Showing posts with label #fake_encounter #KanpurEncounter. Show all posts
Showing posts with label #fake_encounter #KanpurEncounter. Show all posts

Friday, 5 February 2021

विकास दुबे पर रखा गया 5 लाख रुपये का इनाम किसने जीता?

Who won the award of 5 lakh on Vikas Dubey?



कानपुर (उत्तर प्रदेश) के बिकरू गांव निवासी दुर्दांत अपराधी विकास दुबे पर घोषित किया गया 5 लाख रुपये का इनाम किसने जीता? यह वह प्रश्न है जिसका उत्तर जानने की जिज्ञासा सभी को है। आइये तो हम आपको बताते हैं कि 5 लाख रुपये का यह पुरस्कार किसके नाम हुआ है।

मध्य प्रदेश पुलिस ने दिसंबर 2020 में इस बारे में अंतिम फैसला किया। मध्य प्रदेश पुलिस ने 5 लाख रुपये के इस इनाम के लिए 6 लोगों के नाम फाइलन करके प्रदेश के पुलिस महानिदेशक के पास भेजे। ये 6 नाम उस तीन सदस्यीय पैनल की सिफारिशों के आधार पर तय किए गए जिसका गठन यह तय करने के लिए किया गया था कि यह इनाम किसे मिलना चाहिए। उल्लेखनीय है कि 5 लाख रुपये का यह पुरस्कार उत्तर प्रदेश पुलिस ने विकास दुबे पर रखा था। विकास दुबे 9 जुलाई 2020 को उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर में गिरफ्तार किया गया था। उसके एक दिन बाद यानी 10 जुलाई 2020 को वह पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया था।

5 लाख के पुरस्कार के लिए चुने गए 6 लोगों में तीन लोग मध्य प्रदेश पुलिस के कर्मचारी हैं। एक व्यक्ति फूल बेचने वाला सुरेश कुमार भी है जिसने सबसे पहले विकास दुबे की पहचान की थी। उसने विकास दुबे को मंदिर में प्रवेश करते समय ही पहचान लिया था और मंदिर के सिक्योरिटी स्टाफ को सचेत कर दिया था। पुरस्कार पाने वालों की सूची में मंदिर के दो निजी सुरक्षा गार्ड भी हैं जिनके नाम राहुल शर्मा और धर्मेंद्र परमार हैं। इनाम पाने वाले मध्य प्रदेश के पुलिसकर्मी हैं- विजय राठौर, जितेंद्र कुमार और परशुराम। ये तीनों सिपाही हैं जो महाकाल पुलिस स्टेशन पर तैनात थे।

इस प्रकार इनाम पाने वाले 6 लोग ये हैं-

1- सुरेश कुमार (फूल भेजने वाला)
2- राहुल शर्मा (मंदिर का निजी सुरक्षा गार्ड)
3- धर्मेंद्र परमार (मंदिर का निजी सुरक्षा गार्ड)
4- विजय राठौर ( मध्य प्रदेश पुलिस का सिपाही)
5- जितेंद्र कुमार (मध्य प्रदेश पुलिस का सिपाही)
6- परशुराम ( मध्य प्रदेश पुलिस का सिपाही)

इन सभी 6 नामों की सिफारिश जिस पैनल ने की थी उसमें उज्जैन सिटी के एसपी रुपेश द्विवेदी, उज्जैन देहात के एसपी अमरेंद्र सिंह और एक एडिशनल एसपी रेंक के अधिकारी शामिल थे। यहां बताते चलें कि विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस के डीजीपी एससी अवस्थी ने कहा था कि इनाम की राशि मध्य प्रदेश पुलिस प्रमुख के पास भेज दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि विकास दुबे और उसके साथियों ने 3 जुलाई 2020 को 8 पुलिसवालों की हत्या कर दी थी, जिसके बाद उस पर यह इनाम घोषित किया गया था।

- लव कुमार सिंह