Friday 2 July 2021

भारत में किस रेलवे स्टेशन के ऊपर फाइव स्टार होटल बनाया गया है?

Latest General Knowledge (1-15 July 2021)



  • भारत में किस रेलवे स्टेशन के ऊपर फाइव स्टार होटल बनाया गया है?
गुजरात की राजधानी गांधीनगर में 'गांधीनगर कैपिटल' रेलवे स्टेशन के ऊपर फाइव स्टार होटल बनाया गया। यह स्टेशन यात्रियों को हवाई अड्डे जैसी सुविधाओं का अहसास करायेगा। इसके ऊपर बना फाइव स्टार होटल 318 कमरों का है। इसका संचालन निजी कंपनी करेगी। 
  • आईटी कानून की कौन सी धारा को सुप्रीम कोर्ट ने 2015 में खत्म कर दिया था, लेकिन उस धारा के तहत अभी तक भी मुकदमे दर्ज हो रहे थे?
आईटी कानून की धारा 66ए को सुप्रीम कोर्ट ने 2015 में खत्म कर दिया था। यह धारा ऑनलाइन अपमानजनक टिप्पणी करने को अपराध की श्रेणी में रखती थी। इसके तहत तीन  साल कैद की सजा का प्रावधान था। लेकिन धारा को कोर्ट द्वारा खत्म किए जाने के बावजूद देश में इसके तहत मुकदमे दर्ज हो रहे थे। अब केंद्र सरकार ने राज्यों को निर्देश दिए हैं कि वे इस धारा के तहत मामले दर्ज न करें।
  • वाराणसी में बने रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर को किस देश के सहयोग से निर्मित किया गया है?
रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर को जापाने के सहयोग से निर्मित किया गया है। यह भारत-जापान की दोस्ती का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 जुलाई 2021 को इस सेंटर का उद्घाटन किया। 186 करोड़ रुपये से बने इस सेंटर में 1200 लोग बैठ सकते हैं। 
  • कोपा अमेरिका फुटबाल टूर्नामेंट 2021 का विजेता कौन रहा?
कोपा अमेरिका फुटबाल टूर्नामेंट 2021 को अर्जेंटीना ने ब्राजील को 1-0 से हराकर जीता। इस टूर्नामेंट को अर्जेंटीना ने 28 साल बाद जीता है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का पहला विजेता 1916 में उरुग्वे बना था। कोपा अमेरिका दक्षिण अमेरिका का सबसे प्रमुख फुटबाल टूर्नामेंट है। 1975 तक इसे साउथ अमेरिकन फुटबाल चैंपियनशिप कहा जाता था। स्पेशनिश भाषा में इसका उच्चारण था- कैंपीओनाटो सुदअमेरिकानो डी फुटबाल (Campeonato Sudamericano de Fútbol), जबकि पुर्तगाली में इसे कहा जाता था- कोपा सुलअमेरिकाना डी फुटबाल (Copa Sul-Americana de Futebol)। 1990 से इसमें उत्तर अमेरिका और एशिया की टीमों को भी भाग लेेने के लिए आमंत्रित किया जाता है।
  • 'रजनी मक्कल मंद्रम' क्या है और क्यों चर्चा में है?
यह फिल्म स्टार रजनीकांत द्वारा बनाया गया राजनीतिक संगठन या दल था। यह इसलिए चर्चा में है क्योंकि रजनीकांत ने राजनीति में आने का विचार त्याग दिया है और इस संगठन को भंग कर दिया है। मक्कल का अर्थ होता है- लोक, मंद्रम का अर्थ होता है- फोरम, परिषद या मंच। इस प्रकार रजनी मक्कल मंद्रम का अर्थ हुआ- रजनी लोक मंच या रजनी लोक परिषद।  उल्लेखनीय है कि इससे पहले फिल्म अभिनेता कमल हासने भी राजनीतिक पार्टी बनाई थी जिसका नाम 'मक्कल नीधि मय्यम' है। इसका अर्थ होता है- लोक न्याय केंद्र पार्टी।
  • नेपाल के नये प्रधानमंत्री कौन बनाए गए हैं?
नेपाली कांग्रेस के प्रमुख शेर बहादुर देउबा को नेपाल के सुप्रीम कोर्ट ने प्रधानमंत्री नियुक्त करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने वहां की भंग संसद को भी बहाल कर दिया है। देउबा इससे पहले चार बार नेपाल के प्रधानमंत्री रह चुके हैं।
  • 2021 में यूरो कप फुटबाल टूर्नामेंट 2020 की विजेता कौन सी टीम बनी?
इटली ने पेनाल्टी शूट आउट में इंग्लैंड को 3-2 से हराकर यूरो कप फुटबाल टूर्नामेंट 2020 जीत लिया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 गोल करके बराबर रही थीं।  इटली के गोलकीपर जियानलुइगी डोनारूमा प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए।
  • वर्जिन गैलेक्टिक कंपनी और उसके मालिक रिचर्ड ब्रेनसन क्यों चर्चा में हैं?
वर्जिन गैलेक्टिक कंपनी के अंतरिक्ष यान 'वीएसएस यूनिटी' से रिचर्ड ब्रेनसन और उनके साथ पांच अन्य लोगों ने 11 जुलाई 2021 को अंतरिक्ष की यात्रा करके अंतरिक्ष के व्यावसायिक पर्यटन की शुरुआत की। ब्रेनसन के साथ भारतीय मूल की शिरीषा बांदला भी अंतरिक्ष में गईं। 20 जुलाई को अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस भी अपने न्यू शेफर्ड यान से अंतरिक्ष में जाएंगे।
  • संत क्वीन केतेवान कहां की रानी और देवी थीं और अब उनका नाम क्यों चर्चा में है?
क्वीन केतेवान 17वीं सदी में जार्जिया की रानी थीं। उन्हें उनके देश में देवी का दर्जा हासिल था। ईरान में उनकी हत्या कर दी गई थी। उनकी अस्थियां गोवा के एक चर्च के खंडहर में 2005 में खोजी गई थीं। लेकिन जार्जिया के रूस से बेहद खराब संबंध और रूस के भारत का दोस्त होने के कारण ये अस्थियां जार्जिया को नहीं मिलीं। अब जुलाई 2021 में भारत ने संत क्वीन केतेवान की अस्थियों का एक हिस्सा जार्जिया को लौटा दिया है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर की जार्जिया यात्रा के दौरान अस्थियों को जार्जिया को सौंपा गया। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि एस जयशंकार जार्जिया की यात्रा करने वाले भारत के पहले विदेश मंत्री हैं।
  • ग्लोबल मिनिमम कॉरपोरेट टैक्स क्या है? यह क्यों चर्चा में है? 
दुनिया के सात अमीर देशों (अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस, कनाडा, इटली और जापान) का संगठन जी-7 और दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देशों का समूह जी-20 इस बात पर राजी हो गया कि दुनिया में ग्लोबल मिनिमम टैक्स की व्यवस्था लाई जाए और इसे न्यूनतम 15 फीसदी रखा जाए। दरअसल दुनिया के कई देशों में टैक्स बहुत कम है। इससे अनेक बहुराष्ट्रीय कंपनियां अपना फायदा उन देशों में स्थानांतरित कर देती हैं जहां टैक्स कम होता है। अधिकतर देश चाहते हैं कि वे बहुराष्ट्रीय कंपनियों की तरफ से अपना प्रॉफिट और टैक्स रेवेन्यू कम टैक्स वाले देशों में डायवर्ट करने से रोकें। 
  • विंबलडन 2021 के पुरुष और महिला एकल खिताब किसने जीते हैं?
सर्बिया के नोवाक जोकोविक ने इटली के मेटेयो बेरेटिनी को हराकर विंबलडन का पुरुष एकल खिताब लगातार तीसरी बार और कुल छठी बार जीत लिया। यह जोकोविक का 20वां ग्रैंड स्लैम (अमेरिकी ओपन, आस्ट्रेलियाई ओपन, फ्रेंच ओपन और बिंबलडन) खिताब है। रोजर फेडरर और राफेल नडाल के पास भी 20-20 ग्रैंड स्लैम खिताब हैं। महिला एकल खिताब आस्ट्रेलिया की एश्ले बार्टी ने कैरोलिना प्लिस्कोवा को हराकर जीता।
  • संविधान के किस अनुच्छेद में समान नागरिक संहिता की बात कही गई है?
संविधान के अनुच्छेद 44 में समान नागरिक संहिता की बात कही गई है।
  • कोरोना का कप्पा वैरिएंट क्या है?
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोरोना वायरस के स्ट्रेन का नाम ग्रीक अल्फाबेटिकल लेबल्स पर रखा है। इस क्रम में भारत में कोरोना वायरस के वैरिएंट स्ट्रेन का नाम डेल्टा और कप्पा पर रखा जाता है। डेल्टा वैरिएंट ने भारत में दूसरी लहर में तबाही मचाई थी। अब डेल्टा प्लस और कप्पा वैरिएंट चिंता का कारण बने हुए हैं। डेल्टा प्लस को बी.1.617.2 स्ट्रेन जबकि कप्पा को बी.1.617.1 कहा जाता है। ये दोनों स्ट्रेन भारत के कई इलाकों में पाए गए हैं। कोरोना का अल्फा वैरिएंट पहली बार ब्रिटेन के कैंट इलाके में पाया गया था।
  • करीना कपूर ने अपनी गर्भावस्था के अनुभवों को लेकर एक किताब लिखी है। इस किताब का नाम क्या है?
करीना कपूर की लिखी इस किताब का नाम 'प्रेग्नेंसी बाइबल' है।
  • वे छह बार हिमाचल के मुख्यमंत्री रहे।  हाल में उनका निधन हो गया। वे कौन थे?
हिमाचल प्रदेश के भूतपूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का जुलाई माह के पहले हफ्ते में निधन हो गया।
  • कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने कितने करोड़ रुपये के स्वास्थ्य पैकेज की घोषणा की है?
केंद्र सरकार ने तीसरी लहर से मुकाबले के लिए 23 हजार करोड़ रुपये के स्वास्थ्य पैकेज की घोषणा की है। 

  • केंद्र में मोदी मंत्रिमंडल के विस्तार के दौरान कौन सा नया मंत्रालय बनाया गया है?

नए मंत्रालय का नाम 'सहकारिता मंत्रालय' है। इसकी जिम्मेदारी गृह मंत्री अमित शाह को सौंपी गई है। यह मंत्रालय भारत में सहकारी आंदोलन को मजबूत करने के लिए एक अलग प्रशासनिक, कानूनी और नीतिगत ढांचा प्रदान करेगा। इस मंत्रालय के बनने से अब केंद्र सरकार में कुल 41 मंत्रालय हो गये हैं।

  • देश के नए शिक्षा मंत्री, रेल मंत्री, नागरिक उड्डयन मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, कपड़ा मंत्री, कानून मंत्री और खेल मंत्री कौन बनाये गए हैं?

धर्मेंद्र प्रधान देश के नये शिक्षा मंत्री बनाए गए हैं। अश्विनी वैष्णव को नया रेल मंत्री बनाया गया है। माधव राव सिंधिया नागरिक उड्डयन मंत्री बने हैं, मनसुख मांडविया स्वास्थ्य मंत्री, पीयूष गोयल को कपड़ा मंत्री, किरन रिजूजू को कानून मंत्री और अनुराग ठाकुर को खेल मंत्री बनाया गया है।

  • दिलीप कुमार को 'ट्रेजडी किंग' क्यों कहा जाता था?

कई फिल्मों में असफल प्रेमी और अति संवेदनशील भूमिकाओं के रूप में दिलीप कुमार ने विशेष ख्याति पाई जिसके बाद लोग उन्हें ट्रेजडी किंग के नाम से जानने लगे। खासकर दीदार (1951) और देवदास (1955) जैसी फिल्मों में गंभीर भूमिकाओं के लिए मशहूर होने के कारण उन्हें ट्रेजडी किंग कहा गया। उनकी पहली फिल्म 'ज्वारभाटा' और अंतिम फिल्म 'किला' थी। उन्हें 1994 में दादा साहब फाल्के पुरस्कार मिला था।

  • किस राज्य में जुलाई 2021 में विधान परिषद के गठन का प्रस्ताव पास हुआ है?

पश्चिम बंगाल में विधान परिषद के गठन का प्रस्ताव पास हुआ है। विधान परिषद राज्यों में उसी प्रकार विधायिका का उच्च सदन होता है जैसे केंद्र में राज्यसभा। विधान परिषद सभी राज्यों में नहीं बल्कि केवल कुछ ही राज्यों में है।

  • बंद पड़ी जेट एयरवेज के लिए समाधान योजना कौन लेकर आया है?

जेट एयरवेज के लिए जालान-कालरॉक कंसोर्टियम की समाधान  योजना को नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (एनसीएलटी) ने मंजूर दी है। इसमें मुरालीलाल जालान यूएई स्थित कारोबारी हैं जबकि कालरॉक ब्रिटिश कंपनी है।

  • किस-किस राज्य में किन व्यक्तियों के रूप में नए राज्यपालों की नियुक्ति हुई है?

थावरचंद गहलोत को कर्नाटक, बंडारू दत्रातेय को हरियाणा, सत्यदेव नारायण आर्य को त्रिपुरा, राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर  को हिमाचल प्रदेश, मंगूभाई छगनभाई पटेल को मध्य प्रदेश, रमेश बैस को झारखंड, हरिबाबू कंभापति को मिजोरम और पीएस श्रीधरन पिल्लई को गोवा का नया राज्यपाल बनाया गया है।

  • बहुराष्ट्रीय कंपनी अमेजन के नए प्रेसीडेंट और सीईओ कौन बने हैं?

एंडी जेसी अमेजन के नए प्रेसीडेंट और सीईओ बनाए गए हैंं। उन्होंने अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस का स्तान लिया है जो 5 जुलाई 1994 को अमेजन की स्थापना से लेकर अब तक इसकी कमान संभाले हुए थे।

  • शतरंज में सबसे युवा ग्रैंडमास्टर का रिकार्ड अब किसने नाम हो गया है?

भारतीय मूल के अमेरिकी अभिमन्यु मिश्रा इतिहास के सबसे कम उम्र के शतरंज ग्रैंडमास्टर बन गए हैं। वह केवल 12 वर्ष 4 माह और 25 दिन के हैं। उन्होंने रूस के सर्गेई कारजाकिन का रिकार्ड तोड़ा है जो 19 वर्ष पहले 12 साल 7 माह की उम्र में ग्रैंडमास्टर बने थे। अभिमन्यु ने बुडापेस्ट में भारतीय जीएम लियोन ल्यूक मेंडोका को हराकर 9 राउंड में 2600 से अधिक रेटिंग अंक हासिल करके यह स्थान हासिल किया। अभिमन्यु ने अपना तीसरा ग्रैंडमास्टर मानक हासिल करते हुए आवश्यक 2500 एलो रेटिंग बाधा को पार किया।

  • 1 जुलाई को चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना के सौ साल पूरे हुए। चीन में जश्न मनाया गया। चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना किसने की थी?

चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना 1 जुलाई 1921 को माओत्से तुंग ने की थी।

  • चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के 100 साल पूरे होने के समारोह में चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने किस चीज को चीन का ऐतिहासिक मिशन करार दिया?

शी चिनफिंग ने ताइवान को चीन की मुख्य भूमि से जोड़ने को चीन का ऐतिहासिक मिशन कहा।

  • भारत-पाकिस्तान के संबंधों में 1 जुलाई की तारीख का क्या महत्व है?

1 जुलाई 1972 को भारत और पाकिस्तान के बीच शिमला समझौता हुआ था। इसमें तय हुआ कि दोनों देश कश्मीर से जुड़े विवाद आपसी बातचीत से सुलझाएंगे। यानी कश्मीर के मसले पर संयुक्त राष्ट्र का दखल नहीं होगा। इस समझौते पर भारतीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री जुल्फिकार अली भुट्टो ने हस्ताक्षर किए थे। 

  • कोरोना की दुनिया की पहली डीएनए आधारित वैक्सीन किस कंपनी ने बनाई है और इसका क्या नाम है?

भारत की फार्मा कंपनी जायडस कैडिला ने दुनिया की पहली डीएनए आधारित वैक्सीन बनाई है। इसका नाम है- जायकोवी-डी। इसमें कोरोना वायरस का जेनेटिक कोड है जो व्यक्ति के शरीर में इम्यून सिस्टम को सक्रिय करता है। यह कोवैक्सीन के बाद भारत की दूसरी स्वदेशी वैक्सीन होगी।

  • कौन सी भारतीय कंपनी पूरी दुनिया में अपनी मोबाइल सेवा उपलब्ध कराने के लिए 648 सैटेलाइट स्थापित करेगी?

एयरटेल के मालिक भारती समूह की सहायक शाखा 'वनवेब' ने अभी तक 254 सैटेलाइन स्थापित कर दिए हैं और यह 2022 के अंत तक 648 सैटेलाइट स्थापित करेगी। भारत में इस कंपनी की सेवा 2022 से शुरू होगी जबकि ब्रिटेन, कनाडा और पूर्वोत्तर यूरोप समेत दुनियाभर के कई हिस्सों में इसकी सेवा उपलब्ध हो गई है।

  • देश के आर्थिक क्षेत्र में 1 जुलाई का क्या महत्व है?

1 जुलाई 2017 को देश में 'एक देश-एक कर प्रणाली' के तहत जीएसटी (गुड्स एंड सर्विस टैक्स) की व्यवस्था लागू की गई थी। 40 लाख रुपये तक सालाना राजस्व वाले कारोबारियों को जीएसटी के दायरे से बाहर रखा गया है। डेढ़ करोड़ तक के सालाना राजस्व वाले कारोबारी कंपोजिट स्कीम चुनकर केवल 1 प्रतिशत जीएसटी दे सकते हैं। सेवा क्षेत्र में 20 लाख रुपये सालाना राजस्व वाले कारोबारी जीएसटी के दायरे से बाहर हैं। सेवा क्षेत्र में 50 लाख तक सालाना राजस्व वाले लोग कंपोजिट स्कीम में 6 प्रतिशत जीएसटी का विकल्प चुन सकते हैं।

  • 1 जुलाई को कौन-कौन से दिवस मनाए जाते हैं?

1 जुलाई को नेशनल डॉक्टर्स डे, राष्ट्रीय डाक दिवस और चार्टर्ड एकाउंटेंट दिवस मनाए जाते हैं। 1 जुलाई को देश के महान चिकित्सक और पश्चिम बंगाल के दूसरे मुख्यमंत्री डॉक्टर बिधानचंद्र राय का जन्मदिन और पुण्यतिथि होती है। उन्हीं की याद में भारत सरकार ने 1991 से डॉक्टर्स डे मनाना शुरू किया। 1 जुलाई 1879 को भारत में पहला पोस्टकार्ड जारी हुआ था। तीन पैसे के इस कार्ड पर  महारानी विक्टोरिया की मुखाकृति थी। 1 जुलाई 1876 को ही भारत यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन का सदस्य बना था। इसीलिए 1 जुलाई को राष्ट्रीय डाक दिवस मनता है। इसी तरह 1 जुलाई 1949 को संसद के एक कानून से इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया यानी आईसीएआई अस्तित्व में आया था। इसीलिए 1 जुलाई को राष्ट्रीय चार्टर्ड एकाउंटेंट दिवस मनाया जाता है।

  • टेलीविजन की दुनिया में 3 जुलाई की दिन क्या महत्व रखता है?

3 जुलाई 1928 को विज्ञानी जेएल बेयर्ड द्वारा रंगीन टीवी का प्रसारण किया गया था।

  • कोई व्यक्ति बिना विधायक बने कितने दिन तक मुख्यमंत्री रह सकता है?

यदि कोई ऐसा व्यक्ति मुख्यमंत्री चुना जाता है जो किसी राज्य की विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य नहीं है तो उसे छह महीने के अंदर इन दोनों में से किसी एक सदन का सदस्य बनना अनिवार्य होता है। इस प्रकार कोई व्यक्ति छह माह तक बिना विधायक बने मुख्यमंत्री रह सकता है। 

  • उत्तरखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री पद क्यों छोड़ना पड़ रहा है?

मुख्यमंत्री बनते वक्त तीरथ सिंह रावत विधायक नहीं थे। उन्हें छह माह के अंदर विधानसभा का सदस्य होना अनिवार्य है, लेकिन चूंकि उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के लिए एक साल से भी कम का समय बचा है, इसलिए वहां उपचुनाव नहीं हो सकता। ऐसे में रावत के लिए विधानसभा का सदस्य बनना असंभव है। इसलिए उन्हें पद छोड़ना पड़ रहा है।

  • उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री कौन बनाए गए हैं?

पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के 11वें मुख्यमंत्री होंगे। वे ऊधमसिंह नगर की खटीमा सीट से विधायक हैं। वे तीरथ सिंह रावत की जगह लेंगे। मार्च में त्रिवेंद्र सिंह रावत की जगह मुख्यमंत्री बने तीरथ सिंह रावत को छह माह के अंदर विधानसभा की सदस्यता लेनी थी लेकिन ऐसा संभव नहीं होने पर उन्हें अपना पद छोड़ना पड़ा। 

  • 4 जुलाई का दिन भारत और अमेरिका के इतिहास में क्यों बेहद महत्वपूर्ण है?

4 जुलाई भारत के लिए इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि 4 जुलाई 1947 को ब्रिटेन की संसद में 'द इंडियन इंडिपेंडेंस एक्ट' पेश किया गया था। इसमें भारत के बंटवारे और पाकिस्तान बनाए जाने का प्रस्ताव किया गया था। यह विधेयक 18 जुलाई को पारित हुआ। अमेरिका के लिए 4 जुलाई इसलिए बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि इसी दिन 1766 में अमेरिका को ब्रिटिश हुकूमत से आजादी मिली थी। शुरू में ब्रिटेन की 13 कालोनियों ने स्वतंत्रता की घोषणा की जिसे 'डिक्लेरेशन ऑफ इंडिपेंडेंस' कहा जाता है।

  • महिला क्रिकेट में सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय रन बनाने का रिकार्ड किसके नाम हो गया है?

भारत की मिताली राज ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 4 जुलाई 2021 को 10337 रन बनाकर यह रिकार्ड अपने नाम कर लिया। पहले यह रिकार्ड इंग्लैंड की पूर्व कप्तान चार्लोट एडवर्ड्स (10,273 रन) के नाम था। मिताली वन-डे क्रिकेट में सबसे ज्यादा वनडे मैच जीतने वाली कप्तान भी बन गई हैं। उन्होंने आस्ट्रेलिया की बेलिंडा क्लार्क का रिकार्ड तोड़ा जिन्होंने अपनी कप्तानी में आस्ट्रेलिया को 83 वनडे  मैच जिताए थे।

  • सोलर फ्लेयर या सूर्य की ज्वाला क्या है?

जैसा कि नाम से स्पष्ट है सोलर फ्लेयर सूर्य से निकलने वाली ज्वाला का नाम है। शनिवार 3 जुलाई 2021 की रात सौर विज्ञानियों ने चार साल के बाद सूर्य से एक्स श्रेणी की विशाल ज्वाला निकलती देखी। वैज्ञानिकों के अनुसार यह सूर्य पर होने वाली सामान्य घटना है लेकिन इनसे निकलने वाले सौर तूफान पृथ्वी के इलेक्ट्रॉनिक और इलेक्ट्रीकल उपकरणों तथा सैटेलाइड के लिए खतरनाक होते हैं।

जारी.....

- लव कुमार सिंह




No comments:

Post a Comment