Showing posts with label #AnimalHusbandry #Milk #Echidna #WorldMilkDay. Show all posts
Showing posts with label #AnimalHusbandry #Milk #Echidna #WorldMilkDay. Show all posts

Sunday, 31 May 2020

एकिडना के दूध में मिला बीमारियों को रोकने वाला जादुई प्रोटीन

Magic protein found in Echidna's milk




एकिडना (Echidna) एक ऐसा स्तनधारी (Mammal) जीव है जो चींटी खाता है, अंडा देता है और केवल आस्ट्रेलिया और न्यू गिनी में पाया जाता है। शरीर पर लंबे-लंबे कांटे जैसी रचनाएं धारण करने वाले इस जीव के दूध (Milk) में वैज्ञानिकों ने एक ऐसा एंटी-माइक्रोबैक्टीरियल प्रोटीन (Protein) खोजा है जो बैक्टीरिया (Bacteria) का नाश करने में सक्षम है। यह प्रोटीन बहुत सारी बैक्टीरिया प्रजातियों की कोशिका झिल्ली को नष्ट कर देता है।

एकिडना के दूध से इस प्रोटीन को अलग करने का काम कौंसिल ऑफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च और सेंटर फार सेल्युलर एंड मॉलिक्युलर बायोलॉजी (CSIR-CCMB) के वैज्ञानिकों ने किया है। इससे मवेशियों में प्रयोग किए जाने वाले एंटीबायोटिक्स (antibiotics) का एक बढ़िया विकल्प मिल गया है। विभिन्न प्रकार के संक्रमणों को फैलने से रोकने में एकिडना के दूध में पाया गया यह प्रोटीन बहुत काम आ सकता है।

वैज्ञानिकों के अनुसार इस प्रोटीन को ई.कोली का प्रयोग करके बड़ी मात्रा में बनाया जा सकता है। एंटीबायोटिक्स के अंधाधुंध प्रयोग के कारण बैक्टीरिया में सुपरबग्स का निर्माण होता है जिससे दवाई का असर होना बंद हो जाता है। लेकिन एकिडना के दूध में मिले प्रोटीन की खासियत यह है कि यह इस प्रकार के बैक्टीरिया को भी नष्ट करने में सक्षम पाया गया है। वैज्ञानिकों की इस खोज से पशुपालन के क्षेत्र में बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद बंधी है।

- लव कुमार सिंह

#AnimalHusbandry #Milk #Echidna #WorldMilkDay