Saturday 22 August 2020

दलेर मेहंदी छठी फेल और मीका सिंह पांचवीं फेल...कपिल शर्मा शो में स्वयं मीका सिंह ने किया खुलासा

Daler Mehndi VI Fail and Mika Singh Fifth Fail


Mica Singh himself revealed in Kapil Sharma show



कपिल शर्मा शो के 22 अगस्त 2020 को प्रकाशित एपिसोड के मेहमान गायक मीका सिंह थे। उनके साथ कपिल शर्मा की बातचीत से एक दिलचस्प तथ्य का पता चला और वो यह कि गायक मीका सिंह केवल पांचवीं कक्षा तक पढ़े हैं और उसे भी वह पास नहीं कर पाए। यानी वे पांचवीं फेल हैं।

इसी बातचीत में हंसी के ठहाकों के बीच मीका सिंह ने बताया कि उनके बड़े भाई दलेर मेहंदी छठी कक्षा तक पढ़े हैं और वह भी उस कक्षा को पास नहीं कर पाए यानी दलेर मेहंदी भी छठी फेल हैं। ये बातें सुनकर हालांकि शो में तो कोई चौंका नहीं बल्कि वहां हंसी की धारा ही बह रही थी, लेकिन इस तथ्य ने टीवी देख रहे दर्शकों को जरूर चौंका दिया।

जब हम विकीपीडिया पर जाते हैं तो पता चलता है कि दलेर मेहंदी का जन्म बिहार के पटना में हुआ था और उनका नाम भी उनके माता-पिता ने उस समय के कुख्यात डाकू 'डाकू दलेर सिंह' के नाम पर रखा था। बाद में इस नाम में मेहंदी भी जोड़ा गया जो उस जमाने के प्रसिद्ध गायक परवेज मेहंदी के नाम से लिया गया।

दलेर मेहंदी की स्कूली पढ़ाई न होने का सबसे बड़ा कारण भी शायद संगीत ही रहा, क्योंकि उनके खानदान में सात पीढ़ियों से संगीत का शौक परवान चढ़ रहा था। उनके पिता अजमेर सिंह गुरु कीर्तन करते थे और शास्त्रीय संगीत के अच्छे जानकार थे। 11 साल की उम्र में दलेर मेहंदी संगीत सीखने के लिए घर से निकल गए और गोरखपुर के उस्ताद राहत अली खां से प्रशिक्षण लेकर 13 साल की उम्र में स्टेज पर गाने लगे।

भास्कर डॉट कॉम की खबर के अनुसार दलेर मेहंदी के बेटे गुरदीप मेहंदी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनके पिता दलेर मेहंदी छठी या सातवीं तक पढ़े हैं और चाचा मीका सिंह नौवीं तक पढ़े हैं, लेकिन कपिल शर्मा शो में खुद मीका सिंह ने कहा कि दलेर मेहंदी छठी फेल हैं और खुद मीका सिंह पांचवीं फेल हैं।

मीका सिंह ने अभी शादी नहीं की है। उन्होंने कपिल शर्मा के शो में यह खुलासा भी किया कि उनका कभी किसी लड़की से ब्रेकअप नहीं हुआ क्योंकि वे कभी किसी गंभीर रिश्ते में पड़े ही नहीं। इसका अर्थ यह निकलता है कि लड़कियों के साथ मीका के संबंध अभी तक मौजमस्ती वाले ही रहे हैं। स्वयं उनके अनुसार उनके रिश्ते किसी लड़की से एक-दो साल तक ही रहते हैं। उसके बाद उनकी राह अलग और लड़की की राह अलग। मीका सिंह ने यह खुलासा भी किया कि वे उस एक लड़की की शादी में नाचे भी हैं, जिसके साथ उनका कभी संबंध रहा था।


Who is Daler Mehndi married to?



यहां बताते चलें कि दलेर मेहंदी की दो शादियां हुई हैं। उनकी पहली शादी अमरजीत मेहंदी से हुई। दलेर मेहंदी ने दूसरी शादी गायिका तरनप्रीत उर्फ निक्की मेहंदी से की थी। दलेर मेहंदी के चार बच्चे हैं गुरदीप मेहंदी, अजित कौर मेहंदी, प्रभजोत कौर मेहंदी और रबाब कौर मेहंदी। अजित कौर की शादी गायक और सांसद हंसराज हंस के बेटे से हुई है। गुरदीप मेहंदी ने अभिनेत्री जेसिका सिंह से शादी की है।


कबूतरबाजी में दोषी भी पाए गए


Why did Daler Mehndi get arrested?

दलेर मेहंदी के खिलाफ 2003 में कबूतरबाजी यानी मानव तस्करी के मामले में केस दर्ज किया गया था। यह मामला 1998-99 का था लेकिन दलेर मेहंदी के प्रभाव के कारण केस 2003 में जाकर दर्ज हो सका। दलेर मेहंदी पर आरोप लगा कि वह अपने एक और भाई शमशेर सिंह के साथ मिलकर अवैध इमिग्रेशन ग्रुप चलाते हैं। उन पर आरोप लगा कि इस ग्रुप के जरिये उन्होंने 1998 और 1999 में अमेरिका के दो दौरे किए। वह 10 लोगों को अपना क्रू मेंबर (गायक दल के सदस्य) बताकर साथ ले गए और फिर उन्हें अमेरिका में ही छोड़कर लौट आए। अमेरिका में छोड़े गए इन लोगों में कई लड़कियां भी शामिल थीं।

दलेर मेहंदी के खिलाफ बख्शीश सिंह नाम के व्यक्ति ने पटियाला में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद 35 और लोग सामने आ गए जिनका आरोप था कि दलेर मेहंदी ने उनसे अमेरिका भेजने के पैसे लिए लेकिन भेजा नहीं। इस केस की जांच के दौरान पटियाला पुलिस ने दलेर मेहंदी के दिल्ली स्थित घर पर छापा भी मारा था और कई अहम दस्तावेज बरामद किए थे। 2003 में दलेर मेहंदी गिरफ्तार हुए, लेकिन उन्हें जमानत मिल गई थी। हालांकि पंजाब पुलिस ने 2006 में दलेर मेहंदी को क्लीन चिट की तैयारी कर ली थी, लेकिन कोर्ट ने इसे नहीं माना और जांच जारी रखने को कहा।

मामला अदालत में चला और स्थानीय अदालत ने मार्च 2018 में दलेर महेंदी को दो साल की सजा भी सुनाई। इस पर पुलिस  ने तुरंत दलेर मेहंदी को हिरासत में ले लिया था। हालांकि कुछ ही मिनट बाद उन्हें जमानत भी मिल गई थी और वह बाहर आ गए। दलेर मेहंदी के भाई शमशेर सिंह की अक्टूबर 2017 में मृत्यु हो चुकी है।

दलेर मेहंदी का पहला एल्बम 'बोलो ता रा-रा' था जिसने उन्हें पॉप स्टार के रूप में स्थापित कर दिया था। इस एल्बम की उस समय करीब 2 करोड़ कॉपियां बिकी थीं। इसके बाद दलेर मेहंदी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

- लव कुमार सिंह 

#MikaSingh #mika #Daler Mehndi #TheKapilSharmaShow #SONGS #MusicArtist #popmusic




No comments:

Post a Comment