Saturday 29 August 2020

विकिपीडिया में आजकल इतनी त्रुटियां क्यों हो रही हैं?

Why are so many errors happening today in Wikipedia?



भारत में सोशल मीडिया पर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के समर्थक या फिर यूं कहें कि भारतीय जनता पार्टी के समर्थक और उसके विरोधी हर समय आपस में भिड़े रहते हैं। ट्विटर, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वे एक-दूसरे को नीचा दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। लेकिन इस जुबानी या वैचारिक संघर्ष में यदि विकिपीडिया जैसे प्रतिष्ठित, तटस्थ और प्रतिष्ठित मंच भी खुद को शामिल कर लें तो हैरानी होना स्वाभाविक है। विकिपीडिया पर क्या कुछ होने लगा है, सबसे पहले उसकी बानगी के रूप में एक स्क्रीन शॉट देखिए। यह विकिपीडिया के एक पेज का स्क्रीन शॉट है, जो 29 अगस्त 2020 को लिया गया है।




आपको ऊपर दिए गए टेक्स्ट में कुछ नजर आया। दरअसल 29 अगस्त 2020 को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन पर उनके बारे में पढ़ने के लिए विकिपीडिया का पेज खोला तो उसकी शुरूआत में यह टेक्स्ट दिखाई दिया। ध्यान से देखें, इसमें विकीपीडिया ने भारतीय जनता पार्टी को भारतीय जुमला पार्टी लिख रखा है। लिखा ही नहीं है बल्कि उसे बाकायदा लाल रंग से भी रंगा गया है। यानी यह कोई चूक नहीं बल्कि जानबूझकर किया गया कार्य है।

निश्चित ही इसे पढ़कर भाजपा के विरोधियों को बहुत अच्छा लगेगा, लेकिन विकिपीडिया जैसे ज्ञान की प्यास बुझाने वाले और निष्पक्ष व तटस्थ समझे जाने वाले मंच पर इस तरह की हल्की बातें बिल्कुल भी शोभा नहीं देतीं। इससे न केवल विकिपीडिया की गरिमा को धक्का लगेगा बल्कि लगातार ऐसा होने पर विकिपीडिया पर दी गई सूचना को भी लोग कम गंभीरता से लेने लगेंगे। 

पिछले कुछ अरसे से विकिपीडिया पर इस तरह के आरोप लगते रहे हैं कि वहां पर वामपंथी झुकाव वाले लोगों का दबदबा है और कई मामलों में विकिपीडिया की सामग्री में संतुलन नहीं बरता जा रहा है। पिछले दिनों बेंगलुरू में मुस्लिम समूहों द्वारा की गई हिंसा को विकिपीडिया के पेज पर मात्र 'टकराव' लिखकर उसकी गंभीरता को कम करने की कोशिश की गई थी। 

गूगल पर जब हम कोई चीज खोजते हैं तो उसके मुख्य पेज पर मुख्ततः विकिपीडिया के निष्कर्ष ही दिखाई देते हैं। पिछले दिनों यह खुलासा हुआ कि जब गूगल पर मुंबई हमलों से जुड़े आतंकवादी अजमल कसाब को सर्च किया या तो गूगल पर उसकी मृत्यु का कारण आत्महत्या लिखा हुआ है, जबकि सभी जानते हैं कि अजमल कसाब को फांसी पर लटकाया गया था।

स्पष्ट है कि विकिपीडिया जैसे प्रतिष्ठित मंच के लिए ऐसी गडबड़ियां उसके भविष्य के लिए सही नहीं हैं, क्योंकि इससे उसकी विश्वसनीयता पर बेहद नकारात्मक असर होगा। यह ठीक है कि विकिपीडिया पर काम करने वाले लोगों  की कोई विचारधारा हो सकती है। हर व्यक्ति की कोई न कोई विचारधारा होती है, लेकिन हमें सूचना देने के काम में अपनी विचारधारा को हावी नहीं होने देना चाहिए।

विकिपीडिया को चाहिए कि यदि वह किसी पक्ष या पार्टी विशेष के खिलाफ लिखना चाहता है तो बाकायदा लेखक के नाम से लेखों का एक अलग सेक्शन बनाए और फिर उसमें लेखक चाहे किसी को भारतीय जुमला पार्टी लिखे या कुछ और, तब कम से कम पाठकों को यह तो पता होगा कि यह किसी की राय है, न कि कोई सूचना।

विकिपीडिया के चित्र पर लिखा रहता है- 'एक मुक्त ज्ञानकोश'। ऐसे में क्या विकिपीडिया को अपने इस स्लोगन की रक्षा नहीं करनी चाहिए और उसे राजनीतिक दलों की गंदी राजनीति से स्वयं को  दूर नहीं रखना चाहिए?

यहां बताते चलें कि 15 जनवरी 2001 को विकिपीडिया की स्थापना हुई थी। स्वयं विकिपीडिया के पेज के अनुसार लैरी सेंगर और जिम्मी वेल्स विकिपीडिया के संस्थापक हैं। जहां एक ओर वेल्स को सार्वजनिक रूप से संपादन योग्य विश्व कोष के निर्माण के उद्देश्य को परिभाषित करने का श्रेय दिया जाता है, वहीं सेंगर को इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए रणनीति का उपयोग करने का श्रेय दिया जाता है।

विकिपीडिया नाम दो शब्दों को मिलाकर रखा गया है। इसमें एक है हवाई शब्द 'विकी' जिसका अर्थ होता है जल्दी और दूसरा है 'एनसाइक्लोपीडिया' जिसका अर्थ विश्व कोष माना जाता है।


- लव कुमार सिंह

#Wikipedia #Media #Neutrality #searchengine #internet #BJP


No comments:

Post a Comment