रश्नों की तैयारी नहीं करना।

यहां हम दूसरे कारण यानी तैयारी की चर्चा करेंगे। वह इसलिए क्योंकि किसी युवा का आत्मविश्वास भी तभी डांवाडोल होता है जब उसकी तैयारी सही नहीं हो पाती। साक्षात्कार की तैयारी करते समय ज्यादातर युवा सामान्य ज्ञान, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम, समसामयिक मुद्दे आदि पर पकड़ बनाने का प्रयास करते हैं। यह बिल्कुल ठीक है, लेकिन इस प्रयास में वे अक्सर बायोडाटा को भूल जाते हैं, जिससे वास्तव में काफी सवाल पूछे जाते हैं।

उदाहरण के लिए, सिविल सेवा के इंटरव्यू की बात करें तो उसमें ज्यादातर सवाल इन विषयों के इर्द-गिर्द पूछे जाते हैं- शैक्षिक क्रियाकलाप, उम्मीदवार की रुचियां, पारिवारिक स्थिति, गृह जिला और शहर, गृह राज्य, वैकल्पिक विषय, देश, समसामयिक मुद्दे, नौकरी (यदि है तो), अंतरराष्ट्रीय मुद्दे, कौन सी सेवा और क्यों, लोक प्रशासन का ढांचा, सरकारी की प्रमुख योजनाएं आदि। इनमें से पांच-छह बिंदु पूरी तरह उम्मीदवार के बायोडाटा से जुड़े हुए हैं।

सिविल सेवा का साक्षात्कार दे चुके उम्मीदवारों के बयानों का निरीक्षण करें तो हम पाते हैं कि कई बार तो पूरा इंटरव्यू बायोडाटा से जुड़े सवालों में ही निकल जाता है, इसलिए इंटरव्यू सिविल सेवा का हो या किसी अन्य नौकरी का, बायोडाटा की उपेक्षा बिल्कुल न करें। देश, दुनिया की जानकारी रखने के अलावा बायोडाटा की एक-एक लाइन से जितने भी सवाल संभव हो सकते हैं, उनके जवाब तैयार करके जाएं।

किसी उम्मीदवार को बायोडाटा से सवाल-जवाब तैयार करते समय निम्नलिखित बातों का ध्यान रखना चाहिए:-

नाम, जन्मतिथि और परिवार

यदि आपका नाम विशेष प्रकार का है तो उसका अर्थ मालूम करें। यदि आपके जन्म के वर्ष में देश या विदेश में कोई बहुत बड़े महत्व की घटना घटी थी तो उस घटना या घटनाओं का विवरण जुटाएं। यदि आपकी जन्मतिथि के दिन किसी और हस्ती या हस्तियों का जन्म हुआ हो तो उन हस्तियों के बारे में जानकारी जुटाएं। बायोडाटा में  माता-पिता और परिवार के बारे में भी विवरण होता है। ऐसे में पिता और परिवार को लेकर भी कई संभावित सवाल बनते हैं।
सवालों के उदाहरण :-
- आपका नाम कई प्रसिद्ध व्यक्तियों का नाम भी रहा है। क्या आप उनके बारे में जानते हैं?
- आपका सरनेम बहुत कम सुनने को मिलता है। यह आपके साथ कैसे जुड़ा?
- आपके पिता के नाम के साथ जो सरनेम लिखा है वह आपके नाम के साथ नहीं है, क्यों?
- आपका नाम सुनने में बहुत रौबदार मालूम होता है। क्या आपका व्यक्तित्व भी ऐसा ही है?
- आपके पिता क्या करते हैं? भाई-बहनों के बारे में भी बताइए?
- आपकी जन्मतिथि के दिन ही देश में एक बड़ी शख्सियत भी जन्मी थी। क्या आप जानते हैं?
- आपका जन्मदिन की तारीख हर साल क्यों नहीं आती?
- आपके पिता पुलिस में अधिकारी हैं। आपने उनसे क्या सीखा?
- आपकी मां शिक्षक हैं। क्या आप समझते हैं कि आज के शिक्षक कर्तव्यों का सही निर्वहन कर रहे हैं?
- आपके तो माता-पिता, दोनों डॉक्टर हैं। क्या आपको डॉक्टर बनने में रुचि नहीं है?
- अरे आपका जन्मदिन तो बड़े महान दिन पड़ता है। क्या आप इसका महत्व जानते हो?

रुचियां

बायोडाटा में उम्मीदवार की रुचियां भी होती हैं। उम्मीदवार को चाहिए कि वह अपनी रुचियों वाले क्षेत्र के बारे में हर महत्वपूर्ण जानकारी जुटाए। कई युवा प्रभाव जमाने के लिए बायोडाटा में अच्छी-अच्छी रुचियों का जिक्र कर देते हैं, लेकिन अगर वे इन रुचियों से जुड़े सवालों के जवाब तैयार करके नहीं जाएंगे तो फंस सकते हैं। यदि किसी ने फिल्मों में रुचि का जिक्र किया है तो उसे फिल्मों की जानकारी जरूर होनी चाहिए।
सवालों के उदाहरण:-
- आपकी फिल्मों में रुचि है। फिल्मों में बढ़ती गालियों को आप किस रूप में देखते हैं?
- आपकी संगीत में रुचि है तो कुछ ऐसे फिल्म निर्देशकों के नाम बताइए जिन्होंने अपनी फिल्म के गीत भी लिखे या उनका संगीत दिया?
- आपने हाल ही में कौन सी हॉलीवुड मूवी देखी? इस फिल्म की स्टोरी बताइए?
- आजकल की फिल्मों में सिंक साउंड का इस्तेमाल होता है। ये क्या होता है?
- आपकी हॉबी स्टेम्प कलेक्शन है। स्टेम्प कलेक्शन को क्या कहते हैं?
- आपकी रुचियां मेडिटेशन, दूसरों को प्रोत्साहित करना और इंडियन माइथोलॉजी हैं। क्या आप नहीं समझते कि ये सभी व्यक्ति की अंदरुनी, निजी और एकाकी प्रवृत्तियां हैं?
- इंडियन माइथोलॉजी में आपकी रुचि है। बताएं कि कृष्ण ने अर्जुन को कैसे मोटिवेट किया?
- आप वाइल्ड लाइफ डॉक्यूमेंट्री पसंद करते हो। आपने जीवों के लिए अब तक क्या किया है?
- टाइगर मर जाएं तो हमारे सामने तो कोई समस्या नहीं आएगी, फिर हम टाइगर को प्रोटेक्ट करने की बात क्यों करते हैं?
- आपकी खेलों में रुचि है तो यह बताइए कि टेनिस में 0, 15, 30, 40 का जो स्कोरिंग पैटर्न है, क्या यह अजीब नहीं है?
- आपने छात्र जीवन में खेलों में भाग लिया है। हमें ऐसे क्या उपाय करने चाहिए कि हम ओलंपिक जैसे आयोजन में चीन जैसा प्रदर्शन कर सकें?

शैक्षिक क्रियाकलाप


सिविल सेवा साक्षात्कार में इस पर काफी जोर रहता है कि उम्मीदवार ने जिन विषयों में स्नातक, स्नातकोत्तर या इससे उच्च स्तर की पढा़ई की है तो उन विषयों में उसका ज्ञान कैसा है। यानी उम्मीदवार को शैक्षिक योग्यता वाले विषयों का मूलभूत ज्ञान तो होना ही चाहिए, यदि उन विषयों से संबंधित कोई मुद्दा प्रासंगिक है तो उसकी भी जानकारी होनी चाहिए।
बायोडाटा में जिस उपलब्धि का जिक्र उम्मीदवार करता है तो उससे जुड़ा सवाल अक्सर पूछा जाता है। मान लिया कि उसने एनसीसी सर्टिफिकेट का जिक्र किया है तो उससे एनसीसी से जुड़े सवाल जरूर पूछे जा सकते हैं। पढ़ाई के साथ कोई अन्य डिप्लोमा किया है तो उसकी भी पड़ताल हो सकती है। अगर उम्मीदवार के स्नातक के विषयों और सिविल सेवा परीक्षा के वैकल्पिक विषयों में अंतर होता है तो उसके सामने दोहरी चुनौती होती है।
सवालों के उदाहरण:-
- ग्रेजुएशन में आपके जूलॉजी में बहुत अच्छे नंबर हैं, मगर केमिस्ट्री में नहीं हैं। ऐसा क्यों?
- आपने ग्रेजुएशन तो विज्ञान के विषयों के साथ किया, लेकिन सिविल सेवा की परीक्षा में इतिहास, भूगोल जैसे विषय लिए। ऐसा क्यों?
- आपका हाईस्कूल और ग्रेजुएशन में प्रदर्शन अच्छा है, मगर इंटर में औसत। ऐसा क्यों?
- विज्ञान लोगों के काम ज्यादा आ रहा है या नुकसान ज्यादा कर रहा है?
- पिछले साल सरकार ने आईआईटी में बीटेक एंट्री को रोकने का प्रस्ताव किया था। क्या आप इस प्रस्ताव का समर्थन करते हैं? (इंजीनियरिंग विषय वाले अभ्यर्थी से)
- आपकी नजर में ऑल टाइम सर्वश्रेष्ठ गणितज्ञ कौन है? (गणित विषय के अभ्यर्थी से)
- आप एक इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हो। बताओ कि प्राइम नंबरों का इस्तेमाल कहां होता है?
- इन दिनों केमिकल्स से चिप बनाने की बात की जा रही है। इस बारे में आप क्या जानते हैं? (कंप्यूटर के अभ्यर्थी से)
- हम कागज बनाने के लिए पेड़ों और जंगलों को काटते हैं। इससे जंगल कम हो रहे हैं, पेड़ों की संख्या घट रही है। क्या कागज बनाने का कोई विकल्प हो सकता है? (केमिकल इंजीनियरिंग के छात्र से)

कॉलेज, शहर, जिला और राज्य


साक्षात्कार में उम्मीदवार से अपेक्षा की जाती है कि उसे अपने शहर, जिले और राज्य के बारे में सामान्य ज्ञान होना चाहिए। अपने शहर, जिले के इतिहास, भूगोल, कला, संस्कृति, राजनीति, शहर-जिले के मशहूर शैक्षिक संस्थान आदि के बारे में पता होना चाहिए। जिले के महत्वपूर्ण मुद्दे, समस्याएं भी पता होनी चाहिए। समस्याओं के संभावित समाधान भी पूछे जा सकते हैं।
सवालों के उदाहरण:-
- आपके गृह जिले में ऐसी क्या विशेषता है जो दूसरे किसी जिले में नहीं है?
- आपके शहर की सबसे बड़ी समस्या क्या है? क्या उसका कोई हल है?
- आपका राज्य काफी पिछड़ा हुआ है? आप क्या कारण मानते हैं?
- आपके जिले से किन-किन चीजों का विदेशों को निर्यात किया जाता है?
- आपके जिले के किन व्यक्तियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई?
- आपके कॉलेज के नाम कोई बड़ी उपलब्धि जुड़ी है?
- आप लखनऊ से हो। हमें बताएं कि लखनऊ के आसपास कौन से स्थान हैं?
- आपके कॉलेज का नाम क्या है? क्या इसका नाम बदला गया है?
- आपके शहर में और कौन से बड़े शैक्षिक संस्थान हैं?
- हाल ही में आपके शहर के कुछ लोग खबरों में रहे? क्या उनके बारे में बता सकते हैं?
- क्या जिस इंस्टीट्यूट से आपने एमई किया है, उस पर आपको गर्व है
- आप तो बड़े नामी इंस्टीट्यूट के प्रॉडक्ट हैं। उन्होंने आपको क्या विशेष सिखाया?
- यूपी में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति कैसी है?
- इसमें सुधार (लॉ एंड आर्डर की स्थिति) के लिए क्या किया जाना चाहिए?
- दक्षिण के मुकाबले उत्तर भारत से छेड़खानी की खबरें ज्यादा आती हैं? क्या कारण हैं?
- आप बिहार से हैं तो बताइए कि बिहार और नेपाल के बीच में क्या समस्या है?
- आप अपनी स्कूलिंग के दौरान सारे भारत में घूम लिए। कैसा अनुभव रहा?
- इनमें से कौन सा शहर आपको सबसे अच्छा लगा और क्यों?
- आपके राज्य के गन्ना किसानों के सामने सबसे बड़ी समस्या क्या है?
- आपके राज्य के सामने क्या चुनौतियां हैं?
- रेगिस्तान के उत्पन्न होने के क्या कारण हैं? (राजस्थान के अभ्यर्थी से)
- आपके इलाके में कौन-कौन सी फसलें होती हैं?

पहले से सेवारत


अगर उम्मीदवार पहले से ही कहीं सेवारत है तो उसका जिक्र भी बायोडाटा में होता है। यह सुनिश्चित मानिए कि  साक्षात्कार में उसकी वर्तमान या छोड़ी गई नौकरी से जुड़े कई सवाल जरूर पूछे जाएंगे। बायोडाटा में लिखी व्यक्तिगत विशेषताओं से जुड़े सवाल भी जरूर सामने आएंगे। प्राइवेट नौकरियों में “वर्तमान सेलरी” और “एक्सपेक्टेड सेलरी” भी बायोडाटा के महत्वपूर्ण कॉलम होते हैं। इनसे जुड़े सवालों के भी जवाब तैयार करके जाएं।
सवालों के उदाहरण:-
- आप जो नौकरी कर रहे हैं, उसके बारे में आपका क्या अनुभव है?
- आप वहां भी बढ़िया काम कर रहे हैं, फिर इस सेवा में क्यों आना चाहते हैं?
- आपकी वर्तमान नौकरी में एक नियम ऐसा है जो दूसरी सेवाओं में नहीं है? वह क्या है?
- अपने सेवाकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि आप क्या मानते हैं?
- आप डॉक्टर हैं तो अपने उस ज्ञान का सिविल सेवा मेें कैसे इस्तेमाल करेंगे?
- आपके इंजीनियरिंग के ज्ञान का सिविल सेवा में कोई इस्तेमाल हो सकता है?
- आपके विभाग में पिछले दिनों हड़ताल क्यों हुई थी? उस दौरान आपका क्या रुख रहा था?
- अपने विभाग की किस कार्यप्रणाली को आप बदलना चाहेंगे?
- आप अपने व्यक्तित्व में क्या कमजोरी पाते हैं?
- आपमें ऐसी क्या खासियत है जो आपको दूसरों से अलग करती है।
इस प्रकार बायोडाटा सवालों की खान है। ऐसा मत सोेचें कि ये तो मेरा बायोडाटा है। इसके बारे में तो मुझे सारी जानकारी है ही। जब भी जैसा सवाल पूछा जाएगा, जवाब दे दिया जाएगा। यह तरीका ठीक नहीं है। अगर आप सवाल-जवाब तैयार किए बिना जाएंगे तो इस बात की आशंका ज्यादा है कि आपको खुद से ही जुड़े सवाल अजीबोगरीब लगें और तब आप हड़बड़ाहट में उल्टे-सीधे जवाब दे आएं।
0000


विभिन्न नौकरियों के इंटरव्यू के बारे में यदि आप विस्तार से जानना चाहते हैं तो आप मेरी लिखी पुस्तक का अध्ययन कर सकते हैं। पुस्तक का नाम है- साक्षात्कार में सफलता के 71 सूत्र। पुस्तक को पुस्तक महल दिल्ली ने प्रकाशित किया है। पुस्तक का मूल्य केवल 150 रुपये है। यदि किसी साथी को यह पुस्तक बाजार में न मिल पाए तो वे इस पुस्तक को मुझसे प्राप्त कर सकते हैं। यहां पुस्तक के कवर की एक छवि भी प्रस्तुत कर रहा हूं।

- लव कुमार सिंह




Wednesday, 23 December 2020

लीजन ऑफ मेरिट : क्या नरेंद्र मोदी यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय हैं?

नरेंद्र मोदी को मिले सम्मानों से संबंधित इन प्रश्नों और उनके उत्तरों को याद रखें, प्रतियोगी परीक्षाओं में बहुत काम आएंगे




1-     दिसंबर 2020 में किस देश ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘लीजन ऑफ मेरिट, डिग्री चीफ कमांडर’ अवार्ड प्रदान किया? ए- रूस, बी- अमेरिका, सी- जापान, डी- फ्रांस (उत्तर- अमेरिका। अमेरिका के अनुसार नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत के वैश्विक फलक पर एक शक्ति के रूप में उभरने और वैश्विक चुनौतियों के मद्देनजर भारत-अमेरिकी रणनीतिक गठजोड़ को मजबूत बनाने के लिए यह पुरस्कार भारत के प्रधानमंत्री को दिया गया है।)

2-     ‘लीजन ऑफ मेरिट’ अमेरिका का किस क्षेत्र का सबसे बड़ा सम्मान है? ए- राजनीति, बी- आर्थिक, सी- सामाजिक, डी- सैन्य (उत्तर- सैन्य क्षेत्र)

3-     ‘लीजन ऑफ मेरिट’ सम्मान नरेंद्र मोदी से पहले किस भारतीय प्रधानमंत्री को मिला है? ए- इंदिरा गांधी, बी- जवाहर लाल नेहरू, सी- अटल बिहारी वाजपेयी, डी- किसी को नहीं (उत्तर- किसी को नहीं)

4-     अमेरिका का ‘लीजन ऑफ मेरिट’ सम्मान इनमें से किसे नहीं मिला है? ए- भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बी- जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे, डी- आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरीसन, डी- फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों (उत्तर- फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों)

5-     ए- यहां दिए तथ्यों में कोई भी सही नहीं है, बी- तथ्यि 2 सही है, सी- तथ्य 1, 3 और 4 सही है, डी- चारों तथ्य सही हैं। तथ्य 1- ‘लीजन ऑफ मेरिट’ सम्मान नरेंद्र मोदी से पहले दो भारतीयों को मिल चुका है। तथ्य 2- ‘लीजन ऑफ मेरिट’ सम्मान नरेंद्र मोदी से पहले एक भारतीय को मिल चुका है। तथ्य 3- 1950 में यह सम्मान फील्ड मार्शल के. करियप्पा को मिला था। तथ्य 4- 1955 में यह सम्मान जनरल सत्यवंत श्रीनागेश को मिला था। (उत्तर- तथ्य 1, 3 और 4 सही हैं)

6-     ‘लीजन ऑफ मेरिट’ सम्मान के बारे में क्या सही नहीं है? ए- इस सम्मान में अलग-अलग पद हैं जैसे ऑफिसर, कमांडर, चीफ कमांडर आदि। बी- यह पहला ऐसा सम्मान है जो अमेरिका विदेशी नागरिकों को भी देता है। सी- इसमें पांच दिशाओं का सफेद क्रास होता है, जिनके किनारे लाल होते हैं और ये हरे रंग के चक्र पर होते हैं जिनके केंद्र में नीले रंग के अंदर 13 सफेद सितारे होते हैं। डी- तीनों तथ्य सही हैं। (उत्तर- तीनों तथ्य सही हैं।)

7-     भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 2019 में किस देश ने अपना सर्वोच्च सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल’ सम्मान प्रदान किया? ए- सऊदी अरब, बी- फ्रांस, सी- संयुक्त अरब अमीरात, डी- रूस (उत्तर- रूस)

8-     भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 2019 में किस देश ने अपना सर्वोच्च सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ जायद’ दिया था? ए- संयुक्त अरब अमीरात, बी- सऊदी अरब, सी- जार्डन, डी- कुवैत (उत्तर- संयुक्त अरब अमीरात)

9-     किस देश ने 2016 में अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान स्टेट ऑर्डर ऑफ गाजी अमानुल्लाह खान भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया? ए- सऊदी अरब, बी- अफगानिस्तान, सी- फिलिस्तीन, डी- कुवैत (उत्तर- अफगानिस्तान)

10- किस देश ने 2016 में अपना सर्वोच्च सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ अब्दुल अजीज अल सऊद’ भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया? ए- सऊदी अरब, बी- संयुक्त अरब अमीरात, सी- कुवैत, डी- बहरीन (उत्तर- सऊदी अरब)

11- फिलिस्तीन ने अपना सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रैंड कॉलर ऑफ स्टेट ऑफ फलस्तीन अवार्ड’ किस वर्ष भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रदान किया? ए- 2016, बी- 2017, सी-2018, डी- 2019 (उत्तर- 2018)

12- मालदीव ने अपना सर्वोच्च सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ डिस्टिग्विंश्ड रूल ऑफ निशान आईज्जुद्दीन’ किस वर्ष भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया? ए- 2016, बी- 2017, सी-2018, डी- 2019 (उत्तर- 2019)


- लव कुमार सिंह